‘तुम्बाड’ के हस्तर बने ORRY: हैलोवीन पर दिखा खौफनाक लुक, लाल रंग से रंगी बॉडी और नुकीले नाखूनों से उड़ाए सबके होश
इंटरनेट पर जाने-माने सेलेब्स से ज्यादा बज लूटने वाले सेंसेशन ओरी की कुछ डरावनी फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिनमें वो ‘तुम्बाड’ के खौफनाक हस्तर लुक में नजर आ रहे हैं. दरअसल, ये उनका हैलोवीन लुक है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया.
हैलोवीन का नाम आते ही अक्सर लोगों के दिमाग में वैंपायर, हड्डियों का ढांचा या भूतों वाले अजीबोगरीब गेटअप घूमने लगते हैं, लेकिन बॉलीवुड के जाने-माने सोशल मीडिया स्टार ओरी ने इस बार कुछ ऐसा किया, जिसने हर किसी के होश उड़ा दिए. अपनी अतरंगी ड्रेस और अलग स्टाइल के लिए मशहूर ओरी ने इस बार हैलोवीन पार्टी के लिए कोई विदेशी लुक नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा की आइकॉनिक हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ के सबसे डरावने राक्षस ‘हस्तर’ का लुक अपनाया, जिसमें वे वाकई काफी डरावने लग रहे थे.
ओरी ने हस्तर के इस लुक को बेहद बारीकी से तैयार किया था. उनके पूरी बॉडी पर लाल रंग का गाढ़ा पेंट लगा था, आंखों के चारों ओर गहरा काला घेरा बना था और सिर पर एक पुराना मुकुट सजा हुआ था. कमर में फटा हुआ ब्राउन कपड़ा, लंबे नुकीले नाखून और हाथों-पैरों में पहने कड़े उन्हें हूबहू फिल्म वाले हस्तर जैसा दिखा रहे थे. इस खौफनाक लुक के साथ ओरी के हाथ में उनका मोबाइल फोन भी नजर आ रहा था, जिसने इस डरावने गेटअप में उनका सिग्नेचर स्टाइल जोड़ दिया. उनके इस लुक ने सभी हैरान कर दिया.
‘तुम्बाड’ के हस्तर लुक में नजर आए ओरी
ओरी की ढेरों फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरर हो रही हैं. उनके इस लुक ने लोगों को 6 साल पहले आई हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड’ की रोंगटे खड़े कर देने वाली दुनिया याद दिला दी. एक तरफ जहां ओरी का हस्तर लुक सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं, दूसरी तरफ सिनेमा प्रेमियों के लिए एक बड़ी गुड न्यूज ये है कि कुछ समय पहले सिनेमाघरों में री-रिलीज होकर करोड़ों बटोरने वाली ‘तुम्बाड’ के दूसरे पार्ट का ऑफिशियल एलान भी हो चुका है. फिल्म के लीड एक्टर और प्रोड्यूसर सोहम शाह ने इसका ऐलान किया.
स्टार कास्ट में बड़े चेहरे, आलिया-नवाजुद्दीन की एंट्री
‘तुम्बाड 2’ की कहानी की टैगलाइन ‘प्रलय आएगा’ रखी गई है. मेकर्स ने ऐलान किया है कि ये फैंटेसी हॉरर ड्रामा फिल्म अगले साल 3 दिसंबर, 2027 को दुनियाभर में बड़े पर्दे पर रिलीज होगी. फिल्म के दूसरे पार्ट को पहले से कहीं ज्यादा बड़े स्केल पर बनाया जा रहा है. इस बार ‘तुम्बाड’ की शापित और मिस्टीरियस दुनिया में बॉलीवुड के दिग्गज कलाकारों की एंट्री हो चुकी है. आलिया भट्ट इस सीक्वल में लीड रोल निभाती नजर आएंगी. उनके अलावा मंझे हुए एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी भी इस फिल्म का अहम हिस्सा होने वाले हैं.
सोहम शाह और पेन स्टूडियोज का बड़ा दांव
अपने एक इंटरव्यू में सोहम शाह ने बताया था कि जब आलिया को 5 साल की मेहनत से लिखी गई ‘तुम्बाड 2’ की स्क्रिप्ट सुनाई गई, तो वे हैरान रह गईं और उन्होंने केवल दो मुलाकातों में ही इस फिल्म के लिए हां कह दिया. इतना ही नहीं, नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने तो मुंबई और सतारा में पहले शेड्यूल की शूटिंग भी पूरी कर ली है. पहले पार्ट की तरह ही सोहम शाह अपनी कंपनी ‘सोहम शाह फिल्म्स’ और जाने-माने ‘पेन स्टूडियोज’ के साथ मिलकर इस बड़े प्रोजेक्ट का प्रोडक्शन कर रहे हैं. निर्माताओं का मानना है कि इस बार कहानी और स्क्रीनप्ले का दायरा बहुत बड़ा होने वाला है.
कहानी की मिस्ट्री और नए डायरेक्टर की कमान
साल 2018 में आई ‘तुम्बाड’ के को-डायरेक्टर और राइटर रहे आदेश प्रसाद ही ‘तुम्बाड 2’ के डायरेक्शन की कमान संभाल रहे हैं. पहले पार्ट के डायरेक्टर राही अनिल बर्वे अपने दूसरे प्रोजेक्ट्स में बिजी चल रहे हैं. मेकर्स ने फिल्म की कहानी को पूरी तरह से सीक्रेट रखा है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक सीक्वल में हस्तर की पौराणिक कथा और इंसानी लालच के विनाशकारी परिणाम को पहले से ज्यादा खौफनाक अंदाज में दिखाया जाएगा. कुल मिलाकर, ओरी के डरावने लुक के साथ-साथ अब लोगों को 2027 में ‘तुम्बाड 2’ की रिलीज का वेट है.