ओपनिंग डे पर ही 100 करोड़ पार कर जाएगी 'रामायण'? रणबीर कपूर की फिल्म को लेकर अनुमान; बॉक्स ऑफिस पर बनेगा रिकॉर्ड!
रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' को लेकर बॉक्स ऑफिस पर बड़ी ओपनिंग की उम्मीद जताई जा रही है. शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, फिल्म पहले दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है. अगर ऐसा हुआ तो यह एक नया रिकॉर्ड बना सकती है.
नितेश तिवारी की फिल्म 'रामायण' ने गुरुवार को रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत की है. देश के साथ-साथ दुनियाभर में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. हालांकि, ट्रेड एक्सपर्ट्स ने पहले ही इसकी दमदार ओपनिंग का अनुमान लगाया था. ऐसे में अब सबकी नजरें बॉक्स ऑफिस रिपोर्ट पर है. रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आ रहे हैं. गुरुवार को शाम 6 बजे तक फिल्म ने देश में सभी भाषाओं को मिलाकर 54.83 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया है. जबकि इसका नेट कलेक्शन 46.47 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है.
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक हुई 46.47 करोड़ रुपये (नेट) की कुल कमाई में से सबसे बड़ा हिस्सा हिंदी वर्जन से आया है, जिसने 15,651 शोज के जरिए 33.89 करोड़ रुपये कमाए हैं. KGF स्टार यश के होने की वजह से कन्नड़ डब वर्जन ने 936 शोज से 5.37 करोड़ रुपये का योगदान दिया है.
'रामायण' का ओपनिंग डे बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
हालांकि, तेलुगु डब वर्जन के शोज की संख्या ज्यादा (1,352) थी, फिर भी इसने कन्नड़ वर्जन से कम यानी 4.41 करोड़ रुपये की कमाई की. इसके बाद तमिल डब वर्जन का नंबर है, जिसने 740 शोज से 1.82 करोड़ रुपये कमाए. वहीं, सैकनिल्क के मुताबिक, मलयालम डब वर्जन का कलेक्शन सबसे कम 420 शोज से 98 लाख रुपये की कमाई की.
हालांकि, IMAX 3D, डॉल्बी (Dolby) और 4DX जैसे प्रीमियम फॉर्मेट्स कुल स्क्रीन्स का सिर्फ 1 प्रतिशत ही हैं, लेकिन अब तक हुई कुल कमाई में इनका योगदान लगभग 12% रहा है. इससे पता चलता है कि जो दर्शक 'रामायण' का मजा सबसे बड़ी स्क्रीन पर लेना चाहते हैं, उनके लिए टिकट की कीमतें कोई बड़ी चिंता का विषय नहीं हैं.
दशहरे के मौके पर 20 अक्टूबर को 'रामायण' की एडवांस बुकिंग शुरू होने के बाद से ही टिकटों की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी देखी गई है. फिल्म की रिलीज से पहले एडवांस बुकिंग विंडो पर कुल 12 लाख टिकट बिके, जिनसे 50.08 करोड़ रुपये की कमाई हुई. ब्लॉक बुकिंग को हटा देने के बाद यह आंकड़ा 42.96 करोड़ रुपये रह गया.
इस तरह इसने शाहरुख खान की स्टारर एटली की 2023 की ब्लॉकबस्टर एक्शन थ्रिलर 'जवान' का रिकॉर्ड तोड़ दिया और अब तक की दूसरी सबसे बड़ी एडवांस बुकिंग हासिल कर ली. यह फिल्म केवल आदित्य धर की स्पाई थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' से पीछे है. रणवीर सिंह स्टारर वह फिल्म इस साल की शुरुआत में रिलीज हुई थी, जिसमें ब्लॉक सीटों को छोड़कर 14.08 लाख टिकटों की बिक्री से 52.35 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हुई थी.
रामायण के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस का अनुमान
हालांकि, ये आंकड़ें दिन के केवल पहले हिस्से के हैं. शाम और रात के शो की कमाई के आंकड़ें अभी आने बाकी हैं. हालांकि, गुरुवार को कोई छुट्टी नहीं थी, इसलिए बाद के शो में दर्शकों की संख्या बढ़ने की संभावना है. शाम और रात के शो के टिकट भी महंगे हैं. इनमें सबसे ज्यादा कीमत मुंबई के लोअर परेल स्थित PVR ICON: फीनिक्स पैलेडियम में IMAX 3D शो के लिए है, जो 3,000 रुपये से भी ज्यादा है.
ऐसे में मौजूदा रुझानों को देखते हुए उम्मीद है कि 'रामायण' घरेलू बॉक्स ऑफिस पर हिंदी में 60 से 70 करोड़ रुपये (नेट) और सभी भाषाओं को मिलाकर कुल 100 करोड़ रुपये की ओपनिंग करेगी. वहीं, उत्तरी अमेरिका समेत विदेशी बाजारों से पहले दिन लगभग 60 करोड़ रुपये की कमाई होने की संभावना है. इस तरह पहले दिन के लिए फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई का अनुमान लगभग 160 करोड़ रुपये है.
बता दें कि फिल्म 'रामायण' को विदेशों में सोनी पिक्चर्स इंटरनेशनल रिलीज करेगी. वहीं, उत्तर भारत में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस संभालेगी. इसमें रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा, अनुपम खेर जटायु, अरुण गोविल दशरथ, रवि दुबे लक्ष्मण, लारा दत्ता कैकेयी, शीबा चड्ढा मंथरा और कुणाल कपूर इंद्र के किरदार में नजर आएंगे. फिल्म का म्यूजिक एआर रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है. यह किसी भारतीय फिल्म में हंस जिमर का पहला काम है.