SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

आधी रात पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, अंदर सो रहा था परिवार; बाहर नकाबपोश बरसाते रहे गोलियां

Punjabi Singer Gulab Sidhu House Firing: मशहूर पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के घर पर आधी रात दो नकाबपोश बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं. उस वक्त सिंगर का परिवार घर के अंदर ही मौजूद था. अचानक हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की तलाश में जुट गई है.

Written By Vandana Saini
Published: Sep 13, 2026, 12:55 PM IST | Updated: Sep 13, 2026, 01:49 PM IST
Image Credit: आधी रात पंजाबी सिंगर के घर पर ताबड़तोड़ बरसीं गोलियां (स्क्रीनग्रैब)
Join

मशहूर पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू के गांव फरवाही स्थित पुश्तैनी घर पर शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया. आधी रात के वक्त जब पूरा गांव गहरी नींद में सो रहा था, तभी अचानक अंधाधुंध गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका दहल उठा. बाइक पर सवार होकर पहुंचे अनजान नकाबपोश बदमाशों ने सिंगर के घर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. राहत की बात ये रही कि इस भयानक हमले में किसी भी शख्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और सभी सुरक्षित बच गए. घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भारी दहशत का माहौल बन गया है.

वारदात के समय सिंगर गुलाब सिद्धू अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर किसी टूर प्रोग्राम पर गए हुए थे. हालांकि, उनका पूरा परिवार उस वक्त मकान के अंदर ही मौजूद था. चश्मदीदों के मुताबिक हमलावरों ने करीब 10 से 12 राउंड गोलियां चलाई थीं, जिससे घर की दीवारें और मेन गेट छलनी-छलनी हो गए. अचानक हुई इस गोलाबारी से घर के अंदर मौजूद परिजनों की सांसें अटक गई थीं. हमलावर वारदात को अंजाम देकर कुछ ही सेकंडों में मौके से फरार होने में कामयाब भी रहे. गनीमत ये रही कि गोली किसी सदस्य को नहीं लगी, वर्ना एक बड़ा हादसा हो सकता था.

सरपंच ने बयां रात का खौफनाक मंजर

गांव के सरपंच जगसीर सिंह ने मीडिया को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 12 बजे एक मोटरसाइकिल पर तीन अनजान शख्स सवार होकर आए थे. उन सभी ने अपने चेहरे पूरी तरह से ढक रखे थे, ताकि कोई पहचान न सके. उन्होंने गुलाब सिद्धू की कोठी के बाहर गाड़ी रोकी और सीधे घर की तरफ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. सरपंच के मुताबिक, अचानक हुए इस हमले से पूरा गांव सहम गया. उन्होंने लोकल पुलिस से पुरजोर मांग की है कि इस मामले में तुरंत सख्त एक्शन लिया जाए और फायरिंग करने वाले अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए.

CM के फुरसत के पल: राजनीति से वक्त निकाल दोस्त अजित को चीयर करने लंदन पहुंचे थलापति विजय, लगाया गले; तृषा की मौजूदगी में रेस को दिखाई हरी झंडी

गैंगस्टर डोली बल्ल ने ली हमले की जिम्मेदारी

इस पूरे फायरिंग कांड में एक बेहद चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर डोली बल्ल गैंग ने ली है. सामने आई जानकारी के मुताबिक, वारदात में शामिल तीन हमलावरों में से दो शूटरों ने करीब आधा दर्जन से ज्यादा गोलियां चलाई थीं, जबकि उनका तीसरा साथी पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर रहा था. ये सब कुछ इतनी तेजी से हुआ कि किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला. बता दें सिंगर गुलाब सिद्धू को पहले से दो सिक्योरिटी गार्ड भी मिले हुए हैं, इसके बावजूद बेखौफ बदमाशों ने इस तरह घटना को बिना किसी के डर के अंजाम दिया. 

पुलिस ने शुरू की जांच, खंगाला जा रहा CCTV

इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस डिपार्टमेंट में भी हड़कंप मच गया और आला अधिकारी तुरंत भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए. पूरे मामले को लेकर एसपी डी संजीव कुमार गोयल ने आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि सिंगर के घर और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है. फुटेज में हमलावरों की गतिविधियां और उनकी मोटरसाइकिल के सुराग कैद हुए हैं. पुलिस की टेक्निकल और क्राइम टीमें हर एंगल से तफ्तीश कर रही हैं, ताकि आरोपियों के रूट और पहचान का सही पता लगाया जा सके.

इलाके में कड़ी सुरक्षा, आरोपियों की तलाश जारी

वारदात के बाद से पूरे गांव फरवाही में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोगों के मन में डर साफ देखा जा सकता है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिक्योरिटी के लिहाज से गांव और सिंगर के घर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. पुलिस की कई विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं. अधिकारियों ने परिवार को पूरी सुरक्षा का भरोसा दिया है और दावा किया है कि सीसीटीवी से मिले अहम सुरागों के दम पर बहुत जल्द सभी हमलावरों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES