लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव एक बार फिर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. सियासत के साथ-साथ अब सोशल मीडिया पर भी छाए रहने वाले तेज प्रताप ने एक स्ट्रीमिंग रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ के दौरान अपनी शादी और पत्नी ऐश्वर्या राय से चल रहे तलाक के विवाद पर खुलकर बात की. इस शो से सामने आया एक वीडियो क्लिप अब सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इस बातचीत में तेज प्रताप ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के टेंशन, आपसी मतभेद और शादी टूटने की असली वजहों को सबके सामने रखा है.
इस बातचीत में तेज प्रताप ने शादी के शुरुआती दिनों की कड़वाहट बयां की. उन्होंने बताया कि दोनों की शादी मई 2018 में हुई थी, लेकिन ये रिश्ता शुरू से ही सही पटरी पर नहीं था. उनके मुताबिक, ये शादी काफी दबाव में कराई गई थी और दोनों के विचार बिल्कुल नहीं मिलते थे. जब शादी हुई, तब वे बिहार के हेल्थ मिनिस्टर थे. घर में रोज होने वाले झगड़ों से वे इतने परेशान हो गए थे कि उनका घर लौटने का मन ही नहीं करता था. कई बार वे अपने दोस्तों के यहां या कहीं और रात बिताते थे, क्योंकि घर का माहौल बहुत तनाव भरा था और मन नहीं करता था घर जाने का.
तेज प्रताप ने आगे बताया कि उनकी पत्नी देर रात तक पार्टी करती थीं और जब वो सुबह 6 या 7 बजे पूजा करते, तो उन्हें ये बात पसंद नहीं आती थी. यहां तक कि उन्हें पूजा करने से भी रोका जाता था. उन्होंने एक बड़ी घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक दिन जब वे विधानसभा से शाम को घर लौटे और बेडरूम में जाने लगे, तो उन्होंने अपनी पत्नी को फोन पर किसी से बात करते देखा. वो अपने एक्स-बॉयफ्रेंड से चैट कर रही थीं और उसे दिल वाले मैसेज भेज रही थीं. ये सब उन्होंने अपनी आंखों से देखा. इस रिश्ते के कड़वे एक्सपीरियंस को साझा करते हुए वे काफी दुखी नजर आए.
तेज प्रताप यादव ने बताया कि उन्होंने कभी हालात से हार नहीं मानी. जब भी घर में झगड़ा या विवाद होता था, तो वे उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लेते थे. तेज प्रताप का कहना है कि ये वीडियो आगे चलकर अदालत में उनके लिए पुख्ता सबूत बने. उन्होंने साफ कहा कि हर मामले में सिर्फ लड़के ही गलत नहीं होते, लड़कियां भी गलत हो सकती हैं. घर की इन लड़ाइयों ने उन पर इतना गहरा असर डाला कि वे आज भी चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर डर जाते हैं और बेहद परेशान महसूस करने लगते हैं. हालांकि, अब वे सोशल मीडिया पर ज्यादा समय बिताते हैं और शांत रहते हैं.

तेज प्रताप यादव और ऐश्वर्या राय की शादी मई 2018 में धूमधाम से हुई थी, लेकिन कुछ ही महीनों बाद दोनों के रिश्ते में ऐसी दरार आई कि तेज प्रताप ने सीधे कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल कर दी. इसके बाद ये मामला पूरे बिहार और देश की मीडिया में बड़ा सियासी और पारिवारिक विवाद बन गया था. दोनों परिवारों के बीच लंबी कानूनी जंग शुरू हो गई. बाद में मई 2025 में राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने तेज प्रताप को 6 साल के लिए पार्टी से निकाल दिया और परिवार से भी रिश्ते तोड़ने का ऐलान कर दिया था. तब से ही वे अपनी अलग पार्टी के साथ काम कर रहे हैं.
पार्टी और परिवार से दूरी बनाने का ये फैसला तेज प्रताप के एक सोशल मीडिया पोस्ट के बाद आया था, जिसमें किसी दूसरी महिला के साथ लंबे रिश्ते का दावा किया गया था. हालांकि, तेज प्रताप ने बाद में इस पर सफाई देते हुए कहा था कि उनका अकाउंट हैक हो गया था और तस्वीरें फर्जी तरीके से तैयार की गई थीं. अब रियलिटी शो में उनके इन ताजा खुलासों ने इस पुराने पारिवारिक विवाद को एक बार फिर गरमा दिया है. अदालत में दोनों की कानूनी लड़ाई अब भी जारी है और लोग इस मामले को लेकर तरह-तरह की राय रख रहे हैं.