)
'प्यार का पंचनामा' फेम एक्ट्रेस नुसरत भरूचा को लेकर एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है. दरअसल बीते दिनों एक्ट्रेस बाली में काम और छुट्टियों के दौरान एक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गईं, जिसमें उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर आ गया है. इस हादसे के बाद उन्हें तुरंत बाली के ही एक हॉस्पिटल में शुरुआती इलाज के लिए एडमिट कराया गया, लेकिन ज्यादा चोट और उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अब उन्हें एयर एम्बुलेंस की मदद से मुंबई वापस लाया गया है, जिसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
मुंबई पहुंचते ही नुसरत को एम्बुलेंस से स्ट्रेचर पर अस्पताल ले जाया गया, जिसका एक इमोशनल कर देने वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर शेयर हो रहा है. इस कठिन समय में उनकी मां, परिवार के बाकी मेंबर्स और करीबी दोस्त लगातार उनके साथ नजर आए.वहीं हाल ही में एक्ट्रेस के पब्लिसिस्ट द्वारा ऑफिशियल बयान जारी किया गया, जिसमें बताया गया कि डॉक्टरों ने नुसरत को रीढ़ की हड्डी की सर्जरी कराने की सलाह दी है.
नुसरत की टीम ने ऑफिशियल बयान में हेल्थ अपडेट देने के साथ-साथ फैंस और मीडिया से अपील की है कि वो इस वक्त एक्ट्रेस की प्राइवेसी का ध्यान रखें, ताकि वो बिना किसी स्ट्रेस के अपने इलाज और रिकवरी पर ध्यान दे पाएं. आपको बता दें कि दुर्घटना की खबर से ठीक एक हफ्ते पहले ही नुसरत ने अपने बीच वेकेशन की एक बेहद खूबसूरत सेल्फी इंस्टाग्राम पर शेयर की थी, जिसमें वो सनग्लासेस और क्यूट आउटफिट में नजर आ रहीं. नुसरत ने इस फोटो पर कैप्शन में लिखा था, 'छुट्टियों का ख्याल आ रहा है! अब कहां जाऊं?'.लेकिन किसे मालूम था कि खुशियों भरे इस ट्रिप का ऐसा दर्दनाक मोड़ आएगा. तस्वीरें देखने वाले फैंस अब एक्ट्रेस के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की दुआएं मांग रहे हैं.
Nushrratt Bharuccha has been airlifted from Bali to Mumbai after sustaining a spinal fracture Man, spinal fractures are amongst the most complicated health issues a human can face. She might probably take at least 6 months to recover, and most importantly, even after recovery, she'd never be 100 per cent back to what she was before the injury. Prayers for her
— Brutal Truth (@sarkarstix) October 2, 2026
ये हादसा ऐसे समय में हुआ है, जब नुसरत अपने करियर के पीक पर हैं और एक बड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं. हाल ही में खबरें आई थीं कि वो टाइगर श्रॉफ की अगली फिल्म में उनके साथ मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं, जो बड़े पर्दे पर इन दोनों की पहली जोड़ी होगी. इस प्रोजेक्ट में पश्मीना रोशन, अभिषेक बनर्जी और एल्विस यादव भी अहम किरदारों में नजर आएंगे. वहीं इस फिल्म से अंकिता लोखड़ें के पति और सेलिब्रिटी विक्की जैन अपने नए प्रोडक्शन बैनर 'वीजे फ्रेम्स' की शुरुआत कर रहे हैं. इसके अलावा, नुसरत को हाल ही में फिल्म 'उफ्फ ये सियापा' में सोहम शाह के साथ देखा गया था.

नुसरत भरूचा ने अपने करियर की शुरुआत लगभग दो दशक पहले छोटे पर्दे से की थी. इसके बाद साल 2006 में उन्होंने 'जय संतोषी मां' से बॉलीवुड में पहला कदम रखा. साल 2010 की फिल्म 'लव सेक्स और धोखा' से उन्हें इंडस्ट्री में खास पहचान मिली. इसके बाद 'प्यार का पंचनामा', 'प्यार का पंचनामा 2' और 'सोनू के टीटू की स्वीटी' जैसी सुपरहिट फिल्मों की मदद से उन्होंने ऑडियंस के दिलों में अपनी खास जगह बनाई. पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके लाखों फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि नुसरत जल्द से जल्द इस चोट से उबरकर शूटिंग सेट पर वापसी करेंगी.