SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

न राम, न रावण... फिर कौन है 7 दिन में 934.55 करोड़ कमाने वाली Ramayana का असली हीरो? जिसकी एक दहाड़ ने खड़े कर दिए रोंगटे

नितेश तिवारी की 4000 करोड़ के बजट वाली ‘रामायण’ इन दिनों खूब सुर्खियां बटोर रही है. फिल्म में रणबीर कपूर और यश के काम को काफी पसंद किया जा रहा है. हालांकि, फिल्म में एक किरदार ऐसा भी है, जिसकी चर्चा सबसे ज्यादा हो रही है और उसको फिल्म का असील हीरो तक कहा जा रहा है. वो किरदार राम और रावण के रोल पर भी भारी पड़ रहा है. क्या आप बता सकते हैं?

Written By Vandana Saini
Published: Nov 12, 2026, 03:20 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 04:16 PM IST
Image Credit: ‘रामायण’ में ये किरदार राम और रावण पर पड़ा भारी!
Join

नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म ‘रामायण’ इस समय सिनेमाघरों में धूम मचा रही है. 4000 करोड़ के भारी-भरकम बजट में तैयार हुई इस पौराणिक फिल्म को सिनेमा प्रेमियों और फिल्म क्रिटिक्स से बहुत अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म में भगवान राम के बेहतरीन किरदार में रणबीर कपूर कमाल का काम करते नजर आ रहे हैं, जबकि लंकापति रावण का दमदार किरदार यश ने निभाया है. फिल्म के शानदार विजुअल इफेक्ट्स और कलाकारों की एक्टिंग की हर जगह तारीफ हो रही है, लेकिन इन सबके बीच एक किरदार ऐसा भी है, जिसकी चर्चा रणबीर और यश से भी ज्यादा हो रही है. इस किरदार के सीन्स देखकर लोग हैरान हैं.

फिल्म का वो सबसे ज्यादा चर्चा में रहने वाला किरदार कोई और नहीं बल्कि महाबलशाली और श्रीराम के पिता दशरथ के मित्र पक्षी जटायु है. ‘रामायण’ में जटायु के कई ऐसे सीन्स हैं, जो ऑडियंस को इमोशनल कर देते हैं. महाकाव्य ‘रामायण’ में जटायु को उनके अदम्य साहस और बलिदान के लिए जाना जाता है. फिल्म में दिखाया गया है कि जब रावण माता सीता का हरण करके लंका ले जा रहा था, तब जटायु ने उन्हें बचाने के लिए अपनी जान की बाजी लगा दी थी. उन्होंने शक्तिशाली रावण को रास्ते में ही रोक लिया और उससे भयंकर युद्ध भी किया था. घायल होने की वजह से वे माता सीता को बचा तो नहीं पाए, लेकिन उन्होंने ही श्रीराम को सीता हरण की सूचना दी थी.

नितेश तिवारी ने बेहद खूबसूरती से गढ़ा किरदार

डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बड़े पर्दे पर जटायु के किरदार को बहुत ही सलीके और खूबसूरती के साथ पेश किया है. फिल्म की कहानी में जटायु से जुड़ा हर छोटा-बड़ा पल ऑडियंस के दिलों को छू लेता है. चाहे वो भगवान राम के जन्म का प्रसंग हो, माता सीता के साथ उनका इमोशनल जुड़ाव हो या फिर उन्हें बचाने के लिए लड़ी गई आखिरी लड़ाई हो, हर सीन में उस किरदार ने ऐसी जान फूंकी कि हर कोई बस उसी किरदार के बारे में बात कर रहे हैं. ऑडियंस सिनेमाघरों से बाहर निकलने के बाद भी इस किरदार की तारीफ करते नहीं थक रही. सोशल मीडिया पर सिर्फ और सिर्फ उस किरदार के ढेरों सीन वायरल हो रहे हैं, जिनको हर किसी का बेहद प्यार मिल रहा है.

42 साल बाद भी अनुपम खेर को पहला मौका देना नहीं भूले महेश भट्ट, लिखा इमोशनल लेटर; बोले- 'तुम्हें पहले कभी इतना...'

अनुपम खेर की आवाज ने सीन में डाली जान

लोगों का मानना है कि जटायु के बिना इस फिल्म की भव्यता अधूरी रहती. भले ही पर्दे पर दिखने वाले जटायु को मॉर्डन टेक्निक और विजुअल इफेक्ट्स की मदद से तैयार किया गया है, लेकिन इसके पीछे हिंदी सिनेमा के एक बेहद जाने-माने दिग्गज कलाकार की मेहनत छिपी है, जो कोई और नहीं बल्कि 71 साल के मशहूर अभिनेता अनुपम खेर हैं, जिन्होंने जटायु के किरदार को अपनी दमदार आवाज दी है. उनकी भारी और इमोशनल कर देने वाली आवाज ने इस एनिमेटेड किरदार को पूरी तरह से जीवंत बना दिया है. इतना ही नहीं, अनुपम खेर इस पूरी फिल्म के सूत्रधार यानी नरेटर भी हैं. उनकी आवाज के उतार-चढ़ाव ने ऑडियंस को कहानी के साथ शुरू से अंत तक बांधे रखा है.

अमिताभ बच्चन को मिलने वाला था ये खास रोल

फिल्मी गलियारों में इन दिनों इस किरदार की कास्टिंग को लेकर एक मजेदार किस्सा काफी चर्चा में है. खबरों की मानें तो अनुपम खेर से पहले ‘जटायु’ के किरदार को आवाज देने के लिए किसी और बड़े सुपरस्टार का नाम चल रहा था. बताया जा रहा है कि मेकर्स सबसे पहले अमिताभ बच्चन को इस रोल के लिए लेना चाहते थे और उन्हीं की दमदार आवाज में इस किरदार को दिखाने की प्लानिंग थी, लेकिन किसी वजह से अमिताभ बच्चन के साथ ये डील फाइनल नहीं हो सकी. इसके बाद मेकर्स ने ये खास जिम्मेदारी अनुपम खेर को दे दी. अब जब लोगों ने अनुपम खेर की आवाज सुनी है, तो हर कोई यही कह रहा है कि इस किरदार के लिए उनसे बढ़िया दूसरा कोई हो ही नहीं सकता था.

रावण और जटायु की लड़ाई देख खड़े हुए रोंगटे

इन दिनों सोशल मीडिया पर जटायु के सीन्स और तस्वीरें हर तरफ छाई हुई हैं. लोगों को सबसे ज्यादा जटायु और रावण के बीच हुई जबरदस्त युद्ध वाले सीन काफी भा रहे हैं. फिल्म में दिखाया गया है कि बूढ़े होने के बावजूद जटायु बिल्कुल नहीं डरते और पूरी ताकत के साथ 10 सिरों वाले रावण पर टूट पड़ते हैं. वे अपनी पैनी चोंच, पंजों और बड़े-बड़े पंखों से रावण को कड़ी टक्कर देते हैं. इस घमासान के बीच एक मौका ऐसा भी आता है जब जटायु अपने वार से रावण का सिर तक काट गिराते हैं, लेकिन रावण के पास ‘अमरता का वरदान’ होता है, जिसके चलते वो वापस से जिंदा हो जाता है, लेकिन जटायु अपनी जान गंवा देते हैं. वो चालाकी से उनका एक पंख काट देता है, जो काफी इमोशनल सीन है. 

साढ़े 6 साल की मेहनत से तैयार हुआ था सीन

फिल्म ‘रामायण’ के पहले पार्ट के आखिर में दिखाया गया ये युद्ध का सीन देखने वालों के रोंगटे खडे कर देता है. ताकत, हिम्मत और बलिदान से भरा ये पार्ट थिएटर में बैठे लोगों को इमोशनल कर देता है. हर किसी आंखें भर आती हैं, लेकिन शायद ही किसी को पता हो कि पर्दे पर सिर्फ कुछ मिनट तक चलने वाले इस सीन को बनाने में सालों की मेहनत लगी है. फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने एक इंटरव्यू के दौरान ये बताया था कि जटायु वाले इस खास सीन को पूरा करने में उनकी पूरी टीम को पूरे साढ़े 6 साल का समय लग गया था. इस सीन को असल दिखाने के लिए इसके एक-एक हिस्से और तकनीक पर बहुत बारीकी से काम किया गया है, ताकि देखने वालों को सब कुछ असली लगे.

फिल्म की जान बना जटायु का किरदार

फिल्म के सिनेमाघरों में आने के बाद से ही सोशल मीडिया पर हर तरफ सिर्फ जटायु के किरदार की ही बातें हो रही है. ट्विटर से लेकर इंस्टाग्राम पर लोग जटायु और रावण की लड़ाई वाले सीन की जमकर तारीफ कर रहे हैं. लोगों का मानना है कि भारतीय सिनेमा में ऐसा शानदार सीन पहले कभी नहीं देखा गया. कई फैंस ने तो यहां तक कह दिया है कि फिल्म में रणबीर कपूर और यश जैसे बड़े सुपरस्टार्स होने के बावजूद जटायु का रोल सब पर भारी पड़ा है और यही सबसे ज्यादा याद रहता है. एक यूजर ने लिखा, ‘पूरी फिल्म में जटायु का सीन सबसे दमदार है और इसे देखकर रोंगटे खड़े हो जाते हैं’. साफ है कि डायरेक्टर नितेश तिवारी और उनकी पूरी टीम की मेहनत सफल हो गई है और जटायु इस फिल्म की सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आए हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES