'रामायण' देखकर हर कोई रह जाएगा दंग! रणबीर-यश की एक्टिंग ने जीता दिल, पहले रिव्यू में मिले पूरे 5 स्टार
रणबीर कपूर स्टारर फिल्म 'रामायण' को लेकर लोगों के बीच काफी बज बना हुआ है. फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है. इसी बीच फिल्म का पहला रिव्यू सामने आ गया है. मशहूर ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी समेत सभी कलाकारों की जमकर तारीफ की. इसी के साथ फिल्म को पूरे 5 स्टार भी दिए. आइए रिव्यू पर नजर डालते हैं-
बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. एडवांस बुकिंग में भी फिल्म जबरदस्त धमाल मचा रही है और छप्परफाड़ कमाई कर रही है. इसी के साथ फिल्म के प्रीमियर शुरू हो चुके हैं. बीते कुछ दिनों पहले लॉस एंजेलिस में ग्रैंड प्रीमियर किया गया था. प्रीमियर में फिल्म देखने के बाद लोगों ने उसकी जमकर तारीफ भी की है. इसी बीच फिल्म का पहला रिव्यू सामने आया है.
दरअसल, हाल ही में फिल्म क्रिटिक और ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने फिल्म 'रामायण' का पहला रिव्यू दिया है. रिव्यू देते हुए उन्होंने फिल्म को 5 में से 5 स्टार भी दिए हैं. इसी के साथ रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी समेत सभी सितारों की जमकर तारीफ भी की. रिव्यू के दौरान ट्रेड एनालिस्ट ने फिल्म की मजबूत कड़ियां भी बताईं. तो चलिए फिल्म के पहले रिव्यू पर नजर डालते हैं-
'रामायण' की तरण आदर्श ने की जमकर तारीफ
तरण आदर्श ने लिखा, 'आपने भारतीय पर्दे पर पहले कभी इतना भव्य कुछ नहीं देखा होगा. पैमाना, विजुअल्स, भावनाएं और आत्मा, रामायण में यह सब है. इसे देखने के बाद आपको सच में एक बेहद शानदार सिनेमाई अनुभव मिलेगा. क्या रामायण उस कालजयी महाकाव्य के साथ न्याय करती है, जो करोड़ों लोगों के दिलों में एक खास जगह रखता है? इसका जवाब बिल्कुल हां है. निर्देशक नितेश तिवारी ने एक ऐसा शानदार सिनेमाई अनुभव पेश किया है, जो भारतीय संस्कृति की महिमा और बुराई पर अच्छाई की शाश्वत जीत का जश्न मनाता है. बेहतरीन पटकथा और दिलचस्प कहानी आपको शुरू से अंत तक बांधे रखती है. आप न केवल इसके अद्भुत दृश्यों और विशाल पैमाने से मंत्रमुग्ध हो जाते हैं, बल्कि फिल्म की आत्मा से भी जुड़ जाते हैं. यही भावनात्मक और आध्यात्मिक जुड़ाव #रामायण को सबसे अलग बनाता है.'
यह भी पढ़ें- कॉलेज में टीचर ने खींची एक तस्वीर और बदल गई ऐश्वर्या राय की किस्मत, ऐसे बनीं मिस वर्ल्ड
'रामायण में कई बेहतरीन सीन'
उन्होंने आगे लिखा, 'रामायण में कई बेहतरीन सीन हैं, जो भव्य दृश्यों को भक्ति, ड्रामा और दिल छू लेने वाले पलों के साथ जोड़ते हैं, वो भी बिना स्पॉइलर के. शुरुआत में ब्रह्मा और रावण के बीच का सीन, जिसके बाद रावण का लंका पर अपना दावा जताना. दूसरा, भगवान राम और राक्षसों के बीच जंगल में हुई लड़ाई. तीसरा, सीता स्वयंवर. चौथा, इंटरवल से पहले का बेहद भावुक हिस्सा, जिसमें राजा दशरथ, कैकेयी और भगवान राम शामिल हैं. पांचवां, रावण और उसके बहनोई विद्युतजीव के बीच का एक्शन सीक्वेंस. छठा, शूर्पणखा वाला प्रसंग. सातवां, पुष्पक विमान पर रावण और जटायु के बीच की लड़ाई.'
उन्होंने आगे लिखा, 'एआर रहमान द्वारा रचित गाने कहानी में बहुत ही खूबसूरती से पिरोए गए हैं, जो फिल्म के मूड और भावनात्मक माहौल को और बेहतर बनाते हैं. हंस जिमर और एआर रहमान का बैकग्राउंड स्कोर शानदार है. यह ड्रामा को बढ़ाता है, भावनाओं के असर को गहरा करता है और कहानी को एक भव्य और विशाल रूप देता है. ऑस्कर विजेता विजुअल इफेक्ट्स कंपनी DNEG अपने बेहतरीन काम के लिए विशेष तारीफ की हकदार है. उन्होंने एक नया मानक स्थापित किया है और भारतीय स्क्रीन पर अब तक के सबसे अद्भुत विजुअल अनुभवों में से एक पेश किया है.'
कलाकारों की एक्टिंग की जमकर की तारीफ
पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा, 'फिल्म के एक्शन सीक्वेंस भी तारीफ के काबिल हैं, जिनमें बड़े पैमाने, तेजी और शानदार दृश्यों का बेहतरीन मेल देखने को मिलता है. इसका प्रोडक्शन डिजाइन भी उतना ही प्रभावशाली है, जो एक ऐसी दुनिया बनाता है जो विश्व सिनेमा के बेहतरीन स्तर के बराबर खड़ी होती है. रणबीर कपूर ने कमाल का अभिनय किया है. उन्होंने अपने किरदार को शालीनता, गरिमा और एक शांत मजबूती के साथ पेश किया है. उनका संयमित अंदाज, भावपूर्ण आंखें और स्क्रीन पर उनकी सहज मौजूदगी उनके किरदार को एक दिव्य रूप देती है. साई पल्लवी ने अपने किरदार में गरिमा और मजबूती भरी है, जबकि उनके स्वाभाविक अभिनय ने भावुक पलों में कोमलता और आत्मीयता का रंग भर दिया है. यश शानदार फॉर्म में हैं. स्क्रीन पर उनकी दमदार मौजूदगी और जबरदस्त तीव्रता उन्हें एक ताकतवर इंसान के रूप में पेश करती है, जो विलेन के उस बड़े और प्रभावशाली व्यक्तित्व को पूरी तरह से जीवंत कर देती है, जिसकी इस किरदार को जरूरत थी. रवि दुबे बेहतरीन हैं. उन्होंने अपने किरदार को बहुत ही ईमानदारी और विश्वास के साथ निभाया है. उनके सच्चे अभिनय ने इस किरदार को दिलचस्प और प्यारा बना दिया है. रकुल प्रीत का काम बेहतरीन है. उन्होंने ऐसा अभिनय किया है, जो निश्चित रूप से दर्शकों पर गहरा प्रभाव छोड़ेगा.'
'फिल्म के लिए अरुण गोविल का चयन एकदम सही'
आगे लिखा, 'रामायण के पहले भाग में सनी देओल की मौजूदगी को लेकर काफी कुछ कहा और लिखा गया है. मैं यहां कुछ भी उजागर नहीं करूंगा, बस फिल्म देखिए. अरुण गोविल का चयन एकदम सही है. काफी समय बाद उन्हें बड़े पर्दे पर देखना बहुत अच्छा लगा. शोभना बेहतरीन हैं... लारा दत्ता शानदार हैं. विवेक ओबेरॉय ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. शीबा चड्ढा का काम असरदार है. अजिंक्य देव ने दमदार काम किया है.'
यह भी पढ़ें- शाहरुख की 'किंग' की किस हीरोइन के पास है सबसे ज्यादा दौलत? नेटवर्थ में दीपिका ने करीना को छोड़ा पीछे
साल 2028 में रिलीज होगा दूसरा पार्ट!
उन्होंने आखिर में लिखा, 'अंतिम राय? रामायण सिर्फ एक फिल्म नहीं है. यह एक 'अनुभव' है, एक ऐसी फिल्म जिस पर भारत को गर्व है. यह सिनेमा की एक अद्भुत उपलब्धि है, जो निश्चित रूप से दुनिया भर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर देगी. इसे जितना हो सके, सबसे बड़ी स्क्रीन पर देखें. नमित मल्होत्रा विशेष तारीफ के हकदार हैं, जिन्होंने एक ऐसी फिल्म को सपोर्ट किया, जो स्केल, भव्य दृश्यों और तकनीकी उत्कृष्टता के मामले में अंतरराष्ट्रीय मानकों के बराबर है. अब रामायण के दूसरे भाग का बेसब्री से इंतजार है, जो दीवाली 2028 में आएगा.'