SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Bigg Boss का असली Show! घर के भीतर सियासत, बाहर करोड़ों का कारोबार; कैमरों से कॉन्ट्रैक्ट तक जानिए शो की Inside story

Bigg Boss Background Story: ‘बिग बॉस’ सिर्फ एक टीवी शो नहीं बल्कि इमोशंस और विवादों का अखाड़ा है. कैमरे के पीछे की वो बातें जो कभी स्क्रीन पर नहीं आतीं, जैसे बिग बॉस की आवाज, सख्त कानूनी शर्तें और घर के अंदर के कुछ सीक्रेट रूल्स, इमरजेंसी एग्जिट. शो के 20वें सीजन से पहले चलिए बताते हैं आपको सारी अंदरूनी बातें.

Written By Vandana Saini
Published: Sep 05, 2026, 12:57 PM IST | Updated: Sep 05, 2026, 02:21 PM IST
Image Credit: देश के लोगों का फेवरेट रियलिटी शो (AI)
Join

भारतीय टेलीविजन की दुनिया में जब भी किसी ऐसे शो की बात निकलती है, जिसने विवाद, एंटरटेनमेंट और टीआरपी के सारे रिकॉर्ड तोड़ डाले हों, तो सबसे पहला नाम ‘बिग बॉस’ का ही आता है. साल 2006 में एक बिल्कुल नए एक्सपेरिमेंट के साथ ये शो छोटे पर्दे पर उतरा था. किसी ने सोचा भी नहीं था कि बंद कमरों और लड़ाई-झगड़ों का ये फॉर्मेट इंडयिन ऑडियंस के दिलों पर इस कदर राज करेगा. आज ये सिर्फ एक टीवी शो नहीं रह गया है, बल्कि हमारे देश का एक बहुत बड़ा पॉप-कल्चर बन चुका है, जो लाखों लोगों का फेवरेट भी बन चुका है.

चाहे ड्राइंग रूम की गपशप हो, दफ्तर की लंच टेबल हो या फिर सोशल मीडिया की जंग, हर जगह बिग बॉस के ड्रामे की बातें सुनाई देती है. हर साल नए चेहरे आते हैं, नई दोस्तियां बनती हैं, पुरानी रंजिशें खुलकर सामने आती हैं और लोग हफ्तों तक टीवी स्क्रीन से चिपके रहते हैं. अब जब दर्शक ‘बिग बॉस 20’ के नए सफर पर जाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, तो ये सही वक्त है इस शो के उन पन्नों को पलटने का, जो आम तौर पर पर्दे के पीछे ही छिपे रह जाते हैं. चलिए बताते हैं ‘बिग बॉस’ की वो इनसाइड स्टोरी, जो बहुत कम लोगों को मालूम है.

नीदरलैंड्स से मुंबई तक: कहां से आया शो का आइडिया?

बहुत से लोग ये तो जानते हैं कि ‘बिग बॉस’ एक विदेशी शो से इंस्पाय है, लेकिन इसके पीछे की पूरी कहानी और भी दिलचस्प है. ये शो ओरिजनली डच रियलिटी फॉर्मेट ‘बिग ब्रदर’ का भारतीय अवतार है, जिसे 2007 में बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने जीता था. ‘बिग ब्रदर’ को जॉन डे मोल जूनियर ने तैयार किया था और इसकी पहली शुरुआत 1999 में नीदरलैंड्स में हुई थी. दिलचस्प बात ये है कि इस शो का कॉन्सेप्ट जॉर्ज ऑरवेल के फेमस नॉवेल ‘1984’ के एक फिक्शन रोल ‘बिग ब्रदर’ से लिया गया था. कहानी एक ऐसी सत्ता की थी, जो ‘बिग ब्रदर’ बनकर हर पल हर नागरिक पर अपनी पैनी नजर रखती है.

वहीं से ये आइडिया निकला कि क्यों न असल इंसानों को एक छत के नीचे रखकर उन पर 24 घंटे नजर रखी जाए. भारत में इस फॉर्मेट को 2006 में अपनाया गया और इसे नाम दिया गया ‘बिग बॉस’. शो का सबसे बुनियादी नियम बेहद सीधा और सख्त है. कुछ नामचीन या फेमस लोगों को एक आलीशान घर में पूरी दुनिया से काटकर कैद कर दिया जाता है. उनके हर सुख-दुख, प्यार, तकरार और बातचीत पर दर्जनों कैमरे नजर गड़ाए रहते हैं. इसके बाद फैसला जनता के हाथ में सौंप दिया जाता है कि वोटिंग के दम पर कौन आगे बढ़ेगा और किसे घर से बेदखल कर दिया जाएगा.

लोणावला के पहाड़ों से गोरेगांव की फिल्म सिटी तक का सफर

‘बिग बॉस’ के घर की अपनी एक अलग ही कहानी है. शुरुआत के कई सीजनों में बिग बॉस का सेट महाराष्ट्र के मशहूर हिल स्टेशन लोणावला में लगाया जाता था. वहां की ठंडी हवाओं और शांत माहौल के बीच ये घर बनाया जाता था, ताकि बाहरी दुनिया का कोई दखल न रहे. हालांकि, बाद के सालों में शूटिंग की सहूलियत, सेलिब्रिटीज के आने-जाने और टेक्निकल दिक्कतों को देखते हुए मेकर्स ने इस पूरे तामझाम को मुंबई के गोरेगांव स्थित फिल्म सिटी में शिफ्ट कर दिया.

अब पिछले कई सालों से ‘बिग बॉस’ का घर फिल्म सिटी की ही चारदीवारी के अंदर तैयार होता आ रहा है.  इस घर की खासियत ये है कि हर सीजन में इसकी थीम पूरी तरह बदल दी जाती है. कभी जंगल थीम, कभी सर्कस, तो कभी पानी के अंदर की दुनिया. जाने-माने सेट डिजाइनर शो शुरू होने से कई महीने पहले ही घर को डिजाइन करने में दिन-रात एक कर देते हैं. घर के अंदर एक बड़ा सा लिविंग रूम, बेडरूम, किचन, खूबसूरत गार्डन, जिम, स्विमिंग पूल और कैदियों जैसी जेल बनाई जाती है.

लेकिन सबसे अहम कोना होता है ‘कन्फेशन रूम’, जहां बैठकर कंटेस्टेंट अपने दिल का हाल बयां करते हैं या फिर बिग बॉस से सीधे मुखातिब होते हैं. इस घर में कोई भी कोना ऐसा नहीं होता जहां किसी की नजर न पहुंचे. रिपोर्ट्स की मानें तो नए सीजनों में 100 से भी ज्यादा कैमरे और चप्पे-चप्पे पर हाई-टेक माइक्रोफोन लगाए जाते हैं. घर का कोई भी कंटेस्टेंट फुसफुसाकर भी बात नहीं कर सकता.

वो भारी भरकम आवाज, जिसका चेहरा कभी सामने नहीं आता

‘बिग बॉस’ के घर की सबसे बड़ी मिस्ट्री वो भारी और सीरियस आवाज है, जो घर में कैद कंटेस्टेंट्स को आदेश देते हैं और फरमान सुनाते हैं. जब भी वो आवाज ‘बिग बॉस’ के घर के लाउडस्पीकर से ये आवाजा आतै है ‘बिग बॉस चाहते हैं...’, तो बड़े-से-बड़े सेलिब्रिटी के पसीने छूट जाते हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि शो में एक नहीं बल्कि दो अलग-अलग आवाजें काम करती हैं? शो के अंदर कंटेस्टेंट्स को आदेश देने वाली, उन्हें डांटने वाली और ‘बिग बॉस’ बनकर बात करने वाली आवाज जाने-माने वॉयस आर्टिस्ट अतुल कपूर की है.

अतुल कपूर ने सालों से इस आवाज के जादू को इस तरह बनाए रखा है कि वे खुद इस शो की आत्मा बन चुके हैं. वहीं दूसरी तरफ, एपिसोड की शुरुआत में पूरे दिन का हाल सुनाने वाले, रिकैप देने वाले और बैकग्राउंड में कहानी को आगे बढ़ाने वाले नैरेटर विजय विक्रम सिंह हैं. विजय विक्रम सिंह की अपनी कहानी भी किसी फिल्म से कम नहीं है. वे उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर के रहने वाले हैं. उन्होंने लंबे समय तक कॉर्पोरेट की नौकरी की, लेकिन बाद में अपनी आवाज के दम पर वॉयस ओवर इंडस्ट्री में बड़ा मुकाम बनाया.

विजय विक्रम सिंह ‘डांस इंडिया डांस’ जैसे कई बड़े टीवी इेवेंट्स में भी अपनी आवाज दे चुके हैं. बाद में उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी कदम रखा और ‘द फैमिली मैन’, ‘मिर्जापुर’ और ‘स्पेशल ऑप्स’ जैसी सुपरहिट वेब सीरीज में अपनी दमदार अदाकारी का लोहा मनवाया.

कैसे तय होता है कि कौन बनेगा घर का मेहमान?

अक्सर लोगों के मन में ये सवाल उठता है कि आखिर इतने विवादित और अलग-अलग सोच वाले लोग एक साथ शो में कैसे पहुंच जाते हैं? इसके पीछे प्रोडक्शन हाउस की एक बहुत बड़ी और माहिर कास्टिंग टीम का हाथ होता है. कास्टिंग टीम साल भर ऐसे चेहरों पर नजर रखती है, जो या तो बहुत ज्यादा मशहूर हों या फिर हाल-फिलहाल में किसी बड़े विवाद की वजह से सुर्खियों में आए हों.

टीवी के फेमस बहु-बेटे, बॉलीवुड के पुराने कलाकार, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, खिलाड़ी और इंटरनेट सनसनी से खुद मेकर्स या उनकी टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसियां संपर्क करती हैं.

कुछ सीजनों में आम जनता यानी कॉमनर्स के लिए भी ऑडिशन के दरवाजे खोले गए थे, लेकिन शो की यूएसपी हमेशा से सेलिब्रिटी ही रहे हैं. किसी को भी चुनते समय ये परखा जाता है कि उसकी कैमरा प्रेजेंस कैसी है, वो दबाव में कैसे रिएक्ट करता है और क्या वो शो को हाई वोल्टेज ड्रामा और टीआरपी देने का माद्दा रखता है या नहीं.

‘बिग बॉस’ के घर का सख्त कॉन्ट्रैक्ट 

‘बिग बॉस’ के घर में कदम रखने से पहले हर कंटेस्टेंट को एक बेहद सख्त कानूनी कॉन्ट्रैक्ट पर दस्तखत करने पड़ते हैं. ये कोई आम एग्रीमेंट नहीं होता, बल्कि इसमें ऐसी शर्तें होती हैं, जिन्हें तोड़ने पर करोड़ों का नुकसान हो सकता है. घर के अंदर जाने के बाद कंटेस्टेंट का बाहरी दुनिया से हर तरह का नाता टूट जाता है. न कोई मोबाइल फोन, न इंटरनेट, न टीवी, न रेडियो और न ही सुबह का अखबार. यहां तक कि उन्हें ये भी नहीं पता होता कि बाहर कौन सा महीना या क्या तारीख चल रही है.

समय का अंदाजा लगाने के लिए घर में कोई घड़ी तक नहीं होती. शो से जुड़ी किसी भी अंदरूनी बात को बाहर लीक करना कानूनन जुर्म माना जाता है. अगर कोई कंटेस्टेंट घर के अंदर किसी के साथ हाथापाई या हिंसा करता है, तो उसे तुरंत बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है. इतना ही नहीं, ‘बिग बॉस’ के घर का डिसिप्लिन और कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने पर भारी भरकम जुर्माना भी लगाया जा सकता है. कंटेस्टेंट्स को मीडिया से क्या और कब बात करनी है, इसके लिए भी सख्त कायदे-कानून होते हैं.

बीच में शो छोड़ना हो, तो क्या होता है?

कई बार घर के भारी टेंशन, झगड़ों और बंदिशों से तंग आकर कंटेस्टेंट्स अपना आपा खो बैठते हैं और घर से भागने या शो छोड़ने की जिद करने लगते हैं, लेकिन बिग बॉस के घर से निकलना इतना आसान नहीं है. आप अपनी मर्जी से मेन गेट खोलकर बाहर नहीं जा सकते. अगर किसी के साथ कोई बहुत बड़ी मेडिकल इमरजेंसी हो जाए या परिवार में कोई बड़ा हादसा हो, तो मेकर्स इंसानियत के नाते तुरंत एक्शन लेते हैं. ऐसे हालात में उन्हें मेन गेट से नहीं बल्कि एक सीक्रेट ‘इमरजेंसी एग्जिट’ से बाहर निकाला जाता है.

इतना ही नहीं, घर में डॉक्टरों की एक टीम 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहती है, लेकिन अगर कोई कंटेस्टेंट सिर्फ चिढ़कर या खेल से ऊबकर अपनी मर्जी से शो छोड़कर भागता है, तो इसे ‘वॉकआउट’ कहा जाता है. ऐसे मामलों में कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें लागू हो जाती हैं. उस कंटेस्टेंट की तय फीस रोक ली जाती है और कई मामलों में चैनल को हुए नुकसान की भरपाई के तौर पर भारी जुर्माना भी देना पड़ सकता है.

अरशद से सलमान तक: इन सितारों ने किया होस्ट

‘बिग बॉस’ का इतिहास होस्टिंग के लिहाज से भी काफी दिलचस्प और मजेदाग रहा है. हर दौर में शो को एक नया रंग और होस्ट मिला, लेकिन एक वक्त ऐसा भी आया जब शो और उसके होस्ट का नाम एक-दूसरे का अल्टरनेटिव बन गया.

सीजन 1: सबसे पहले सीजन की कमान अभिनेता अरशद वारसी ने संभाली थी और अपने कॉमिक अंदाज से शो को अच्छी शुरुआत दी.

सीजन 2: दूसरे सीजन में शिल्पा शेट्टी होस्ट बनकर आईं, जो खुद ब्रिटेन के ‘सेलिब्रिटी बिग ब्रदर’ की विनर रह चुकी थीं.

सीजन 3: तीसरे सीजन में बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने अपनी गंभीर और रौबदार आवाज से शो में चार चांद लगाए.

सीजन 4: साल 2010 में सलमान खान की एंट्री हुई, जिसके बाद शो का इतिहास हमेशा के लिए बदल गया.

सीजन 5: इस सीजन में सलमान खान के साथ उनके करीबी दोस्त संजय दत्त ने भी को-होस्टिंग की थी.

हल्ला बोल एक्सटेंशन: इस स्पेशल सेगमेंट को मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान ने होस्ट किया था.

सलमान खान जब से इस शो से जुड़े, ‘बिग बॉस’ की TRP आसमान छूने लगी. ‘वीकेंड का वार’ में सलमान का कंटेस्टेंट्स की क्लास लगाना, उन्हें समझाना और उनका गुस्सा देखना लोगों का सबसे पसंदीदा बन गया. आज हालत ये है कि सलमान खान के बिना ‘बिग बॉस’ की कल्पना करना भी शो के फैंस के लिए नामुमकिन सा लगता है.

जीतने वाले पर कितनी होती है पैसों की बारिश?

‘बिग बॉस’ की ट्रॉफी उठाना सिर्फ शोहरत की बात नहीं है, बल्कि इसके साथ एक मोटी इनामी रकम भी मिलती है. हालांकि, वक्त के साथ इस प्राइज मनी में कई उतार-चढ़ाव देखने को मिले हैं. शुरुआती सीजनों में ये रकम बहुत ज्यादा थी, जिसे बाद में कुछ कम किया गया. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, अक्सर फिनाले से ठीक पहले मेकर्स एक ऐसा टास्क भी रखते हैं, जहां कोई कंटेस्टेंट पैसों से भरा सूटकेस लेकर खुद शो छोड़ सकता है, जिससे फाइनल विनर की रकम घट भी जाती है. चलिए नजर डालते हैं किस सीजन में कितनी प्राइज मनी रही:

सीजन 1: ₹1 करोड़
सीजन 2: ₹1 करोड़
सीजन 3: ₹1 करोड़
सीजन 4: ₹1 करोड़
सीजन 5: ₹1 करोड़
सीजन 6: ₹50 लाख
सीजन 7: ₹50 लाख
सीजन 8: ₹50 लाख
सीजन 9: ₹50 लाख
सीजन 10: ₹40 लाख
सीजन 11: ₹44 लाख
सीजन 12: ₹30 लाख
सीजन 13: ₹40 लाख
सीजन 14: ₹36 लाख
सीजन 15: ₹40 लाख
सीजन 16: ₹31.8 लाख
सीजन 17: ₹50 लाख
सीजन 18: ₹50 लाख
सीजन 19: ₹50 लाख

डिजिटल एंट्री: ‘बिग बॉस ओटीटी’

साल 2020 में आई कोरोना महामारी के बाद देश में ओटीटी प्लेटफॉर्म्स का चलन बहुत तेजी से बढ़ा. यंग ऑडियंस टीवी छोड़कर मोबाइल स्क्रीन्स की तरफ शिफ्ट हो रही थी. इस नब्ज को पहचानते हुए मेकर्स ने साल 2021 में ‘बिग बॉस ओटीटी’ की शुरुआत की. इसका पहला सीजन वूट पर स्ट्रीम हुआ और मशहूर फिल्ममेकर करण जौहर ने इसे होस्ट किया. ओटीटी वर्जन की सबसे बड़ी खूबी थी इसका ‘24 घंटे लाइव स्ट्रीम’ यानी दर्शक सिर्फ एक घंटे का एडिटेड एपिसोड देखने के लिए मजबूर नहीं थे.

बल्कि वे दिन-रात कभी भी घर के अंदर चल रही असल एक्टिविटीज को लाइव देख सकते थे. बाद के सीजनों में सलमान खान और यहां तक कि अनिल कपूर ने भी ओटीटी वर्जन की कमान संभाली. इस डिजिटल फॉर्मेट ने यूट्यूबर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को एक बहुत बड़ा प्लेटफॉर्म दिया, जिससे मेनस्ट्रीम टीवी शो के शुरू होने से पहले ही दर्शकों का माहौल पूरी तरह सेट हो जाता है .अब तक ‘बिग बॉस ओटीटी’ के 3 सीजन आ चुके हैं. पहला सीजन दिव्या अग्रवाल ने, दूसरा एल्विश यादव और तीसरा साना मकबूल ने जीता था.

‘बिग बॉस’ के विनर्स की लिस्ट

बिग बॉस के अब तक के विरक्स की बात करें तो सीजन 1 के विनर राहुल रॉय थे. सीजन 2 आशुतोष कौशिक, सीजन 3 विंदू दारा सिंह, सीजन 4 श्वेता तिवारी, सीजन 5 जूही परमार, सीजन 6 उर्वशी ढोलकिया, सीजन 7 गौहर खान, सीजन 8 गौतम गुलाटी, सीजन 9 प्रिंस नरूला, सीजन 10 मनवीर गुर्जर, सीजन 11 शिल्पा शिंदे, सीजन 12 दीपिका कक्कड़, सीजन 13 सिद्धार्थ शुक्ला, सीजन 14 रुबीना दिलैक, सीजन 15 तेजस्वी प्रकाश, सीजन 16 एमसी स्टैन, सीजन 17 मुनव्वर फारूकी, सीजन 18 करण वीर मेहरा और और सीजन 19 के विनर गौरव खन्ना थे.

दो दशकों का सफर, अब नए सीजन की तैयारी

लगभग दो दशकों का ये सफर इस बात का गवाह है कि ‘बिग बॉस’ सिर्फ एंटरटेनमेंट का जरिया नहीं रहा, बल्कि इसने कई डूबते करियर्स को नई जिंदगी दी है और कई गुमनाम चेहरों को रातों-रात सुपरस्टार बना दिया है. छोटे पर्दे के एक्टर्स, सोशल मीडिया स्टार्स, सिंगर्स और मॉडल्स को अपनी असल शख्सियत दिखाने का इससे बड़ा मंच पूरे देश में कोई दूसरा नहीं है. यही वजह है कि जब भी किसी नए सीजन की आहट होती है, तो लोगों में यह जानने की बेचैनी बढ़ जाती है.

हर कोई ये ही जानना चाहता है कि इस बार घर का माहौल कैसा होगा और कौन-कौन से चेहरे कैद होने वाले हैं. ‘बिग बॉस 20’ भी अब अपनी उसी शानदार और विवादित विरासत को एक नए मुकाम पर ले जाने की तैयारी कर रहा है. जहां एक बार फिर सौ से ज्यादा कैमरे इंसान के असली स्वभाव, उसकी कमजोरियों, उसकी खुशियों और उसके गुस्से को पूरे हिंदुस्तान के सामने बिना किसी पर्दे के पेश करेंगे, जिसको लेकर ‘बिग बॉस’ फैंस काफी ज्यादा एक्साइटेड हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES