SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बचपन में खूब फोड़े पटाखे, अब क्यों रकुल प्रीत ने बना ली इनसे दूरी? बोलीं- 'रामायण' खोलेगी ग्लोबल रास्ते

बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह ने जैकी भगनानी के साथ दिवाली की परंपराओं, परिवार के साथ जश्न, त्योहार के खान-पान और मौज-मस्ती व फिटनेस के बीच संतुलन बनाए रखने के बारे में खुलकर बात की. इसी के साथ बताया कि 'रामायण' भारतीय सिनेमा की तस्वीर बदल सकती है और फिल्म उनके लिए ग्लोबल रास्ते खोलेगी.

Written By Kajol Gupta
Published: Nov 09, 2026, 06:12 AM IST | Updated: Nov 09, 2026, 06:18 AM IST
Image Credit: रकुल प्रीत सिंह
Join

बॉलीवुड एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह के लिए रोशनी का त्योहार हमेशा से ही एक खास समय रहा है, हालांकि समय के साथ-साथ उनकी पसंद और उम्मीदें भी काफी बदल गई हैं. उनके बचपन की यादों में पटाखे फोड़ना और दोस्तों के साथ खेलना शामिल है, जबकि आज उन्हें अपने घर को रोशन करना, अपनों के साथ सय बिताना और अच्छे पकवानों का आनंद लेना पसंद है. एक्ट्रेस जैकी भगनानी से शादी के बाद उनके दिवाली मनाने के तरीके में कुछ नई परंपराएं भी शामिल हो गए हैं.

हाल ही में रकुल प्रीत सिंह ने इंटरव्यू देते हुए बताया कि 'दीवाली हमेशा से मेरे पसंदीदा त्योहारों में से एक रही है. मुझे बहुत अच्छा लगता है जब पूरा घर रोशनी से जगमगा उठता है, हम दोस्तों और परिवार से मिलते हैं, बढ़िया खाना खाते हैं, नाचते हैं और प्यार व रोशनी के इस खूबसूरत त्योहार को मनाते हैं. बचपन में पटाखे फोड़ना बहुत रोमांचक लगता था, लेकिन वह तब की बात है जब हम बहुत छोटे थे. जाहिर है बाद में यह बंद हो गया.' उन्होंने आगे कहा, 'बचपन की एक परंपरा जिसका मुझे आज भी इंतजार रहता है, वह घर को रोशन करना है. दीये और मोमबत्तियां जलाना और घर में लड़ियां लगाना, बस यही सब करके मुझे बहुत अच्छा लगता है.'

घर पर तैयारियां साफ-सफाई और सजावट से शुरू होती हैं और रंगोली बनाना भी उनके त्योहार के रूटीन का हिस्सा है. वे कहती हैं, 'हमारे घर में दिवाली की तैयारी सबसे पहले साफ-सफाई से शुरू होती है, जिसमें पूरे घर को साफ किया जाता है. फिर, घर को सजाया जाता है. मैं रंगोली बनाती थी और अब भी मुझे ऐसा करना पसंद है, बस यह इस बात पर निर्भर करता है कि मैं घर पर हूं या सफर कर रही हूं.'

मेरी सास पूजा-पाठ में बहुत माहिर- रकुल प्रीत सिंह

दरअसल, रकुल प्रीत सिंह ने हिंदुस्तान टाइम्स से खास बातचीत में बताया कि शादी के बाद उन्हें अपने ससुराल की परंपराओं, खासकर पारिवारिक पूजा-पाठ के बारे में जानने का मौका मिला. रकुल बताती हैं कि 'मेरी सास पूजा-पाठ में बहुत माहिर हैं. मैंने उनसे बहुत कुछ सीखा है और समझा है कि सब कुछ कैसे किया जाता है. हमने कोई नई परंपरा तो शुरू नहीं की है, लेकिन हमें परिवार के साथ मिलकर दिवाली की पूजा करना अच्छा लगता है. यह एक ऐसी चीज है जो मैंने हाल ही में सीखी है. जैकी और मुझे दीये जलाना बहुत पसंद है और वह भी इसमें पूरी तरह शामिल होते हैं.'

इसके अलावा, खान-पान भी इन त्योहारों का एक अहम हिस्सा है. रकुल बताती हैं 'कोई एक खास मिठाई मेरी फेवरेट नहीं है. दिवाली के दौरान आप कई जगहों पर जाते हैं और बहुत से लोगों के साथ जश्न मनाते हैं. पूरे हफ्ते चलने वाले इन त्योहारों के दौरान तरह-तरह की मिठाइयां, हलवे और पकवान खाने को मिलते हैं. यही एक वजह है कि मुझे दिवाली का यह समय बहुत पसंद है, क्योंकि यह बेहतरीन खाने-पीने की चीजों से भरा होता है.'

फिटनेस का रखते पूरा ध्यान

त्योहारों के दौरान खान-पान की मौज-मस्ती और अपनी फिटनेस रूटीन के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए थोड़ी प्लानिंग की जरूरत होती है. रकुल बताती हैं कि 'साल का यह समय अपने खान-पान और पोषण में संतुलन बनाए रखने के लिए शायद सबसे मुश्किल होता है. लेकिन मैं पूरी कोशिश करती हूं और दो-तीन दिन ऐसे चुन लेती हूं, जब मैं खुलकर मौज-मस्ती कर सकूं और खाने-पीने का आनंद ले सकूं. मुंबई में दिवाली लगभग 10 दिनों तक चलती है, जिसमें कई तरह की पार्टियां, इंडस्ट्री की महफिलें और दोस्तों व परिवार के साथ मिलना-जुलना होता है. जैकी और मैं एक तरीका अपनाते हैं, इन पार्टियों में जाने से पहले ही हम रात का खाना खा लेते हैं. इस तरह वहां पहुंचकर हम भारी खाना खाने के बजाय बस हल्का-फुल्का स्नैक ही लेते हैं. लेकिन हम कभी भी अपनी रूटीन से पूरी तरह ब्रेक नहीं लेते हैं, क्योंकि ऐसा करने पर वापस ट्रैक पर आना और भी मुश्किल हो जाता है.'

बॉलीवुड की दिवाली पार्टियों में ताश खेलने का है ट्रेंड

वहीं रकुल बताती हैं कि बॉलीवुड की दिवाली पार्टियों में अक्सर ताश के खेल खेले जाते हैं, लेकिन उन्हें ताश खेलना नहीं आता है. जब भी उनका शेड्यूल इजाजत देता है तो उन्हें दोस्तों की मेजबानी करना अच्छा लगता है. इसके साथ ही त्योहारों के दौरान सज-धज कर तैयार होना भी उन्हें काफी पसंद है. इसके लिए वह आमतौर पर दो-तीन दिन पहले ही अपने कपड़ों की प्लानिंग कर लेती हैं. उनके लिए काम के व्यस्त शेड्यूल के बावजूद, त्योहार रिश्तों को अहमियत देने का एक मौका होते हैं. वह बताती हैं कि 'मैं त्योहार अपने परिवार और दोस्तों के साथ मनाने की कोशिश करती हूं, क्योंकि मुझे लगता है कि आपको अपने रिश्तों को बेहतर बनाने और अपनों के साथ जुड़ाव महसूस करने के लिए समय निकालना चाहिए. मुझे लगता है कि यह बहुत जरूरी है.'

रामायण से रकुल प्रीत को काफी उम्मीदें

बता दें कि रकुल प्रीत सिंह को हाल ही में रणबीर कपूर की फिल्म 'रामायण' में देखा गया है और इस फिल्म से उन्हें अपने करियर में एक अहम पड़ाव की उम्मीद है. वह बताती हैं कि 'मेरी इच्छा है कि 'रामायण' भारतीय सिनेमा में एक नया मुकाम हासिल करे, जिससे कई लोगों को कुछ नया आजमाने का मौका मिले और भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाए. व्यक्तिगत तौर पर मैं बस यही चाहती हूं कि मेरे अपने और मैं खुद हमेशा खुश और स्वस्थ रहें. इसके अलावा और कुछ भी ज्यादा मायने नहीं रखता.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

काजोल गुप्ता जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले साढ़े 3 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, बिहार-झारखंड और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद बीते 2 साल से उन्होंने जी न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया. अभी फिलहाल वह एंटरटेनमेंट बीट पर ही एक्टिव हैं. अपने करियर के दौरान काजोल ने बॉलीवुड इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू भी किए हैं. जी न्यूज से पहले उन्होंने सुदर्शन चैनल, इनखबर वेबसाइट और फ्रीलांस काम किया है. पिछले साढ़े तीन साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने मास कम्युनिकेशन में सिंघानिया यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता में ही पोस्ट ग्रेजुएशन की है. पत्रकारिता के साथ उन्हें कहानियां लिखने का भी काफी शौक है. आप काजोल के साथ kajol.gupta@India.com पर या एक्स और इंस्टाग्राम हैंडल्स पर कनेक्ट कर सकते है. सीधे ईमेल पर इनसे जुड़ सकते हैं.     
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES