)
रामानंद सागर के टीवी शो ‘रामायण’ में लक्ष्मण का किरदार निभाकर घर-घर में अपनी दमदार पहचान बनाने वाले सुनील लहरी अक्सर अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं. वे सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं और हपर जरूरी मुद्दे पर अपनी बात रखने से भी हिचकिचाते. आज जब नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण: पार्ट 1’ दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और फिल्म को सोशल मीडिया पर लोगों के पॉजिटिव रिएक्शन मिल रहे हैं. इस बीच सुनील लहरी ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने अभी तक पूरी फिल्म नहीं देखी है, लेकिन उन्हें डायरेक्टर नितेश तिवारी की समझ और उनकी पूरी टीम के काम पर पूरा भरोसा है.
उनका मानना है कि मेकर्स ने ऑडियंस के लिए एक बेहतरीन और असरदार फिल्म बनाई है. सुनील लहरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वे इस फिल्म को लेकर अपने मन की बात करते नजर आ रहे हैं. उन्होंने बताया कि फिल्म के ट्रेलर में उन्होंने जो म्यूजिक सुना, उससे उन्हें थोड़ी निराशा हुई. संगीत के महत्व पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी बड़ी कहानी में गाने और धुनें उसकी रीढ़ की हड्डी की तरह काम करती हैं. उनके मुताबिक, ट्रेलर में सुने गए कुछ गानों ने उनको निराश किया. उन्हें लगा कि गानों में जिस तरह का असर और ठहराव होना चाहिए था, वो कहीं न कहीं उनको मिसिंग नजर आए.
सुनील लहरी का मानना है कि ‘रामायण’ की असली पहचान अयोध्या और मिथिला से जुड़ी है. इसलिए इस नई फिल्म के गानों में वहां की मिट्टी, पुरानी परंपरा और देसी लोक संगीत की खुशबू आनी चाहिए थी, जो उन्हें इसमें बिल्कुल सुनाई नहीं दी. साथ ही उन्होंने साफ कहा कि वे म्यूजिक के कोई बहुत बड़े उस्ताद नहीं हैं, बल्कि एक आम इंसान और एक ऑडियंस की हैसियत से अपनी राय रख रहे हैं. उनका सोचना बस इतना था कि गाने बजते ही लोगों के दिल में उन पवित्र जगहों का अपनापन उतर जाना चाहिए था, ताकि ऑडियंस खुद को उस पावन माहौल से सीधा जुड़ा हुआ महसूस कर सकें.
वीडियो में सुनील लहरी ने फिल्म के सुपरहिट होने की दिल से दुआ मांगी. उन्होंने काफी इमोशनल होकर कहा कि इतने भारी बजट पर तैयार हुई इस फिल्म का सिनेमाघरों में चलना बहुत जरूरी है. उनका कहना था कि ऐसी किसी भी फिल्म के साथ सिर्फ लीड स्टार्स ही नहीं, बल्कि परदे के पीछे दिन-रात मेहनत करने वाले हजारों छोटे कलाकारों और बाकी कामगारों के घर का खर्च भी बंधा होता है. अगर लोग थिएटर में जाकर टिकट खरीदेंगे, तो इससे फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले अनगिनत परिवारों को बहुत सहारा मिलेगा. उनकामानना है कि जब भी कोई टीम पूरी लगन से इतना काम करे, तो जनता को भी आगे आकर अपना ‘पूरा प्यार’ और समर्थन देना चाहिए.
इस फिल्म के म्यूजिक को लेकर सबसे खास बात ये है कि दुनिया के दो सबसे बड़े महारथी इसमें एक साथ आए हैं. पहली बार हॉलीवुड के ऑस्कर विनर हंस जिमर और हमारे अपने लेजेंडरी संगीतकार एआर रहमान ने मिलकर फिल्म के गाने और बैकग्राउंड स्कोर तैयार किए हैं. दुनियाभर के दर्शक काफी समय से इन दोनों दिग्गजों को एक साथ काम करते देखने का इंतजार कर रहे थे. ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही हर तरफ इस म्यूजिक की खूब चर्चा हो रही है. सोशल मीडिया पर लोग इसे बेहद ग्रैंड और कमाल का बता रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग सुनील लहरी की कही बात का भी समर्थन कर रहे हैं.
साथ ही सुनील लहरी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक और वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो नए लक्ष्मण बने रवि दुबे की खुलकर तारीफ करते दिख रहे हैं. उन्होंने अपने पुराने रोल और रवि के नए लुक की तुलना करते हुए कहा कि लक्ष्मण के किरदार में जो गुस्सा, ठहराव, भोलापन और सच्चाई दिखनी चाहिए, वो सब रवि के चेहरे पर साफ नजर आ रहा है. सुनील ने रवि दुबे और उनकी पूरी टीम को दिल से बधाई दी और आगे के लिए शुभकामनाएं भी भेजीं. पुराने और नए लक्ष्मण की ये खूबसूरत बॉन्डिंग लोगों को बहुत पसंद आ रही है और उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है