)
म्यूजिक की दुनिया के बादशाह अनिरुद्ध रविचंदर और सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन आखिरकार एक-दूसरे के हो गए हैं. दोनों ने 11 नवंबर को ग्रीस के खूबसूरत लोकेशन्स के बीच बेहद सादगी और परिवार के लोगों के बीच शादी की. शादी के तुरंत बाद जैसे ही अनिरुद्ध ने अपनी पहली तस्वीर शेयर की, सोशल मीडिया पर बधाइयों की लाइन लग गई. फैंस के लिए ये किसी सपने के सच होने जैसा था, क्योंकि क्रिकेट और म्यूजिक का ये कॉम्बिनेशन बेहद खास है. शादी संपन्न होते ही सेरेमनी की कई अनसीन और खूबसूरत तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल होने लगीं.
एक खास तस्वीर में न्यू कपल सुपरस्टार रजनीकांत और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के साथ पोज देता नजर आया. इस दौरान कलानिधि मारन, उनकी पत्नी और अनिरुद्ध के माता-पिता भी साथ थे. मेहमानों के लिए खास कलर-कोऑर्डिनेटेड ड्रेस कोड रखा गया था. वहीं सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में शादी के फेरों के बाद अनिरुद्ध और काव्या एक-दूसरे की आंखों में खोए नजर आए, जिसे देखकर फैंस दिल खोलकर प्यार लुटा रहे हैं.

वेडिंग आउटफिट्स की बात करें, तो कपल ने बहुत ही एलिगेंट और पेस्टल कलर कॉम्बिनेशन चुना था. अनिरुद्ध ने आइवरी शेड में एम्ब्रॉयडरी वाला कुर्ता, मैचिंग वेष्टि और लंबी जैकेट पहनकर अपना लुक क्लासिक रखा. वहीं काव्या मारन ब्लश-पिंक कलर के बारीक कढ़ाई और सीक्विन वर्क वाले लहंगे में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. उन्होंने इस लुक को एक हैवी स्टेटमेंट चोकर और मैचिंग इयररिंग्स के साथ पूरा किया. दोनों का ये ट्विनिंग पेस्टल लुक इस रॉयल वेडिंग की खूबसूरती में चार चांद लगा रहा था।.

ये शादी सिर्फ दो लोगों का मिलन नहीं, बल्कि दो बड़े और नामी परिवारों का जुड़ाव भी माना जा रहा है. काव्या जहां सन नेटवर्क के मालिक कलानिधि मारन की बेटी हैं, वहीं अनिरुद्ध का रिश्ता सीधे 'थलाइवा' रजनीकांत के परिवार से है. अनिरुद्ध के पिता रवि राघवेंद्र की शादी लक्ष्मी से हुई है, जो रजनीकांत की पत्नी लता रजनीकांत की बहन हैं. इस रिश्ते से अनिरुद्ध, ऐश्वर्या और सौंदर्या रजनीकांत के कजिन भाई हैं. यही वजह थी कि रजनीकांत इस शादी में परिवार के सबसे अहम सदस्य की तरह मौजूद रहे.

म्यूजिक डायरेक्टर अनिरुद्ध रविचंदर ने ग्रीस में हुई अपनी शादी की कुछ और बेहद खूबसूरत तस्वीरें बीती देर रात फैंस के साथ शेयर की हैं. म्यूजिक सेरेमनी से सामने आई एक फोटो में अनिरुद्ध अपनी दुल्हन काव्या मारन को प्यार से निहारते दिखे, तो वहीं काव्या की प्यारी सी मुस्कान ने सबका दिल जीत लिया. दूसरी तस्वीर में ये न्यू कपल हाथ थामे कैमरे के सामने मुस्कुराता नजर आ रहा है.
इस खास शाम के लिए अनिरुद्ध ने पाम ट्री और ज्योमेट्रिक प्रिंट वाली ट्रेंडी ब्राउन जैकेट के साथ टिंटेड चश्मा कैरी किया. वहीं काव्या मारन शिमरी शैंपेन स्लीवलेस टॉप और ब्राउन फ्रिंज स्कर्ट में बेहद खूबसूरत लग रही थीं. खुले बालों और मिनिमल ज्वेलरी में उनका ये लुक काफी एलिगेंट था.
ग्रीस में 10 और 11 नवंबर को चले इस दो दिन जश्न के बाद, अब सभी की नजरें 21 नवंबर, 2026 को चेन्नई में होने वाले ग्रैंड रिसेप्शन पर हैं. तेलंगाना सीएम ऑफिस के ऑफिशियल पोस्ट के मुताबिक, काव्या के माता-पिता ने खुद मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी को न्योता दिया है. इस रिसेप्शन में पीएम नरेंद्र मोदी, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों समेत सिनेमा और क्रिकेट की दुनिया के दिग्गजों के जुटने की उम्मीद है. रजनीकांत, एआर रहमान, कमल हासन, धनुष और अल्लू अर्जुन के साथ-साथ ईशान किशन और अभिषेक शर्मा जैसे SRH के सितारे भी इस शाम की रौनक बढ़ाएंगे.