फिल्ममेकर करण जौहर ने अपने सेलिब्रिटी टॉक शो 'कॉफी विद करण' के आखिरी सीजन का ऐलान किया है. उन्होंने यह भी बताया कि फिनाले सीजन 9 के पहले गेस्ट सलमान खान होंगे. हाल ही में शो के होस्ट करण जौहर ने आने वाले एपिसोड का पहला ऑफिशियल टीजर जारी किया है, इसमें एक्टर और होस्ट नजर आ रहे हैं. दोनों अपने ही अंदाज में मजेदार बातचीत करते दिखे.
प्रोमो वीडियो में करण जौहर अपने गेस्ट सलमान खान का एक दिलचस्प इंट्रो के साथ स्वागत करते नजर आए. सोनम वांगचुक पर सलमान की वायरल टिप्पणी की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, 'एक समझदार इंसान ने कभी कहा था, 'इट्स डन ब्रो.' तो, मेरे आखिरी सीजन की शुरुआत करने के लिए उस शख्स से बेहतर कौन हो सकता है, जो खुद सलमान खान हैं.'
इसी बीच एक्टर तुरंत जाकर करण की कुर्सी पर बैठ जाते हैं और करण को मेहमानों वाले सोफे पर बैठने को कहते हैं. इसपर करण पूछते हैं, 'क्या मुझे यहां बैठना चाहिए?' इसके बाद सलमान ने अपने अंदाज में कहा, ''करण के साथ कॉफी के बाद, अब यहां सलमान के साथ कॉफी.'' बातचीत के दौरान करण ने अचानक सलमान से पूछा, 'क्या आप अब भी वर्जिन हैं?' इस पर सलमान ने कहा, 'कंट्रोल यार, भाई. कंट्रोल. यह पिछले सीजन जैसा नहीं है, जब तुमने हम सबको 'कॉफी विद करण' करने के लिए बुला लिया था.'
फिर करण ने सलमान के बदले हुए अंदाज पर भी सवाल किया और कहा, आप बहुत अलग लग रहे हैं. ज्यादा शांत हो गए हैं.' इसपर सलमान कहते हैं, 'मैंने दूसरों को जो भी सलाह दी है, अब समय आ गया है कि मैं खुद भी उस पर अमल करूं.'
इतना ही नहीं, इस बातचीत के दौरान करण ने सलमान के सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग और पैपराजी कल्चर वाले बयानों के बारे में बात की. इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'जिसने अपने फोन में वीडियो बनाया है, अगर वह मुझे कहीं मिल गया.' हालांकि, प्रोमो में उनका यह बयान अधूरा ही छोड़ा गया है, जिससे बातचीत को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है.
इस प्रोमो वीडियो के साथ करण जौहर ने कैप्शन में लिखा, 'हमारी आखिरी 'कॉफी' तैयार हो रही है. आखिरी सीजन का पहला एपिसोड कल शाम 7 बजे. सिर्फ जियोहॉटस्टार पर द पीकॉक हब पर देखें.'
बता दें कि सलमान खान ने साल 2013 में 'कॉफी विद करण' के चौथे सीजन में पहली बार हिस्सा लिया था. वे शो के पहले एपिसोड में अपने पिता और स्क्रीनराइटर सलीम खान के साथ नजर आए थे. इसके अलावा, वे सीजन 5 में अपने भाइयों सोहेल खान और अरबाज खान के साथ शो के 100वें एपिसोड का जश्न मनाने के लिए भी शामिल हुए थे.