SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'हमेशा से हिंदू विरोधी रही हैं...', दीया मिर्जा पर मुंबई की मेयर का तीखा हमला; BMC से ब्लैकलिस्ट होने पर एक्ट्रेस ने तोड़ी चुप्पी

दीया मिर्जा के दिवाली कैंपेन वीडियो को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. BMC के वीडियो हटाने के बाद मुंबई की मेयर ने एक्ट्रेस पर 'हिंदू विरोधी' होने का आरोप लगाया. वहीं, BMC से ब्लैकलिस्ट किए जाने की खबरों पर दीया मिर्जा ने भी अपनी चुप्पी तोड़ी है. आखिर पूरा मामला क्या है?

Written By Swati Singh
Published: Nov 02, 2026, 03:48 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 04:46 PM IST
Image Credit: दीया मिर्जा को बताया 'हिंदू विरोधी'
Join

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने एक्ट्रेस दीया मिर्जा के वीडियो को अपने 'प्रदूषण मुक्त दिवाली' अभियान से हटा दिया है. मुंबई बीजेपी प्रमुख अमित साटम ने इसमें उनके शामिल होने पर आपत्ति जताई थी, जिससे एक राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया. मेयर रितु तावड़े ने एक्ट्रेस को हिंदू-विरोधी करार दिया और कहा कि उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है. मेयर रितु तावड़े ने कहा कि अपील वाले वीडियो को हटाने का कदम एक्ट्रेस के धर्म से जुड़ा नहीं है. तावड़े ने कहा, 'इसका किसी धर्म से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने हमेशा हिंदू-विरोधी और सरकार-विरोधी रुख अपनाया है. विरोध करने की वजह यही है, न कि उनका धर्म. हम धर्मनिरपेक्षता में विश्वास करते हैं.'

हालांकि, नगर निकाय ने बिना कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण दिए वीडियो को हटा दिया. तावड़े ने कहा, 'हमने पहले भी देखा है कि दीया मिर्जा चुनिंदा प्रचार (प्रोपगैंडा) करती हैं. वह अपने निजी हैंडल पर जो चाहें पोस्ट कर सकती हैं, लेकिन उन्हें बीएमसी (BMC) के हैंडल पर ऐसा करने की अनुमति नहीं दी जाएगी. हम यह सुनिश्चित करेंगे कि हमारी महायुति सरकार में उन्हें ब्लैकलिस्ट कर दिया जाए.'

मेयर ने कहा कि यह स्थिति प्रशासन की ओर से हुए गलत संचार का नतीजा है. जब उनसे पूछा गया कि वीडियो क्यों हटाया गया? तो तावड़े ने जवाब के लिए नगर निकाय की ओर इशारा किया. तावड़े ने कहा, 'इसे क्यों पोस्ट किया गया और बाद में क्यों हटा दिया गया, इन सभी सवालों के जवाब आपको BMC प्रशासन से मिलेंगे. BMC प्रशासन ने हमसे कोई सलाह नहीं ली थी.'

'हमें आपसे यह सीखने की जरूरत नहीं', पटाखे न जलाने की अपील कर विवादों में घिरीं दीया मिर्जा; BMC ने डिलीट किया वीडियो

उन्होंने कहा, 'मैं यह सुनिश्चित करूंगी और BMC कमिश्नर से बात करूंगी कि ऐसा दोबारा न हो. साथ ही आगे से जनसंपर्क विभाग को ऐसे प्रस्ताव हमारे सामने भी रखने चाहिए.' तावड़े ने कहा, 'मुझे पता है कि यह हाई कोर्ट के निर्देशों के अनुसार किया गया था. एक महिला होने के नाते मैंने हमेशा महिलाओं का समर्थन किया है. मैं यहां मुंबई की सेवा करने के लिए हूं, लेकिन लोगों को यह समझना चाहिए कि मैं उन लोगों के खिलाफ हूं, जो हिंदुत्व का विरोध करते हैं.'

केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने भी उठाए सवाल

वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि भले ही दीया मिर्जा मुस्लिम समुदाय से आती हैं, लेकिन यह मामला किसी खास धर्म से जुड़ा नहीं है. अठावले ने कहा, भारत एक ऐसा देश है जहाँ डॉ. बी.आर. अंबेडकर द्वारा दिया गया संविधान हर धर्म को अपने त्योहार मनाने का अधिकार देता है.'

बता दें कि एक्ट्रेस ने नागरिकों से पटाखे न जलाने और पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने की अपील की थी. उन्होंने जनहित और बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देशों पर आधारित इस अभियान की आलोचना पर सवाल उठाए. न्यूज एजेंसी से बात करते हुए उन्होंने कहा, 'कोई उस वीडियो की आलोचना क्यों करेगा जिसे माननीय बॉम्बे हाई कोर्ट और BMC ने मुझसे जनहित में रिकॉर्ड करवाया है? वायु प्रदूषण चिंता का विषय है और प्रदूषण कम करने के सभी प्रयासों का स्वागत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह जन स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है.'

मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बीएमसी ने एक अभियान शुरू किया था. इसमें बॉम्बे हाई कोर्ट के निर्देश के अनुसार नागरिकों से पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दिवाली मनाने की अपील की गई थी. इस संदेश को फैलाने के लिए कई मशहूर हस्तियों को शामिल किया गया था, जिनमें दीया मिर्जा, एक्ट्रेस माधुरी दीक्षित और निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे शामिल थे. हालांकि, रविवार को साटम ने एक्स पर बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए एक पोस्ट में मिर्जा को शामिल किए जाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया पेजों से एक्ट्रेस की क्लिप हटा दी.

विवाद के बीच दीया मिर्जा की सफाई

बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) के प्रदूषण कम करने वाले जागरूकता अभियान में शामिल अभिनेत्री दीया मिर्जा के वीडियो को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है. इसी बीच दीया मिर्जा का वीडियो बीएमसी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया. इस पूरे विवाद के बीच अब दीया मिर्जा ने अपना बयान दिया है.  

दीया मिर्जा ने कहा, ‘दीपावली अंधकार पर प्रकाश, अज्ञान पर ज्ञान और निराशा पर आशा की जीत का उत्सव है. यह वीडियो लोगों में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रिकॉर्ड किया गया था, ताकि उन्हें अधिक स्वस्थ और सोच-समझकर त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया जा सके. वायु प्रदूषण जनस्वास्थ्य से जुड़ा एक मुद्दा है और इसे कम करने की दिशा में किया गया हर प्रयास सभी के लिए बेहतर पर्यावरण की ओर एक कदम है.'

शाहरुख खान की हाजिरजवाबी के वो दिन; जब उनके इंटरव्यू बन जाते थे एंटरटेनमेंट का डोज, आज के फैंस क्यों मिस करते हैं?

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, मुंबई में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच बीएमसी ने दीपावली से पहले लोगों को प्रदूषण कम करने के लिए जागरूक करने का अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत कुछ वीडियो जारी किए गए थे, जिनमें दीया मिर्जा के अलावा अभिनेत्री माधुरी दीक्षित और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे भी नजर आए थे. इन वीडियो के जरिए लोगों से पटाखों का इस्तेमाल कम करने और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए दीपावली मनाने की अपील की गई थी.

हालांकि, दीया मिर्जा का वीडियो सामने आने के बाद इस पर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया. मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने अभिनेत्री के वीडियो पर आपत्ति जताई और कहा कि लोगों को दीपावली मनाने के तरीके के बारे में दीया मिर्जा से सीख लेने की जरूरत नहीं है. भारतीय परंपराओं में दीपावली का खास महत्व है और लोगों को अपने त्योहारों के बारे में अच्छी तरह पता है. विवाद बढ़ने के बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया. 

(आईएएनएस इनपुट के साथ)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES