नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म 'रामायण' इस साल की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर यह फिल्म हिंदी के साथ-साथ इंटरनेशनल ऑडियंस के लिए इंग्लिश भाषा में भी रिलीज की जाएगी. हालांकि, सिनेमाघरों में रिलीज से कुछ हफ्ते पहले फिल्म को लेकर एक नया अपडेट सामने आया है.
रिपोर्ट में बताया ये है कि 'रामायण' का इंग्लिश वर्जन हिंदी वर्जन की तुलना में करीब 30 मिनट छोटा होगा. यानी दोनों भाषाओं में फिल्म की लंबाई एक जैसी नहीं होगी. वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, रामायण के इंग्लिश वर्शन में कोई गाना नहीं होगा. इसके अलावा, इंटरनेशनल दर्शकों के हिसाब से इसे और बेहतर बनाने के लिए इस वर्जन से कुछ सीन भी हटा दिए गए हैं.
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है, 'फिल्म में कोई गाना नहीं होगा और इंटरनेशनल दर्शकों की पसंद के हिसाब से कुछ सीन भी काटे जाएंगे. भारतीय दर्शक तो तीन घंटे से ज़्यादा लंबी और गानों वाली फिल्में देखने के आदी हैं, लेकिन ग्लोबल दर्शकों के साथ ऐसा नहीं है. इसलिए प्रोड्यूसर्स ने यह फैसला लिया.' हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि मेकर्स ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है.
इंग्लिश वर्जन होगा 30 मिनट छोटा
बताया जा रहा है कि यह फैसला सोच-समझकर लिया गया है, मेकर्स इस फ़िल्म को भारत की सबसे मशहूर महाकाव्य कहानियों में से एक के इंटरनेशनल-लेवल के अडैप्टेशन के तौर पर पेश कर रहे हैं. गाने कहानी को आगे नहीं बढ़ाते, बल्कि भारतीय दर्शकों के लिए कहानी के अनुभव को और बेहतर बनाते हैं. भारतीय भाषाओं में, इस महाकाव्य पर आधारित फ़िल्म के गाने बहुत बड़े पैमाने पर रिलीज किए जाएंगे. माना जा रहा है कि यह फिल्म इस साल की सबसे बड़ी थिएटर रिलीज में से एक होगी. बता दें कि 'रामायण: पार्ट 1' 6 नवंबर, 2026 को अमेरिका समेत दुनिया भर में रिलीज होगी. जबकि भारत में इसे 8 नवंबर को दिवाली के मौके पर रिलीज किया जाएगा.
इससे पहले एक इंटरव्यू में, रणबीर कपूर ने इस प्रोजेक्ट के पैमाने की तुलना पीटर जैक्सन की 'द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स'से की थी. उन्होंने यह भी बताया कि दो हिस्सों वाली इस कहानी में लगभग छह घंटे के शानदार विज़ुअल्स और एक्शन सीन होंगे, और कहानी में परिवार, कर्तव्य, प्यार और बुराई पर अच्छाई की जीत जैसे विषयों को दिखाया जाएगा.
'रामायण' का पहला गाना रिलीज
हाल ही में 'रामायण' का पहला गाना रिलीज़ किया गया. 'जय जय राम' नाम का यह गाना गणेश चतुर्थी के मौके पर जारी किया गया. इसमें दर्शकों को भगवान राम के रूप में रणबीर कपूर और सीता के रूप में साई पल्लवी की झलक देखने को मिलती है. एआर रहमान द्वारा कंपोज़ किए गए इस गाने में अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है. इस गाने के वीडियो में महाकाव्य के कई अहम पल दिखाए गए हैं, जिनमें राम और सीता की शादी और राम की यात्रा की झाकियां शामिल हैं.

नितेश तिवारी द्वारा निर्देशित 'रामायण' में रणबीर कपूर श्री राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे. इस फिल्म को नमित मल्होत्रा के प्राइम फ़ोकस स्टूडियोज़ ने DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. सोनी पिक्चर्स भारत के बाहर फ़िल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन का काम संभालेगी.