SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राम-रावण नहीं, इस एक्टर पर दिल हारे थाईलैंड के फैंस! Ramayana में 'इंद्र देव' की खूबसूरती के हुए कायल

फिल्म 'रामायण' में इंद्र देव के छोटे से कैमियो से बॉलीवुड एक्टर कुणाल कपूर थाईलैंड में छा गए हैं. उनके शाही अंदाज और खूबसूरती के विदेशी फैंस इस कदर दीवाने हो गए हैं कि सोशल मीडिया पर उनके लिए कविताएं लिख रहे हैं.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 13, 2026, 07:47 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 08:32 AM IST
Image Credit: 'रामायण'
Join

कई बार बड़े बजट की फिल्मों में सारी लाइमलाइट लीड हीरो या विलेन ही बटोर ले जाते हैं, लेकिन कभी-कभी एक छोटा सा किरदार भी ऐसा जादू चला देता है जिसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की होती है. बॉलीवुड एक्टर कुणाल कपूर के साथ इन दिनों कुछ ऐसा ही हो रहा है. नितेश तिवारी की मच-अवेटेड फिल्म 'रामायण' में कुणाल को भले ही बहुत ज्यादा स्क्रीन टाइम न मिला हो, लेकिन उनके छोटे से कैमियो ने सरहद पार थाईलैंड में तहलका मचा दिया है. वहां की ऑडियंस कुणाल की दमदार मौजूदगी और उनके शाही अंदाज के इस कदर दीवाने हो गए हैं कि सोशल मीडिया पर सिर्फ उन्हीं के चर्चे हो रहे हैं.

फिल्म में कुणाल कपूर देवताओं के राजा देवराज इंद्र की भूमिका में नजर आ रहे हैं. भले ही पूरी फिल्म में उनके हिस्से सिर्फ तीन सीन आए हैं, लेकिन ये तीनों ही सीन कहानी को आगे बढ़ाने में बेहद अहम हैं. सबसे पहले वो असुर राजा सुमाली को युद्ध में धूल चटाते दिखते हैं, जबकि दूसरे सीन में ब्रह्मा जी से वरदान पा चुके रावण के हाथों उन्हें हार का सामना करना पड़ता है. इसके अलावा, एक लंबे सीन में वो भगवान विष्णु से धरती पर अवतार लेकर रावण का अंत करने की प्रार्थना करते हैं. इन सबके बीच, उड़ने वाले सफेद हाथी ऐरावत पर कुणाल की ग्रैंड एंट्री ने थिएटर में बैठे हर शख्स का दिल जीत लिया है.

थाई फैंस हुए 'इंद्र देव' के फैन

इंडिया में तो कुणाल के काम की तारीफ हो ही रही है, लेकिन उनकी पॉपुलैरिटी का असली तूफान थाईलैंड में देखने को मिल रहा है. वहां के फैंस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स और इंस्टाग्राम पर फिल्म से जुड़ी उनकी तस्वीरें, स्क्रीनशॉट्स और यहां तक कि शूट की बिहाइंड-द-सीन्स फोटोज तक ढूंढ-ढूंढकर शेयर कर रहे हैं. कुणाल के लुक को लेकर थाई फैंस की दीवानगी इस हद तक बढ़ गई है कि एक फैन ने उनकी तस्वीरें पोस्ट करते हुए उनके लिए बाकायदा एक कविता लिख डाली.

फैन ने लिखा, 'उसे ढूंढ लिया! सुनहरी त्वचा वाला. उसकी सुंदरता इंद्र जैसी है, जो स्वर्ग से धरती पर उतरा है, चांद की तरह चमकता है, स्वर्ग की धरती से ऊपर, बाकी सभी इंसानों से ऊपर. थाई लोगों के सपनों का इंद्र.' थाई फैंस का प्यार यहीं नहीं रुका, बल्कि लोग कुणाल की इंस्टाग्राम पोस्ट्स पर भी मजेदार और इमोशनल कमेंट्स कर रहे हैं.

फैंस की दीवानगी

एक यूजर ने कुणाल की सेल्फी पर थाई लैंग्वेज में चुटकी लेते हुए लिखा, 'क्या उसे पता है कि उसका अच्छा दिखना एक हथियार है! जो इंद्र के वज्र जितना ही शक्तिशाली है.' वहीं, कई फैंस ऐसे भी हैं जो इस बॉलीवुड स्टार को अपनी सरजमीं पर देखने के लिए बेताब हैं. एक फैन ने प्यार भरा न्योता देते हुए लिखा, 'इंद्र की तरह चमकदार, स्वर्ग से धरती पर उतरे, चांद की तरह सुंदर. मैं विनम्रता से आपको थाईलैंड आने का न्योता देता हूं.'

कुणाल के लिए थाईलैंड दूसरा घर

अपने विदेशी फैंस के इस बेपनाह प्यार को देखकर कुणाल कपूर भी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने कई लोगों को दिल से जवाब भी दिया. एक्टर ने फैंस के कमेंट्स का रिप्लाई करते हुए एक खास राज भी खोला. कुणाल ने बताया कि उनकी बहन थाईलैंड में ही रहती हैं, जिसकी वजह से उनका वहां आना-जाना लगा रहता है और ये देश उन्हें अपने दूसरे घर जैसा लगता है. कुणाल के इस अपनापन भरे जवाब ने थाईलैंड के फैंस की खुशी को दोगुना कर दिया है.

'रामायण' के बारे में

फिल्म 'रामायण' की बात करें तो, दो भागों में बन रही इस भव्य फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. इसे नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो ने DNEG और यश के मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर प्रोड्यूस किया है. फिल्म के पहले पार्ट में रणबीर कपूर भगवान राम, साईं पल्लवी माता सीता, यश रावण और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में दर्शकों का दिल जीत रहे हैं. फिलहाल फिल्म सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है और ट्रेड एक्सपर्ट्स को पूरी उम्मीद है कि ये जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर 1,000 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES