खत्म हो रहा दूसरा सीजन: 25 साल बाद फिर टकराएंगे तुलसी-मिहिर, इस दिन टेलीकास्ट होगा शो का आखिरी इमोशनल एपिसोड
Kabhi Saas Kabhi Bahu Thi 2 Last Episode: तुलसी और मिहिर के चाहने वालों के लिए एक बड़ी खबर आई है, जिस मिलन की आस में फैंस सालों से बैठे थे, वो घड़ी आखिरकार आ गई है. मेकर्स ने शो के आखिरी एपिसोड का प्रोमो जारी कर दिया है, लेकिन इसी के साथ शो के बंद होने का दर्द भी फैंस को इमोशनल कर रहा है.
स्टार प्लस का सबसे पसंदीदा सीरियल ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ भारतीय टीवी के इतिहास में एक खास जगह रखता है. इसका पहला सीजन करीब 1,833 एपिसोड तक चला था और इसने घर-घर में अपनी एक अलग पहचान बनाई थी. उस दौर में मिहिर और तुलसी के किरदार में अमर उपाध्याय और स्मृति ईरानी ने दर्शकों के दिलों पर राज किया था. यही वजह थी कि जब इस शो के दूसरे सीजन का ऐलान हुआ, तो लोग बेहद खुश हो गए थे. हर कोई मिहिर और तुलसी को दोबारा टीवी स्क्रीन पर साथ देखने के लिए बेताब था.
हाल ही में सामने आई एक खबर ने इन तमाम चाहने वालों का दिल पूरी तरह तोड़ दिया है. चर्चा थी कि ये शो बहुत जल्द बंद होने जा रहा है, जिससे दर्शक काफी मायूस हो गए थे. अब खुद मेकर्स ने इस खबर पर पक्की मुहर लगा दी है. शो के मेकर्स ने इसके आखिरी एपिसोड का नया प्रोमो जारी कर दिया है. इस प्रोमो में आखिरकार वो पल दिखाया गया है, जिसका इंतजार सब कर रहे थे, यानी मिहिर और तुलसी का मिलन. खुशी की बात ये है कि दोनों साथ दिखेंगे, लेकिन दुख ये है कि ये उनका अंतिम सफर होगा.
सोशल मीडिया पर सामने आया भावुक प्रोमो
स्टार प्लस के ऑफिशियल इंस्टाग्राम पेज पर शो का नया प्रोमो शेयर किया गया है. इसके साथ एक बहुत ही इमोशनल कर देने वाला कैप्शन लिखा गया है, ‘जिस पल का इंतजार सब कर रहे थे, वो करीब आ गया है और बरसों बाद तुलसी और मिहिर का मिलन होने जा रहा है’. मेकर्स ने लोगों को बताया है कि वे इस शो को रात 10.30 बजे और जियो हॉटस्टार पर कभी भी देख सकते हैं. प्रोमो में साफ तौर पर दिखाया गया है कि आने वाली 20 अक्टूबर को रात 10.30 बजे इस कहानी का अंतिम अध्याय टीवी पर टेलीकास्ट किया जाएगा.
दशहरे पर रीक्रिएट होगा पुराना सीन
मिहिर और तुलसी की इस दास्तान की शुरुआत जिस मोड़ से हुई थी, उसका अंत भी बिल्कुल उसी अंदाज में होने जा रहा है. प्रोमो में ठीक वही पुराना यादगार सीन दोहराया गया है, जिसने पुराने दौर की यादों को फिर ताजा कर दिया. इसमें तुलसी हाथ में सिंदूर की थाली लेकर जा रही होती है और अचानक मिहिर से टकरा जाती है. इसके बाद दोनों पर सिंदूर बिखर जाता है. ये बेहद खास एपिसोड दशहरे के मौके पर टीवी पर दिखाया जाएगा. दर्शक इस पल को लेकर खुश तो हैं, लेकिन शो खत्म होने के दर्द को भी छुपा नहीं पा रहे हैं.
फैंस का छलका दर्द, विदाई से टूटे दिल
जैसे ही शो के बंद होने की बात सामने आई, सोशल मीडिया पर दर्शकों के रिएक्शन की बाढ़ आ गई. मेकर्स की ओर से जारी प्रोमो देखकर एक दर्शक ने लिखा, ‘हम इस मिलन का जश्न कैसे मनाएं जब हमें पता है कि वे हमेशा के लिए अलविदा कह रहे हैं’. वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, ‘ये 25 साल की शानदार विरासत और एक खूबसूरत सीजन रहा, जिसमें मिहिर और तुलसी से दोबारा प्यार हो गया’. एक और यूजर ने ने इस पल को एक प्यारा मिलन और दिल तोड़ने वाली विदाई बताया. लोग इस बात से बेहद दुखी नजर आए.
शो बंद न करने की लगाई गुहार
सोशल मीडिया पर कई ऐसे लोग भी थे, जिन्हें इतनी जल्दी शो खत्म होने का यकीन ही नहीं हो रहा था. एक यूजर ने निराशा जताते हुए लिखा, ‘हमने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि ये सीरियल इतनी जल्दी ऑफ एयर हो जाएगा’. इसके अलावा कई फैंस तो मेकर्स से सीधे हाथ जोड़कर ये अपील कर रहे हैं कि प्लीज इस शो को बंद मत करिए. दशकों बाद तुलसी और मिहिर की जो जोड़ी पर्दे पर लौटी थी, उसे दर्शक इतनी जल्दी खोना नहीं चाहते थे. अब हर किसी की निगाहें 20 अक्टूबर के उस आखिरी एपिसोड पर टिकी हैं.