Ramayana: पर्दे पर यश के 'रावण' की तारीफ बनी विवाद की जड़? जानिए पूरा मामला और VHP की आपत्तियां
नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ पर VHP ने बैन और सेंसर सर्टिफिकेट रद्द करने की मांग की है. संगठन का आरोप है कि फिल्म में रावण को बड़ा दिखाया गया, ओरिजनल कथा से छेड़छाड़ हुई और वनवास के अहम हिस्सों को हटा दिया गया है.
रणबीर कपूर और यश की मोस्टपॉपुलर फिल्म ‘रामायण’ के सिनेमाघरों में आने के कुछ ही समय बाद इसे लेकर नया सियासी और धार्मिक घमासान छिड़ गया है. विश्व हिंदू परिषद यानी VHP ने शनिवार को इस फिल्म पर रोक लगाने की मांग करते हुए कड़ा रुख अपनाया है. संगठन के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने फिल्म में रावण की छवि को बढ़ा-चढ़ाकर दिखाने का आरोप लगाया और मांग रखी कि इसका सेंसर सर्टिफिकेट वापस लिया जाए और शो तुरंत बंद किए जाएं. एक तरफ फिल्म को लेकर ऑडियंस में एक्साइटमेंट देखी जा रही है, वहीं दूसरी ओर इस विरोध ने माहौल को काफी गरमा दिया है.
विश्व हिंदू परिषद ने शनिवार को साफ शब्दों में कहा कि ‘रामायण’ को दिया गया सेंसर सर्टिफिकेट खारिज किया जाए और इसकी स्क्रीनिंग फौरन रोकी जाए. संगठन ने फिल्म निर्माताओं पर लंकापति रावण का महिमामंडन करने का गंभीर आरोप लगाया है. VHP के महामंत्री बजरंग लाल बागरा ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि महर्षि वाल्मीकि द्वारा रची गई ओरिजनल रामायण के कई भागों को बदलकर पेश किया गया है. उनके मुताबिक कहानी में काल्पनिक घटनाएं जोड़ी गई हैं और कई अहम किरदारों को जानबूझकर बाहर रखा गया है.
धार्मिक भावनाओं-राजनीतिक नैरेटिव को लेकर आपत्ति
बजरंग लाल बागरा ने अपने बयान में कहा कि इस फिल्म के जरिए करोड़ों राम भक्तों की आस्था को ठेस पहुंचाने और एक खास राजनीतिक कहानी को आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है. फिल्म का रिव्यू करने के बाद आलोक कुमार ने भी अपनी असहमति दर्ज कराई. उन्होंने कहा कि पुरानी कथाओं में बदलाव और मनगढ़ंत बातें जोड़ना केवल एंटरटेनमेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि ये उन मूल आदर्शों को कमजोर करता है जिन पर भगवान राम की कथा आधारित है.
वनवास के अहम हिस्सों के गायब होने का दावा
आलोक कुमार ने अपने बयान में वनवास काल के उन महत्वपूर्ण हिस्सों का जिक्र किया, जिन्हें उनके अनुसार फिल्म में जगह नहीं मिली. उन्होंने कहा कि चौदह वर्ष के वनवास के दौरान भगवान राम समाज के हर वर्ग से जुड़े, तपस्वी वेश में रहे और बिना चप्पल के चले. माता अहिल्या के आश्रम जाकर उनका सम्मान लौटाने, निषादराज को मित्र मानकर समता का संदेश देने और केवट के लिए सही व्यवहार जैसे भागों को उन्होंने कथा की आत्मा बताया, जिनके न होने पर उन्होंने आपत्ति जताई.
रावण को बड़ा दिखाए जाने पर संगठन की तीखी टिप्पणी
विवाद को और गहरा करते हुए आलोक कुमार ने कहा कि फिल्म की शुरुआत से ही रावण को शोषितों के मसीहा के रूप में दिखाया गया है, जो उनकी भलाई के लिए काम करता नजर आता है. उनके अनुसार ये रावण को बड़ा और अच्छा दिखाने की कोशिश है. संगठन का मानना है कि इस तरह का चीजें असली कथा की भावना से अलग जाती है और लोगों के बीच गलत मैसेज दे सकती है.
फैंस के बीच यश के किरदार की चर्चा
असली ‘रामायण’ की कथा मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, माता सीता और अधर्म पर धर्म की विजय के आस-पास रही है. हालांकि नमित मल्होत्रा के बैनर तले बनी इस फिल्म में रावण का किरदार भी खूब सुर्खियां बटोर रहा है. एक्टर यश द्वारा निभाए गए रावण के रूप को ऑडियंस से मिल रही तारीफों ने इस पूरे विवाद को और हवा दे दी है, जिससे VHP की नाराजगी और बढ़ गई है.