आंध्र प्रदेश में दर्शकों को रजनीकांत की फिल्म 'जेलर 2' के लिए शुरुआती हफ्ते में ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. दरअसल, राज्य सरकार ने सभी थिएटरों में फिल्म के टिकट की कीमतों में अस्थायी बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है. ये नई कीमतें 15 अक्टूबर से यानी फिल्म के रिलीज होने वाले दिन से लागू होंगी.
इस आदेश के तहत सिंगल-स्क्रीन थिएटर सामान्य टिकट की कीमत से 50 रुपये ज्यादा वसूल सकते हैं, जबकि मल्टीप्लेक्स अपनी स्टैंडर्ड टिकट की कीमत में 75 रुपये जोड़ सकते हैं. यह बढ़ोतरी 15 अक्टूबर से 21 अक्टूबर तक यानी सात दिनों के लिए लागू रहेगी और हर दिन पांच शो पर लागू होगी. इसका मतलब है कि आंध्र प्रदेश में 'जेलर 2' देखने वाले दर्शक पहले हफ्ते में राज्य में लागू सामान्य तय टिकट कीमत से ज्यादा पैसे देंगे.
कई राज्यों के उलट, जहां थिएटर मालिक ज्यादातर मांग के आधार पर टिकट की कीमतें तय कर सकते हैं. आंध्र प्रदेश में सरकार द्वारा तय सिस्टम का पालन किया जाता है. राज्य सरकार सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स, दोनों के लिए टिकट की अधिकतम दरें तय करती है. इन सीमाओं से ज्यादा कोई भी बढ़ोतरी करने के लिए सरकार की खास मंजूरी लेनी पड़ती है, जो आमतौर पर हर फिल्म के लिए अलग-अलग दी जाती है.
सरकार ने अब 'जेलर 2' के लिए दोनों तरह के थिएटरों को रिलीज के पहले सात दिनों तक टिकट की कीमतें बढ़ाने की इजाजत दे दी है. बता दें कि आंध्र प्रदेश में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन का काम संभाल रही सितारा एंटरटेनमेंट्स के जरिए यह आवेदन दिया गया था.
कीमतों में यह बढ़ोतरी इसलिए भी खास है, क्योंकि 'जेलर 2' दशहरा के समय रिलीज हो रही है. वहीं, विजय देवरकोंडा की 'रणबाली' ठीक एक दिन बाद 16 अक्टूबर को रिलीज होगी. हालांकि, तेलुगु राज्यों में दोनों फिल्में टिकट की कीमतों को लेकर बहुत अलग-अलग रणनीतियां अपनाएंगी. 'रणबाली' के प्रोड्यूसर माइथ्री मूवी मेकर्स ने हाल ही में एक बयान जारी कर उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि उन्होंने टिकट की कीमतें बढ़ाने की मांग की थी.
प्रोडक्शन हाउस ने एक्स पर कहा, ''रणबाली' सामान्य टिकट कीमतों पर रिलीज होगी. हमें भरोसा है कि इस त्योहार के मौसम में दर्शकों को शानदार सिनेमाई अनुभव मिलेगा.' इसलिए, एक तरफ जहां 'जेलर 2' आंध्र प्रदेश में सरकार द्वारा मंजूर की गई बढ़ी कीमतों के साथ शुरू होगी. वहीं, 'रणबाली' आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों जगहों पर सामान्य टिकट कीमतों पर ही चलेगी.
आंध्र प्रदेश भारत के उन कुछ राज्यों में से एक है, जहां सिनेमा टिकट की कीमतें सीधे सरकार तय करती है. सिंगल-स्क्रीन थिएटर और मल्टीप्लेक्स के लिए अलग-अलग अधिकतम कीमतें तय की जाती हैं. जो फिल्में अपनी शुरुआती रिलीज के दौरान ज्यादा कीमत वसूलना चाहती हैं. उन्हें इसके लिए आधिकारिक मजूरी लेनी पड़ती है.
तेलंगाना में भी इसी तरह का रेगुलेटेड मॉडल अपनाया जाता है. हालांकि, वहां का सिस्टम अलग तरह से चलाया जाता है. बाकी ज्यादातर राज्यों में थिएटर मालिकों और मल्टीप्लेक्स चेन को मांग, लोकेशन और रिलीज के पैमाने के हिसाब से टिकट की कीमतें बदलने की ज्यादा आजादी होती है.
नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बन रही 'जेलर 2' में रजनीकांत 'टाइगर मुथुवेल पांडियन' के तौर पर वापसी कर रहे हैं. इस फिल्म को कलानिधि मारन ने 'सन पिक्चर्स' बैनर के तहत प्रोड्यूस किया है. इसमें कई बड़े कलाकार एसजे सूर्या, विद्या बालन, मिथुन चक्रवर्ती, सूरज वेंजारामूडु, राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना हैं. बता दें कि 'जेलर 2' 15 अक्टूबर को रिलीज होगी. वहीं, 'रणबाली' अगले दिन 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आएगी.