SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

‘T-सीरीज के वर्क वीजा पर भारत में हूं', सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ के रंगदारी केस में नोरा फतेही की गवाही

अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की अदालत में सुकेश चंद्रशेखर के 200 करोड़ रुपये के रंगदारी मामले में गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराया. इस दौरान उन्होंने बताया कि वह भारत में वर्क वीजा पर रह रही हैं और T-Series के साथ काम कर रही हैं.

Written By Swati Singh
Published: Nov 06, 2026, 05:36 PM IST | Updated: Nov 06, 2026, 05:38 PM IST
Image Credit: सोशल मीडिया
Join

बॉलीवुड एक्ट्रेस नोरा फतेही शुक्रवार को दिल्ली की एक अदालत में ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली मामले में गवाह के तौर पर पेश हुईं और अपना बयान दर्ज कराया. मोरक्को मूल की कनाडाई नागरिक नोरा फतेही ने कोर्ट को बताया कि वह भारतीय म्यूजिक उद्योग की बड़ी कंपनी 'टी-सीरीज' के साथ वर्क वीजा पर भारत आई थीं. उन्होंने कोर्ट को चेन्नई की अपनी यात्रा और चंद्रशेखर की पत्नी लीना पॉलोस के साथ हुई अपनी मुलाकात के बारे में भी बताया.

एक्ट्रेस दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गगनदीप सिंह के समक्ष पेश हुईं. इससे पहले कोर्ट उन्हें दो बार तलब कर चुकी है. एक रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने चेन्नई की अपनी यात्रा और सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉलोस के साथ अपनी मुलाकात के बारे में भी बात की. उनका यह बयान चल रहे ट्रायल के हिस्से के रूप में दर्ज किया जा रहा है, जिसमें उन्हें इस जोड़े के साथ अपनी बातचीत की जानकारी देने के लिए बुलाया गया है.

जांच अधिकारियों को दिए अपने पिछले बयान में नोरा ने बताया था कि लीना ने उन्हें गुच्ची बैग और आईफोन जैसे तोहफे दिए थे. लीना ने फोन कॉल के जरिए नोरा की मुलाकात सुकेश से भी कराई थी. सुकेश ने इवेंट में आने के लिए नोरा का शुक्रिया अदा किया और कहा कि वह और उनकी पत्नी दोनों ही नोरा के फैन हैं. उसने नोरा को एक बीएमडब्ल्यू कार गिफ्ट करने का वादा भी किया था.

क्या बोलीं नोरा फतेही?

नोरा ने जांचकर्ताओं को बताया था कि शुरू में वह कार लेने को लेकर हिचकिचा रही थीं. हालांकि, सुकेश लगातार कार लेने का प्रस्ताव देता रहा और आखिरकार उसने नोरा के रिश्तेदार बॉबी से संपर्क किया. बाद में पता चला कि वह BMW कार बॉबी से जुड़ी थी. वहीं, सुकेश और बॉबी ने बिजनेस के संभावित मौकों पर भी चर्चा की, जिसमें एक फिल्म प्रोजेक्ट भी शामिल था. नोरा का कहना है कि चेन्नई वाले इवेंट से पहले वह सुकेश को निजी तौर पर नहीं जानती थीं और लीना के जरिए ही उनकी सुकेश से पहली बार बातचीत हुई थी.

बता दें कि इससे पहले की तारीख पर नोरा फतेही दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश नहीं हुई थी. नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराने के लिए अदालत में पेश होना था, लेकिन वह नहीं पहुंचीं.  इसके बाद नोरा फतेही की ओर से वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की थी. इस पर कोर्ट ने नाराजगी जताते हुए कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

पुलिस ने बताया था कि एक्ट्रेस को 22 अक्टूबर को ही पेशी का नोटिस भेज दिया गया था. यह नोटिस ईमेल और व्हाट्सऐप के जरिए भेजा गया था. इसके अलावा, उन्हें फोन भी किया गया, लेकिन नोरा की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला. वहीं, नोरा के वकील ने अदालत में पेश होने से छूट देने की मांग की. इस पर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर की और कहा कि अदालत को हल्के में नहीं लिया जा सकता.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़ा है. आरोप है कि सुकेश ने दिल्ली की रोहिणी जेल में बंद रहने के दौरान करीब 200 करोड़ रुपए की वसूली का रैकेट चलाया था. बताया जाता है कि उसने खुद को वरिष्ठ सरकारी अधिकारी बताकर लोगों से ठगी की थी. इस मामले की जांच दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने की थी. जांच के बाद पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत चार्जशीट दाखिल की थी.

इस मामले में जांच के दौरान नोरा फतेही से भी पूछताछ की गई थी. उनसे सुकेश चंद्रशेखर और उनकी पत्नी लीना मारिया पॉलोस के साथ कथित संपर्कों को लेकर सवाल किए गए थे. इसके अलावा, मजिस्ट्रेट के सामने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 164 के तहत उनका बयान भी दर्ज किया गया था. बाद में पुलिस ने सप्लीमेंट्री चार्जशीट में नोरा को अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल किया था.

दरअसल, नोरा फतेही का नाम सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े इस मामले में तीसरी सप्लीमेंट्री चार्जशीट में अभियोजन पक्ष के गवाह के तौर पर शामिल है. जांच एजेंसियों के मुताबिक, सुकेश ने जेल में रहते हुए करीब 200 करोड़ रुपये की ठगी की थी. इस मामले में शिकायत फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर सिंह की पत्नी अदिति सिंह ने दर्ज कराई थी. आरोप था कि सुकेश ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर उनसे संपर्क किया और उनके पति को जेल से बाहर निकलवाने में मदद करने का भरोसा दिया. इसी बहाने उसने उनसे करोड़ों रुपये वसूले.

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की भी जांच की. इस दौरान जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश से मिले महंगे गिफ्ट के मामले में आरोपी बनाया गया, जबकि नोरा का नाम गवाह के तौर पर शामिल किया गया. इसके अलावा, नोरा ने जैकलीन फर्नांडीज और 15 मीडिया संस्थानों के खिलाफ 200 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा भी दायर किया था. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बारे में गलत और अपमानजनक बातें फैलाई गईं, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचा.

नोरा फतेही की टीम ने दी सफाई

अभिनेत्री नोरा फतेही की कानूनी टीम ने स्पष्ट किया था कि कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मामले में उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है. टीम के इस मामले में अदालत ने नोरा फतेही को केवल गवाह के रूप में तलब किया है. नोरा की लीगल टीम का कहना है कि अभिनेत्री जांच एवं न्यायिक प्रक्रिया में एक गवाह के रूप में सहयोग कर रही हैं.

यह बयान 2 नवंबर को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद आया. इस दिन आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) से जुड़े मामले में नोरा को गवाही देने के लिए कोर्ट में पेश होना था. हालांकि, उनके वकीलों ने अदालत को बताया कि उन्हें समन बहुत कम समय पहले मिला था और पहले से तय प्रोफेशनल कमिटमेंट के चलते वे पेश नहीं हो सकीं.

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES