App

'राम के रूप में रणबीर को स्वीकार नहीं कर सकता', रामानंद सागर के पोते ने कास्टिंग पर उठाए सवाल

'रामायण: पार्ट 1' की रिलीज होने को तैयार है. नितेश तिवारी की इस फिल्म के ट्रेलर को अच्छा रिस्पॉन्स मिला, लेकिन ‘आदिपुरुष’ की नाकामी के बाद दर्शकों में उत्सुकता के साथ थोड़ी चिंता भी है कि फिल्म रामायण के साथ कितना न्याय कर पाएगी. इसी बीच रमानंद सागर के पोते ने इसकी कास्टिंग पर सवाल उठाए हैं.

'राम के रूप में रणबीर को स्वीकार नहीं कर सकता', रामानंद सागर के पोते ने कास्टिंग पर उठाए सवाल

नितेश तिवारी की मच अवेटेड माइथोलॉजिकल फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' दुनियाभर में रिलीज को तैयार है.  बीते दिनों रिलीज हुआ फिल्म के ट्रेलर को खूब पसंद किया गया. हालांकि, कुछ दर्शकों ने इसकी आलोचना भी की. दरअसल, दर्शक इस फिल्म की तुलना साल 2023 में रिलीज हुई मूवी 'आदिपुरुष' से करने लगे, जो भगवान राम की कहानी पर आधारित थी, लेकिन इसे दर्शकों और समीक्षकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली थी. अब ‘रामायण: पार्ट 1’ के सामने सबसे बड़ी चुनौती यही है कि यह फिल्म दर्शकों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरती है. फिल्म की कहानी, किरदारों और विजुअल्स को लेकर पहले से ही काफी चर्चा है. ऐसे में फैंस यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि नितेश तिवारी की फिल्म भारतीय महाकाव्य ‘रामायण’ को बड़े पर्दे पर किस अंदाज में पेश करती है.

इसी बीच मशहूर फिल्ममेकर रामानंद सागर के पोते शिव सागर रणबीर के इस रोल के लिए चुने जाने से पूरी तरह खुश नहीं हैं. उन्होंने हाल ही में कहा कि उनके लिए रणबीर को राम के तौर पर स्वीकार करना मुश्किल है. उनका मानना है कि एक्टर ने पहले जो रोल किए हैं. खासकर डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' (2023) में उनका रोल, उसकी वजह से ऐसा लगता है.

राम के रोल में रणबीर कपूर से खुश नहीं हैं शिव सागर

प्रोड्यूसर-डायरेक्टर शिव सागर ने कहा कि इस रोल के लिए कोई नया चेहरा बेहतर रहता, क्योंकि रणबीर कपूर के साथ बहुत सारी पिछली इमेज जुड़ी हुई हैं. उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, 'उस एक कास्टिंग को छोड़कर मुझे बाकी कास्टिंग बहुत पसंद है. पर्सनली, मैं रणबीर कपूर को राम के रोल में स्वीकार नहीं कर सकता क्योंकि... 'एनिमल' के बाद, मैं उन्हें राम के रूप में नहीं देख सकता. जब मैं राम जी के बारे में सोच हूं, तो मुझे लगता है कि किसी नए चेहरे को चुना जाना चाहिए था.'

शिव सागर ने आगे कहा, 'आप बहुत अच्छे सपोर्टिंग एक्टर्स ले सकते हैं, जैसे यश और साई पल्लवी बहुत अच्छे लग रहे हैं. उन पर कोई 'बैगेज' (पुरानी इमेज का बोझ) नहीं है. रणबीर पर बहुत ज़्यादा बैगेज है. इसीलिए हम आम तौर पर अपने सीरियल में नए चेहरों को लेते हैं, ताकि उन पर कोई बैगेज या पुरानी हिस्ट्री न हो.' 

हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि रणबीर के साथ उनकी कोई पर्सनल समस्या नहीं है और माना कि वह एक बेहतरीन कलाकार हैं. उन्होंने कहा, 'हमने रणबीर को अलग-अलग किरदारों में देखा है. वह बहुत अच्छे एक्टर हैं. निजी तौर पर, मुझे उनसे कोई दिक्कत नहीं है. मुझे लगता है कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट के लिए उन्हें इसलिए लिया होगा क्योंकि उन्हें मार्केटिंग के लिए बढ़ावा चाहिए था और शायद अगर वे रणबीर को नहीं लेते, तो फिल्म की मार्केटिंग इतनी अच्छी तरह से नहीं हो पाती. तो यह भी सोचने वाली बात है. लेकिन मेरा निजी तौर पर मानना ​​है कि ऐसे किरदारों के लिए नए चेहरे को लेना बेहतर होता है.'

यह माइथोलॉजी नहीं है: शिव सागर 

उन्होंने आगे कहा, 'क्योंकि रामायण के बाद क्या उन्हें 'एनिमल' जैसी फिल्म में फिर से स्वीकार किया जाएगा? खासकर जब बात राम जी और रामायण की आती है, तो लोग थोड़े ज़्यादा संवेदनशील और इमोशनल हो जाते हैं, और यह माइथोलॉजी नहीं है. पश्चिम में हम इसे माइथोलॉजी कहते हैं. भारत में भी इसे माइथोलॉजी ही कहा जाता है. लेकिन यह हमारा इतिहास है. लोग रोज उनकी पूजा करते हैं. वे (राम) हमारा इतिहास हैं.' हालांकि, शिव सागर ने कहा, 'असल में जनता ही राजा है और जनता जो कहेगी, वही आखिरी फैसला होगा. मुझे कुछ हिस्सों की कास्टिंग और कॉस्ट्यूम पसंद नहीं आए. उन्हें और बेहतर किया जा सकता था.'

जानें नितेश तिवारी की ‘रामायण’ अब तक कब-कब हुई ट्रोल?

बता दें कि अब तक फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर कई बार सवाल भी उठे हैं. इसमें कभी रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में कास्ट किए जाने पर, तो कभी सेट से तस्वीरें लीक होने के बाद कलाकारों के लुक पर लोगों ने अपनी राय दी. इसके अलावा ट्रेलर आने के बाद भी कॉस्ट्यूम और विजुअल्स को लेकर भी ट्रोल किया गया.

रणबीर कपूर को राम बनाने पर शुरुआत से उठे सवाल

सबसे पहले फिल्म में रणबीर कपूर की कास्टिंग को लेकर सवाल उठाए गए.  इसकी एक वजह यह भी रही कि उनकी पिछली फिल्म 'एनिमल' में उनका रोल काफी हिंसक और आक्रामक था. ऐसे में सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने ये कहा कि रणबीर को राम जैसे मर्यादा पुरुषोत्तम के किरदार में स्वीकार करना काफी मुश्किल होगा.

साई पल्लवी के 'सीता लुक' पर भी हुई बहस

रणबीर के अलावा साई पल्लवी के लुक पर भी सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हुई. कई यूजर्स ने उनके लुक और कॉस्ट्यूम की तारीफ की, तो कई यूजर्स को यह पारंपरिक सीता से अलग लगा. यहां भी दो तरह की राय देखने को मिली. एक तरफ दर्शकों ने साई पल्लवी की सादगी और स्क्रीन प्रेजेंस की तारीफ की, वहीं दूसरी तरफ कुछ लोगों ने सवाल उठाया कि फिल्म में पौराणिक पात्रों को कितना पारंपरिक रखा गया है.  यहां तक कि रामानंद सागर की रामायण में सीता का किरदार निभा चुकी दीपिका चिखलिया ने एक्ट्रेस के बालों के टेक्सचर को लेकर भी सवाल खड़े किए थे.

ट्रेलर के बाद 'रामायण' के मॉडर्न कॉस्ट्यूम पर ट्रोलिंग

ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म की सबसे बड़ी आलोचनाओं में से एक स्टार्स के कॉस्ट्यूम डिजाइन को लेकर सामने आई. कुछ दर्शकों को फिल्म के कपड़े बहुत मॉडर्न लगे. इसमें लारा दत्ता के कैकेयी वाले लुक और साई पल्लवी के सीता वाले कॉस्ट्यूम को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठे. कुछ यूजर्स ने तर्क दिया कि कहानी त्रेता युग की है, इसलिए किरदारों के कपड़े और उनकी स्टाइलिंग भी उसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संदर्भ के अनुरूप दिखनी चाहिए.

ट्रेलर के विजुअल्स और CGI पर भी उठे सवाल

इतने भारी-भरकम बजट और इंटरनेशनल टेक्निकल टीम के साथ बनाई जा रही फिल्म से दर्शकों की उम्मीदें भी बहुत ज्यादा हैं. लेकिन, फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद जहां फिल्म के भव्य विजुअल्स की तारीफ हुई, वहीं कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने CGI और विजुअल इफेक्ट्स को लेकर भी अपनी आपत्ति जताई. कई यूजर्स ने सवाल किया कि क्या इतने बड़े प्रोजेक्ट में VFX उस स्तर के हैं, जिसकी उम्मीद की जा रही थी.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

 

'रामायण' को लेकर आखिर इतनी ट्रोलिंग क्यों?

दरअसल, यहां सिर्फ एक फिल्म की बात नहीं है, 'रामायण' भारतीय दर्शकों के लिए बेहद संवेदनशील और इमोशनल विषय है. इसलिए जब इसे बड़े पर्दे पर नए कलाकारों और आधुनिक विजुअल ट्रीटमेंट के साथ पेश किया जाता है, तो दर्शक इसकी तुलना पहले से बनी छवियों और प्रस्तुतियों से करने लगते हैं. रणबीर के मामले में उनकी पिछली फिल्मों की इमेज, साई पल्लवी के मामले में सीता के पारंपरिक चित्रण और कॉस्ट्यूम के मामले में ऐतिहासिक प्रामाणिकता जैसे सवाल सामने आए. वहीं ‘आदिपुरुष’ की आलोचना के बाद दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं. 

फिल्म 'रामायण' के बारे में

नमित मल्होत्रा ​​और यश द्वारा मिलकर प्रोड्यूस की जा रही 'रामायण' का म्यूजिक ऑस्कर विजेता कंपोजर हंस जिमर और एआर रहमान ने तैयार किया है. फिल्म में यश रावण के रोल में, साई पल्लवी सीता के रोल में, रवि दुबे लक्ष्मण के रोल में और सनी देओल हनुमान के रोल में नजर आएंगे. इस दो-पार्ट वाली फिल्म का पहला पार्ट इसी साल नवंबर में दिवाली के मौके पर रिलीज होगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More