'मेरा स्वर दबाने वाला कोई माई का लाल आजतक...', Rise & Fall 2 में स्वरा भास्कर-शहजाद पूनावाला का हुआ आमना-सामना, तो शुरू हुई जुबानी जंग
Rise And Fall 2:'राइज एंड फॉल' सीजन 2 में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला आमने-सामने नजर आए. दोनों के बीच बातचीत जल्द ही तीखी नोकझोंक में बदल गई. स्वरा ने शहजाद के पॉलिटिक करियर पर कमेंट किया, तो उन्होंने भी पलटवार करते हुए एक्ट्रेस के पति फहाद अहमद की चुनावी हार का जिक्र कर दिया. वहीं स्वरा की बाकी दो अलग कंटेस्टेंट श्वेत तोमर और तेज प्रताप यादव के साथ भी अनबन होती नजर आई.
'राइज एंड फॉल' सीजन 2 शुरू होते ही अपने कंटेस्टेंट्स की नोक-झोंक और तीखी बहसों को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया है. शो में इस बार कई फेमस चेहरे नजर आ रहे हैं और शुरुआत से ही घर का माहौल काफी गर्म दिखाई दे रहा है. पहले एपिसोड में भले ही स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला के बीच ज्यादा टकराव देखने को नहीं मिला, लेकिन दूसरे एपिसोड में दोनों के बीच ऐसी जुबानी जंग छिड़ी कि मामला चर्चा में आ गया. दोनों एक-दूसरे पर तंज कसते नजर आए और बातों-बातों में एक-दूसरे के करियर तक पर टिप्पणी कर डाली. इस दौरान शहजाद ने स्वरा के पति फहद अहमद का भी जिक्र कर दिया, जिसके बाद बातचीत का रंग कुछ और ही नजर आने लगा.
शो के हालिया एपिसोड में होस्ट वीरेंद्र सहवाग ने शहजाद से पूछा कि आखिर वो स्वरा से बात क्यों नहीं कर रहे हैं. इस पर शहजाद ने अपने बेबाक अंदाज में तंज कसते हुए कहा, 'मेरी आवाज दबाने वाला कोई माई का लाल पैदा नहीं हुआ है.' शहजाद की ये बात सुनकर स्वरा जोर से हंसने लगीं. इसके बाद शहजाद ने कहा, 'मैं इग्नोर करता हूं.' दोनों के बीच चल रही ये नोक-झोंक धीरे-धीरे तीखी बातचीत में बदलने लगी. माहौल को देखते हुए लग रहा था कि दोनों एक-दूसरे की बातों का जवाब देने से पीछे हटने वाले नहीं हैं. इसी दौरान स्वरा ने भी शहजाद पर निशाना साधते हुए कहा, 'ये कोई चुनाव नहीं है.'
स्वरा ने राजनीतिक करियर पर कसा तंज
बात यहीं नहीं रुकी. स्वरा ने आगे शहजाद के राजनीतिक करियर को लेकर भी तंज कसते हुए कहा, 'इनका डूबता हुआ राजनीतिक करियर यहां से उज्ज्वल नहीं होने वाला है.' स्वरा की इस टिप्पणी के बाद शहजाद ने भी बिना देर किए पलटवार कर दिया. उन्होंने स्वरा से कहा, 'मेरे करियर की चिंता मत कीजिए. अपने पति की चिंता कीजिए.' शहजाद का ये जवाब आते ही दोनों के बीच चल रही बातचीत और ज्यादा पर्सनल होती दिखाई दी. हालांकि, स्वरा ने इस बात को आगे बढ़ाने के बजाय खुद को पीछे खींचना बेहतर समझा और कहा, 'मैं इस तरह की कीचड़-पट्टी में नहीं पड़ना चाहती.'
फहद अहमद का जिक्र क्यों आया?
शहजाद के इस बयान को स्वरा भास्कर के पति फहद अहमद से जोड़कर देखा जा रहा है. दरअसल, फहद अहमद राजनीति में एक्टिव रहे हैं और समाजवादी पार्टी के पूर्व युवा नेता भी रह चुके हैं. महाराष्ट्र की राजनीति में एक्टिव रहने वाले फहद ने साल 2024 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में मुंबई की अणुशक्ति नगर सीट से NCP (शरदचंद्र पवार) के टिकट पर चुनाव लड़ा था. इस चुनाव में फहद को हार का सामना करना पड़ा था. चुनावी राजनीति में आने से पहले भी फहद स्टूडेंट प्रोटेस्ट में एक्टिव रहे हैं.
टकराव का सिलसिल जारी
ऐसे में जब शहजाद ने स्वरा से कहा, 'मेरे करियर की चिंता मत कीजिए. अपने पति की चिंता कीजिए' तो इसे फहद के राजनीतिक करियर से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि, शो में दोनों के बीच हुई बातचीत का असली असर आने वाले एपिसोड्स में ही देखने को मिलेगा. फिलहाल 'राइज एंड फॉल 2' में स्वरा भास्कर और शहजाद पूनावाला की ये नोक-झोंक ऑडियंस के बीच चर्चा का टॉपिक बन गई है. इस सीजन में दोनों के अलावा कुल 15 कंटेस्टेंट्स ने एंट्री ली है, ऐसे में आने वाले दिनों में घर के अंदर रिश्तों, बहसों और टकराव का सिलसिला और दिलचस्प होने की उम्मीद है.