कैंसर से जंग हारे 'स्त्री 2' फेम मुश्ताक खान: कभी फर्जी इवेंट के जाल में बंदूक की नोक पर रहे कैद, फिर अजान सुनकर ऐसे बचाई थी जान
Actor Mushtaq Khan Passes Away: दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान का कैंसर से 24 सितंबर को निधन हो गया है. ऐसे में जानिए साल 2024 में उनके साथ हुई उस खौफनाक वारदात के बारे में, जब फर्जी इवेंट के नाम पर उन्हें किडनैप कर लिया गया था और अजान की आवाज सुनकर उन्होंने अपनी जान बचाई थी.
Actor Mushtaq Khan Passes Away: 'वेलकम', 'हेरा फेरी' और 'स्त्री 2' जैसी हिट फिल्मों में यादगार किरदार निभाने वाले दिग्गज एक्टर मुश्ताक खान का कैंसर से एक लंबी लड़ाई के बाद 24 सितंबर को निधन हो गया है. जहां एक तरफ पूरी फिल्म इंडस्ट्री उनके लंबे और सफल करियर को याद कर रही है, वहीं उनके जीवन की सबसे खौफनाक घटनाओं में से एक साल 2024 की है. उस समय एक फर्जी इवेंट का झांसा देकर उन्हें कथित तौर पर किडनैप कर लिया गया था.
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम यादव के अनुसार, एक्टर को 20 नवंबर को मेरठ में आयोजित एक पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था. आयोजकों ने एडवांस पेमेंट के साथ-साथ फ्लाइट के टिकट भी उपलब्ध कराए गई थे. 20 नवंबर को जब मुश्ताक खान दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरे, तो उन्हें मेरठ ले जाने का झांसा देकर एक गाड़ी में बैठाया गया.
फर्जी निमंत्रण देकर कैसे बिछाया गया था जाल?
बिजनेस पार्टनर शिवम की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुश्ताक खान को एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था. आयोजकों ने उन पर भरोसा जताने के लिए एडवांस पेमेंट के साथ-साथ फ्लाइट के टिकट भी भेजे थे. दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह आयोजकों द्वारा भेजी गई गाड़ी में सवार हुए. हालांकि, उन्हें कार्यक्रम स्थल ले जाने के बजाय पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर ले जाया गया और बिजनौर के पास एक मकान में बंधक बना लिया गया. बाद में पुलिस जांच में सामने आया कि यह एक सोची-समझी साजिश थी.
किडनैपर्स ने कितनी फिरौती मांगी और क्या-क्या छीना?
मुश्ताक खान के बिजनेस पार्टनर शिवम ने खुलासा किया था कि अपहरणकर्ताओं ने अभिनेता को करीब 12 घंटे तक परेशान किया और उन्हें बंदूक की नोक पर रखकर 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी. इतना ही नहीं, बदमाशों ने मुश्ताक खान और उनके बेटे के बैंक खातों से जबरन 2 लाख रुपये से अधिक की राशि भी ट्रांसफर करवा ली थी.
अजान की आवाज सुनकर कैसे भागे मुश्ताक खान?
इस पूरे वाकये का सबसे नाटकीय मोड़ एक्टर का वहां से भाग निकलना था. शिवम के अनुसार, तड़के सुबह मुश्ताक खान को अजान की आवाज सुनाई दी, जिससे उन्हें अहसास हुआ कि आसपास जरूर कोई मस्जिद है. उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर मौका मिलते ही वहां से दौड़ लगा दी और स्थानीय निवासियों व पुलिस की मदद ली. मुश्ताक ने बाद में बताया कि उन्हें अहसास हो गया था कि वहां रुकना उनकी जान के लिए खतरनाक हो सकता है.
क्या पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई की?
घटना के बाद मुश्ताक और उनका परिवार काफी सहम गया था, लेकिन अभिनेता एफआईआर दर्ज कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध थे. पुलिस के पास फ्लाइट टिकट, बैंक ट्रांजेक्शन और एयरपोर्ट के पास की सीसीटीवी फुटेज जैसे पुख्ता सबूत थे. इसी दौरान कॉमेडियन सुनील पाल के साथ भी ऐसी ही घटना सामने आई थी. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सेलिब्रिटीज को निशाना बनाने वाले इस गिरोह के कई आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था.