SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

मिथिला की धरती पर बजा Ramayana का डंका! नेपाल में तोड़ा Pushpa 2 का बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड; वर्ल्डवाइड पार किया 1704.65 करोड़ का आंकड़ा

रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. इस फिल्म ने कमाई के मामले में ‘पुष्पा 2’ और ‘बाहुबली 2’ जैसी बड़ी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. नेपाल से माता सीता के खास रिश्ते की वजह से लोग इस फिल्म को खूब प्यार दे रहे हैं. इतना ही नहीं, भारत और दुनियाभर में इस फिल्म का डंका बज रहा है.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 24, 2026, 05:39 IST | Updated: Nov 24, 2026, 06:26 IST
Image Credit: नेपाल बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ ने ‘पुष्पा 2’ का रिकॉर्ड तोड़ा (AI)
Join

नेपाल के लोगों के लिए ‘रामायण’ की कहानी सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि उनके दिल और आस्था से जुड़ी एक गहरी भावना है. नेपाल का जनकपुर शहर माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है और यहां के लोगों की पहचान भगवान राम और माता सीता के विवाह से जुड़ी हुई है. इसी खास जुड़ाव के बीच प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ा कमाल कर दिखाया है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश की इस फिल्म ने भारतीय सिनेमा की कई बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को पछाड़ते हुए नेपाल में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म का खिताब अपने नाम कर लिया है.

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘रामायण’ ने अपने तीसरे वीकेंड तक नेपाल में करीब 26.90 करोड़ नेपाली रुपये का शानदार कारोबार कर लिया है, जो भारतीय रुपये में लगभग 16.81 करोड़ रुपये बैठता है. इस जबरदस्त कमाई के साथ फिल्म ने अल्लू अर्जुन की सुपरहिट फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिसने वहां 26.46 करोड़ नेपाली रुपये कमाए थे. ये जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर पहले जिन भारतीय फिल्मों का राज चलता था, वे सभी साउथ की फिल्में ही थी, जिन्होंने छप्परफाड़ कमाई करते हुए अपना दबदबा बनाया था, लेकिन ‘रामायण’ ने इस ट्रेंड को पूरी तरह बदलते हुए नया मुकाम हासिल कर लिया है.

साउथ की बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे

इस लिस्ट में ‘पुष्पा 2’ के साथ ही ‘बाहुबली 2’, ‘केजीएफ चैप्टर 2’ और ‘आरआरआर’ जैसी बड़ी फिल्मों के नाम शामिल थे. अगर कमाई की बात करें तो प्रभास की ‘बाहुबली 2’ ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर 23 करोड़ नेपाली रुपये बटोरे थे, जबकि यश की ‘केजीएफ चैप्टर 2’ का कलेक्शन 19.80 करोड़ नेपाली रुपये रहा था. इसके अलावा राम चरण और जूनियर एनटीआर की ‘आरआरआर’ ने भी 17.12 करोड़ नेपाली रुपये की शानदार कमाई की थी. इन आंकड़ों को देखकर साफ समझ आता है कि नेपाल की ऑडियंस में साउथ की डब फिल्मों का कितना जबरदस्त क्रेज रहा है, लेकिन ‘रामायण’ ने रिलीज के साथ इन सभी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ दिया.

एक धुन के पीछे लगे 3 साल और 12 फिल्मों की कुर्बानी? 'रामायण' के म्यूजिक पर AR Rahman का खुलासा

बॉलीवुड फिल्म ने रचा नया इतिहास

इस दमदार कमाई के साथ ही फिल्म ने नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. वहां की टॉप फिल्मों की लिस्ट में अब तक सिर्फ तेलुगु और कन्नड़ सिनेमा का ही बोलबाला रहा है और कोई भी ओरिजिनल हिंदी फिल्म नंबर वन की कुर्सी तक नहीं पहुंच सकी थी. ऐसे में ‘रामायण’ पहली ऐसी बॉलीवुड मूवी बन गई है, जिसने नेपाल के ऑल-टाइम भारतीय बॉक्स ऑफिस चार्ट में टॉप पर अपनी जगह पक्की कर ली है. ये सक्सेस इसलिए भी काफी खास है, क्योंकि दूसरी फिल्मों ने ये मुकाम थिएटर्स में कई हफ्तों तक चलने के बाद हासिल किया था, जबकि नितेश तिवारी की इस फिल्म ने तीन हफ्ते से भी कम समय में ये बड़ा कमाल कर दिखाया है.

‘रामायण’ से नेपाल पुराना गहरा नाता

नेपाल में इस फिल्म को जो इतना जबरदस्त प्यार मिल रहा है, उसके पीछे सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि लोगों की गहरी आस्था और संस्कृति भी जुड़ी हुई है. नेपाल के मधेश इलाके में बसा जनकपुर शहर पुराने समय में मिथिला की राजधानी हुआ करता था, जहां राजा जनक का राज था. लोगों की ऐसी मान्यता है कि माता सीता का जन्म इसी धरती पर हुआ था और भगवान राम से शादी होने से पहले उनका पूरा बचपन यहीं बीता था. आज भी जनकपुर का शानदार जानकी मंदिर पूरे नेपाल के सबसे बड़े और खास तीर्थ स्थलों में गिना जाता है. हर दिन हजारों की गिनती में भक्त यहां दर्शन के लिए पहुंचते हैं और ‘रामायण’ से जुड़े रीति-रिवाजों को धूमधाम से मनाते हैं.

विवाह पंचमी और राम-सीता का उत्सव

इसके साथ ही माता सीता और नेपाल के बीच का ये नाता सिर्फ मंदिर की दीवारों तक ही नहीं रुका है, बल्कि ये वहां के आम लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी में रचा-बसा है. हर साल जनकपुर में ‘विवाह पंचमी’ का त्योहार बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है, जो हमें भगवान राम और माता सीता की शादी की याद दिलाता है. इस खास मौके पर पूरे शहर में शानदार शोभायात्राएं निकाली जाती हैं और पुराने रीति-रिवाजों के साथ जश्न मनाया जाता है. इस उत्सव में नेपाल के लोगों के साथ-साथ भारत से भी भारी संख्या में भक्त हिस्सा लेने पहुंचते हैं. इसके अलावा, जनकपुर दोनों देशों को आपस में जोड़ने वाले ‘रामायण टूरिज्म सर्किट’ का भी एक बहुत जरूरी हिस्सा है.

क्या 30 करोड़ का आंकड़ा पार करेगी फिल्म?

‘पुष्पा 2’ का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब ‘रामायण’ की नजर नेपाल के बॉक्स ऑफिस पर एक और नए इतिहास को रचने पर टिकी हुई है. फिल्म को 30 करोड़ नेपाली रुपये के इस खास क्लब में अपनी जगह बनाने के लिए अब केवल 3.10 करोड़ नेपाली रुपये की और कमाई करनी है. अगर ये फिल्म इस बड़े आंकड़े को छूने में कामयाब हो जाती है, तो ये नेपाल में किसी भी भारतीय फिल्म के लिए सफलता का एक नया पैमाना तय कर देगी. थिएटर में ऑडियंस की लगातार बनी हुई भीड़ और फिल्म की मजबूत पकड़ को देखते हुए ये मंजिल अब बिल्कुल भी मुश्किल नहीं लग रही. अब सारा दारोमदार इस बात पर है कि तीसरे वीकेंड ये कितनी कमाई कर पाती है.

दुनियाभर में ‘रामायण’ ने कमाए 1700 करोड़

नेपाल के साथ-साथ भारत और दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी रणबीर कपूर की ‘रामायण’ कमाई के सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है. 5 नवंबर को रिलीज हुई इस फिल्म ने अपने 19 दिनों के सफर में भारत में 955.45 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है, जबकि इंडिया ग्रॉस कमाई 1141.65 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. भाषाओं के हिसाब से देखें तो फिल्म ने सबसे ज्यादा 725 करोड़ रुपये सिर्फ हिंदी से कमाए हैं. इसके अलावा कन्नड़ से 76.15 करोड़, तेलुगु से 56.90 करोड़, मलयालम से 49.95 करोड़ और तमिल वर्जन से 47.45 करोड़ रुपये का नेट कारोबार हुआ है. 18वें दिन तक वर्ल्डवाइड 1689.50 करोड़ कमाने के बाद, 19वें दिन के भारत के ग्रॉस आंकड़ों (15.15 करोड़) को मिलाकर फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई अब 1704.65 करोड़ रुपये के पार निकल गई है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES