Ramayana को बॉक्स ऑफिस पर 20 दिन पूरे! मंगलवार को रणबीर कपूर की फिल्म ने की रिकॉर्डतोड़ कमाई; भारत में 1000 करोड़ से है बस इतनी दूर
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ की आंधी सिनेमाघरों में थमने का नाम नहीं ले रही. महज 20 दिनों में इस फिल्म ने ऐसा करिश्मा कर दिखाया है, जिससे बॉक्स ऑफिस के पुराने सारे समीकरण बदल गए हैं. अब इस फिल्म की नजर भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े रिकॉर्ड पर टिकी है.
डायरेक्टर नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ को सिनेमाघरों में रिलीज हुए पूरे 20 दिन हो गए हैं. 5 नवंबर को बड़े पर्दे पर आई इस फिल्म को लेकर लोगों के बीच पहले दिन से ही जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. करीब 9 साल की लंबी मेहनत के बाद बनी इस बड़ी फिल्म को दो पार्ट में तैयार किया जा रहा है. फिल्म के आने से पहले हर जगह बस यही बात चल रही थी कि क्या मेकर्स का इतना बड़ा दांव कामयाब हो पाएगा, लेकिन थिएटर्स में फिल्म की शानदार कहानी और इसके ग्रैंड विजुअल्स ने पब्लिक का दिल जीत लिया है और आज भी शोज हाउसफुल जा रहे हैं.
इस बड़े बजट की फिल्म को तैयार करने में मेकर्स ने दिल खोलकर पैसा खर्च किया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो फिल्म के दोनों पार्ट्स का टोटल बजट करीब 4000 करोड़ है. इतने बड़े बजट को सुनकर फिल्म की रिलीज से पहले ही हर तरफ तरह-तरह की बातें होने लगी थीं. फिल्म जानकारों के बीच भी यही चर्चा चल रही थी कि आखिर इतनी महंगी फिल्म अपनी कमाई कैसे पूरी कर पाएगी, लेकिन फिल्म के पहले ही पार्ट ने अपने दमदार अंदाज से सवाल उठाने वाले सभी लोगों को चुप करा दिया है. इस फिल्म ने 20 दिनों के अंदर लोगों के दिलों में अपनी अलग जगह बना ली.
विदेशों में बजा ‘रामायण’ का डंका
दर्शक इसे थिएटर में बार-बार देखने पहुंच रहे हैं. फिल्म के पहले पार्ट ने दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर अपनी शानदार सक्सेस का परचम लहरा दिया है. तीन हफ्ते पूरे होने से पहले ही इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1700 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है. ये कमाई इस फिल्म पर भी की गई सालों की मेहनत का जीता-जागता सबूत है, जिस तरह से विदेशों में भी इस फिल्म को प्यार मिल रहा है, उसे देखकर यही लग रहा है कि फिल्म जल्द ही कई नए रिकॉर्ड बनाएगी. दुनियाभर के सिनेमाघरों में इसकी धूम मची हुई है और ये बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने की तैयारी में है.
20वें दिन कमाई में आया जबरदस्त उछाल
घरेलू बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म का जादू लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है. वीकेंड पर ताबड़तोड़ कमाई करने के बाद सोमवार को फिल्म की रफ्तार में थोड़ी गिरावट जरूर आई थी, लेकिन मंगलवार को यानी अपनी रिलीज के 20वें दिन फिल्म ने एक बार फिर जबरदस्त वापसी करते हुए कमाई में तगड़ा उछाल मारा है. सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म ने मंगलवार को देशभर के 14,596 शोज से 15.41 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन अपने नाम किया है. वहीं, अगर इस दिन के ग्रॉस कलेक्शन की बात करें तो फिल्म ने कुल 18.18 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया है.
1000 करोड़ के बेहद करीब पहुंची फिल्म
सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ये अभी शुरुआती आंकड़े हैं और फाइनल आंकड़े आने पर इनमें और भी बढ़ोतरी हो सकती है. 20वें दिन की शानदार कमाई को जोड़ने के बाद घरेलू बॉक्स ऑफिस पर ‘रामायण’ का कुल नेट कलेक्शन अब 970.86 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसके साथ ही फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन भी 1,159.83 करोड़ रुपये हो गया है, जिस रफ्तार से ये फिल्म कमाई की राह पर आगे बढ़ रही है, उसे देखकर ये कहना गलत नहीं होगा कि अगले कुछ ही दिनों में ये फिल्म घरेलू बाजार में 1000 करोड़ रुपये के जादुई आंकड़े को भी आसानी से पार कर लेगी.
‘धुरंधर 2’ का रिकॉर्ड तोड़ने पर टिकी नजर
शानदार कमाई के दम पर नितेश तिवारी की ‘रामायण’ अब भारतीय सिनेमा की दूसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. फिलहाल इस लिस्ट में सबसे ऊपर रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर 2’ का नाम दर्ज है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 1108.09 करोड़ रुपये का लाइफटाइम नेट कलेक्शन किया था. अब ‘रामायण’ इस रिकॉर्ड को तोड़ने से महज कुछ ही कदम दूर है, जिस तरह से फिल्म को लोगों का प्यार मिल रहा है, उससे पूरी उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में रणबीर कपूर की फिल्म, रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़कर नंबर एक की कुर्सी पर कब्जा कर लेगी.