App

बॉलीवुड का ग्लोबल गेम प्लान: GTA 6 के बाद अब 'रामायण' की बारी, गेमिंग की दुनिया में नया इतिहास रचेगी भारतीय महागाथा?

प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा फिल्म 'रामायण' को अब एक नया रूप देने जा रहे हैं. वो नई जनरेशन के लिए एक खास वीडियो गेम ला रहे हैं. जिसमें जटायु संग उड़ान भरने से लेकर रावण से जंग लड़ने तक का गेमिंग एक्सपीरियंस मिलेगा.

बॉलीवुड का ग्लोबल गेम प्लान: GTA 6 के बाद अब 'रामायण' की बारी, गेमिंग की दुनिया में नया इतिहास रचेगी भारतीय महागाथा?

भारतीय पौराणिक कथाओं की सबसे महान गाथा 'रामायण' को बड़े पर्दे पर में उतारने के बाद अब इसे नई जनरेशन के और करीब लाने की खास तैयारी चल रही है. आज के दौर में बच्चे और यंग जनरेशन मोबाइल और वीडियो गेम्स के जरिए कहानियों से सबसे ज्यादा जुड़ते हैं. इसी सोच को ध्यान में रखते हुए फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा एक ऐसा शानदार एक्सपीरियंस तैयार कर रहे हैं, जहां बच्चे सिर्फ कहानी देखेंगे नहीं, बल्कि खुद उस दुनिया का हिस्सा बन सकेंगे. जटायु के साथ आसमान में उड़ान भरने से लेकर लंकापति रावण से आमने-सामने की जंग लड़ने तक, ये सब जल्द ही एक वीडियो गेम से मुमकिन होने जा रहा है.

नमित मल्होत्रा का कहना है कि गेमिंग के जरिए जेन जी ऑडियंस को अपनी संस्कृति और इस महाकाव्य से जोड़ने का ये सबसे असरदार तरीका है. हाल ही में दूरदर्शन से हुई एक खास बातचीत के दौरान जब नमित मल्होत्रा से पूछा गया कि भारत को 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' (GTA) जैसा अपना खुद का बड़ा गेम कब मिलेगा, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प जवाब दिया.

जल्द ही गेमिंग वर्ल्ड में इंटर करेगी 'रामायण'

नमित मल्होत्रा ने इस सवाल का जवाब देते हुए इशारा किया कि उनकी अपकमिंग फिल्म फ्रेंचाइजी 'रामायण' पर बेस्ड एक वीडियो गेम पर पहले से ही तेजी से काम चल रहा है. नमित ने अपनी बात रखते हुए कहा, 'ये आ रहा है. ये रामायण गेम होगा. सही समय आने पर मैं और बताऊंगा. जैसे हमारे बच्चे GTA खेलते हैं, मैं चाहता हूं कि वो रामायण खेलें ताकि वो गेम का मजा ले सकें और उससे कुछ सीख भी सकें'.

ramayana

उन्होंने कहा, 'गेमिंग इंडस्ट्री फिल्म इंडस्ट्री से कहीं ज्यादा बड़ी हो गई है. मेरी स्ट्रेटेजी थी कि फिल्म के जरिए लोग इस दुनिया को लेकर ज्यादा कॉन्फिडेंट महसूस करें और अब वो जटायु के साथ उड़ सकते हैं और रावण से भी लड़ सकते हैं. हमारा रामायण गेम अभी प्रोडक्शन में है'.

फिल्म 'रामायण' की स्टारकास्ट

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण' में दमदार कलाकारों की टोली नजर आई है. फिल्म में रणबीर कपूर ने भगवान राम, साई पल्लवी ने देवी सीता, रवि दुबे ने लक्ष्मण और साउथ सुपरस्टार यश ने रावण का किरदार निभाया है. 5 नवंबर, 2026 को रिलीज हुए इसके पहले भाग को ऑडियंस और क्रिटिक्स से मिला-जुला लेकिन पॉजिटिव रिएक्शन मिला. फिल्म की कहानी और इसके विजुअल्स पर बात करते हुए क्रिटिक सैबल चटर्जी ने इसे 5 में से 3 स्टार दिए थे.

ramayana

क्रिटिक्स की नजर

सैबल चटर्जी ने अपने रिव्यू में इस महागाथा के प्रजेंटेशन की तारीफ करते हुए लिखा था, 'अच्छाई और बुराई के बीच और दया और बुराई के बीच की लड़ाई में, रणबीर कपूर और यश, जो फिल्म के प्रोड्यूसर्स में से एक हैं, उस एपिक के दो एथिकल पोल दिखाते हैं जिसे फिल्म बड़े पर्दे पर दिखाती है, जिसमें उड़ते हाथी, सरपट दौड़ते गैंडे, रथ खींचने वाली जंगली बिल्लियां और रूप बदलने वाले राक्षस शामिल हैं. फिल्म की यही फैंटेसी और विजुअल दुनिया अब वीडियो गेम में भी रोमांच का नया लेवल जोड़ने वाली है.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Jyoti Rajput

Jyoti Rajput

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More