)
बॉलीवुड एक्टर रणवीर शौरी और पूजा भट्ट से जुड़ा करीब दो दशक पुराना विवाद एक बार फिर से खबरों में छा गया है. इसकी वजह कोई और नहीं, बल्कि एक्ट्रेस के भाई राहुल भट्ट का हालिया इंटरव्यू है, जिसमें उन्होंने उस समय हुई घटना के बारे में अपनी बात रखी. राहुल के बयान के बाद रणवीर शौरी ने भी सोशल मीडिया पर रिएक्शन दिया है और अपने पुराने दावे को दोहराया कि उन्होंने पूजा भट्ट को नहीं मारा था. उन्होंने कहा कि कुछ सच्चाई अब सामने आने से उन्हें खुशी है. राहुल भट्ट के इंटरव्यू पर रिएक्शन देते हुए रणवीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि उन्हें खुशी है कि करीब 20 साल से चल रहे कथित प्रोपेगेंड़ा और बदनामी के बाद अब सच्चाई सामने आ रही है.
उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि किसी टॉक्सिक इंसान से बचने के लिए हिंसा से अपना बचाव करना मारपीट नहीं कहा जा सकता है. रणवीर का इशारा पुराने विवाद के दौरान हुई घटनाओं की तरफ था. दरअसल सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में राहुल भट्ट ने पुराने विवाद का जिक्र करते हुए बताया कि रणवीर शौरी और पूजा भट्ट के बीच कहासुनी हुई थी. उनके मुताबिक, बहस के दौरान रणवीर ने पूजा को मारा या ऐसा कुछ हुआ, जिसके बाद वो बीच में आए.
इस विवाद का जिक्र करते हुए पूजा भट्ट के भाई राहुल भट्ट ने ये माना कि उनका रिएक्शन काफी एग्रेसिव था. उन्होंने रणवीर की कार का शीशा तोड़ने और उनकी एक पसली टूटने की बात भी कही. राहुल ने इस बातचीत में ये भी स्वीकार किया कि उन्हें उस तरह रिएक्शन नहीं देना चाहिए था. उन्होंने बताया कि उस घटना के बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ मामला भी चला. राहुल ने रणवीर की तारीफ करते हुए कहा कि मामले के निपटारे के दौरान एक्टर ने बदले की भावना नहीं रखी और आगे बढ़कर विवाद खत्म करने की पहल की. राहुल के मुताबिक, बाद में एफआईआर भी रद्द हो गई.
I’m glad over 20 years of malicious propaganda and slander has finally given way to some truth! Let me add the missing piece, so it can finally rest now: defending yourself against violence to escape someone toxic is not “hitting”! https://t.co/6ZmWnDVx8K
— Ranvir Shorey (@RanvirShorey) September 30, 2026
इस विवाद पर रणवीर पहले भी अपनी सफाई दे चुके हैं. सिद्धार्थ कन्नन के साथ पुराने इंटरव्यू में उन्होंने आरोप लगाया था कि महेश भट्ट ने उनके खिलाफ गलत बातें मीडिया में पहुंचाईं और उन्हें शराबी तथा हिंसक इंसान के तौर पर पेश किया गया. रणवीर का कहना था कि उन्होंने पूजा के साथ मारपीट नहीं की थी, बल्कि विवाद के दौरान खुद का बचाव किया था. उन्होंने ये भी दावा किया था कि राहुल भट्ट ने उन पर हमला किया था और महेश भट्ट इस घटना को रोक सकते थे. लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया.
रणवीर शौरी और पूजा भट्ट एक समय रिश्ते में थे और दोनों के बीच बाद में विवाद हो गया था. उस दौर में उनके रिश्ते और कथित झगड़े को लेकर मीडिया में कई तरह की खबरें सामने आईं. दोनों की ओर से अलग-अलग दावे किए जाते रहे, इसलिए घटना को लेकर उनकी अपनी-अपनी कहानी रही है. अब राहुल भट्ट के नए बयान और रणवीर के रिएक्शन ने करीब 20 साल पुराने मामले को फिर से खबरों में ला दिया है. फिलहाल महेश भट्ट और पूजा भट्ट की ओर से इन ताजा बयानों पर कोई रिएक्शन सामने नहीं आया है.