'गुरु जी' के नाम मेगास्टार का पैगाम: अमिताभ बच्चन के बर्थडे पर चिरंजीवी का खास ट्रिब्यूट, बोले- 'आप ही हमारी प्रेरणा हैं'
Amitabh Bachchan Birthday: साउथ के मेगास्टार चिरंजीवी ने अपने गुरु और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन को उनके 84वें जन्मदिन पर बेहद खास अंदाज में बधाई दी है. उन्होंने बिग बी की सादगी, विनम्रता और सिनेमा के लिए उनके अटूट समर्पण की दिल खोलकर तारीफ की है, जो आज हर कलाकार के लिए किसी प्रेरणा से कम नहीं है.
बॉलीवुड के शंहशाह अमिताभ बच्चन आज 11 अक्टूबर, 2026 को अपना 84वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर देश के कई बड़े कलाकारों से उन्हें बधाइयों के मैसेज मिल रहे हैं. इस बीच, साउथ सिनेमा के मेगास्टार कोनिडेला चिरंजीवी ने अपने 'गुरु जी' के लिए एक ऐसा प्यारा और इमोशनल मैसेज लिखा है, जिसने सोशल मीडिया पर फैंस को भावुक कर दिया है. चिरंजीवी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बिग बी के साथ एक बेहद खूबसूरत तस्वीर शेयर करते हुए उन्हें जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं दी हैं.
चिरंजीवी ने अपनी इस पोस्ट में लिखा, 'मेरे प्रिय गुरु जी श्री बच्चन को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! सिनेमा के लिए आपका प्रेम और अपने काम के प्रति आपका सम्मान हमेशा मेरे लिए प्रेरणा रहा है.' मेगास्टार ने आगे लिखा कि बिग बी की असाधारण उपलब्धियों से ज्यादा उनकी गर्मजोशी और विनम्रता उन्हें सबसे अलग बनाती है. इसके अलावा चिरंजीवी ने उन्हें अच्छे स्वास्थ्य, अनंत खुशियों और अपनी पसंद का काम करते हुए कई और यादगार साल बिताने की दुआ दी है.
मेगास्टार ने जया बच्चन से मांगी थी मदद
अमिताभ बच्चन और चिरंजीवी का रिश्ता पर्दे उसके पीछे दोनों ही जगह बेहद गहरा और खास रहा है. साल 2019 में रिलीज हुई फिल्म 'सई रा नरसिम्हा रेड्डी'में दोनों एक साथ नजर आए थे. खास बात ये है कि चिरंजीवी खुद बिग बी से सीधे कॉन्टैक्ट करने में थोड़े हिचकिचा रहे थे, इसलिए उन्होंने अपनी बात पहुंचाने के लिए जया बच्चन का सहारा लिया. जया की बात सुनते ही अमिताभ बच्चन ने एक पल का समय नहीं लिया और तुरंत हामी भर दी. वहीं उन्होंने इसके लिए कोई भी फीस लेने से साफ-साफ इनकार कर दिया. इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी ट्रैवलिंग और रहने का खर्चा भी खुद उठाया.
'सात हिंदुस्तानी' से शुरू हुआ था सफर
अमिताभ बच्चन का ये मैजिकल जर्नी साल 1969 में रिलीज हुई फिल्म 'सात हिंदुस्तानी' से शुरू हुई थी, जिसमें उन्होंने कवि अनवर अली का किरदार निभाया था. शुरुआती दौर में 'रेशमा और शेरा' जैसी कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर कमाल नहीं दिखा पाईं, लेकिन 'आनंद'और 'बॉम्बे टू गोवा'ने उन्हें एक उभरता हुआ सितारा बना दिया. इसके बाद, 'एंग्री यंग मैन' के रूप में उन्होंने जो इतिहास लिखा, उसने भारतीय सिनेमा की तस्वीर ही बदल दी.
आज भी फिल्मों में छाए हुए हैं बिग बी
84 साल की उम्र में भी अमिताभ बच्चन का जोश और काम के लिए जुनून किसी नए एक्टर से कम नहीं है. हाल ही में उन्हें रजनीकांत के साथ फिल्म 'वेट्टैयन' में देखा गया था, और इन दिनों वो ब्लॉकबस्टर फिल्म 'कल्कि 2898 ईस्वी' के मोस्टअवेटेड सीक्वल की तैयारियों में बिजी हैं, जिसमें प्रभास और कमल हासन जैसे दिग्गज भी उनके साथ नजर आएंगे. उम्र के इस पड़ाव पर भी उनका ये सफर साबित करता है कि वो सच में इंडियन सिनेमा के शहंशाह हैं.