)
बॉलीवुड एक्ट्रेस कैटरीना कैफ ने बच्चे के जन्म के बाद हुई'बॉडी-शेमिंग'के बारे में खुलकर बात की है. साथ ही उन्होंने इस बात पर सवाल उठाया है कि महिलाओं पर गर्भावस्था से पहले वाले शरीर में वापस लौटने का दबाव क्यों डाला जाता है? एक्ट्रेस ने मातृत्व को अपनाने अपनी फिटनेस पर ध्यान देने और अपनी पर्सनल और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच बैलेंस बनाना सीखने के बारे में बात की.
वोग इंडिया (Vogue India) के साथ बातचीत में ट्रोलर्स का जवाब देते हुए कैटरीना ने कहा कि उन्हें ऑनलाइन चल रही बातों के बारे में पता है, लेकिन वह नहीं चाहतीं कि इन बातों का असर उनके जीवन के इस खूबसूरत दौर पर पड़े. उन्होंने कहा, 'हम एक ऐसी दुनिया में रहते हैं. जहां लोगों की बदलती राय हमें इधर-उधर भटकाने की कोशिश करती है. मुझे लगता है कि ज्यादातर लोग जानते हैं कि बच्चे को जन्म देने के बाद एक महिला के शरीर में क्या-क्या बदलाव आते हैं. और अगर फिर भी कोई उस शरीर को बहुत कठोर नजरिए से देखता है, तो यह उनकी अपनी पसंद है. इसे जानकारी की कमी नहीं कहा जा सकता, क्योंकि आज के समय में जानकारी की कोई कमी नहीं है. मैं बस अपने जीवन के इस प्यारे हिस्से पर और आगे के अपने सफर पर ध्यान देना चाहती हूं.'
कैटरीना ने इस सोच पर भी सवाल उठाया कि महिलाओं से यह उम्मीद की जानी चाहिए कि वे प्रेग्नेंसी से पहले वाले शरीर में जल्द से जल्द वापस आ जाएं. उनके लिए मातृत्व कोई ऐसा दौर नहीं है जिससे वे पीछे लौटना चाहती हैं, बल्कि यह एक नया अध्याय है जिसे वे अपनाना चाहती हैं.
कैटरीना ने कहा, 'बाउंस बैक? कहां से? मैंने एक ऐसी चीज की ओर कदम बढ़ाया है जो मेरे दिल की गहरी इच्छा थी, तो फिर मैं पीछे क्यों जाना चाहूंगी? बच्चे को जन्म देने के कुछ दिनों बाद विहान का चेहरा देखना और यह जानना कि मेरे और विक्की के चार साल के सफर का नतीजा यही है. यह एक ऐसा एहसास था जिसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता. मैं अपनी फिटनेस जर्नी को लेकर पूरी तरह जागरूक हूं और जानती हूं कि मेरा शरीर कब सबसे ज्यादा एनर्जेटिक महसूस करता है. मैं अपनी स्पीड से उस स्थिति तक पहुंच जाउंगी.'
बता दें कि कैटरीना और विक्की कौशल ने नवंबर 2025 में अपने बेटे विहान का स्वागत किया.
कैटरीना ने अपने हर काम में अपना बेस्ट देने के अपने पक्के इरादे और अपने करियर को मदरहुड और फैमिली लाइफ के साथ बैलेंस करने की चुनौती के बारे में बात की. एक्टिंग के अलावा वह अपना ब्यूटी ब्रांड 'के ब्यूटी' (Kay Beauty) भी चलाती हैं. एक्ट्रेस ने कहा, 'पूरी लगन और दृढ़ संकल्प के साथ काम करना मेरी एक बड़ी खूबी है. मैं तभी आराम करती हूं जब मैं अपना 1000 प्रतिशत दे चुकी होती हूं. इसका मतलब यह नहीं है कि मैंने किसी और से बेहतर काम किया है. इसका बस इतना मतलब है कि मैंने अपनी तरफ से सबसे बेहतरीन काम किया है. अब मैं यह सीखने की कोशिश कर रही हूं कि एक एक्ट्रेस, एक बिजनेस पर्सन, एक मां, एक पत्नी, एक बेटी और एक बहन के रूप में कैसे बैलेंस बनाया जाए. यह एक ऐसा तालमेल है जिसे साधना काफी मुश्किल काम है.'
कैटरीना ने विक्की कौशल के साथ अपने रिश्ते के बारे में भी बात की. उन्होंने विक्की के मजबूत पारिवारिक मूल्यों और ईमानदारी की तारीफ की और बताया कि विक्की उन्हें खुद की तरह रहने की पूरी आजादी देते हैं. उन्होंने विक्की को एक सपोर्टिव पार्टनर बताया और कहा कि लंबे समय तक काम करने के बावजूद वे अपने बेटे विहान की परवरिश में पूरी तरह शामिल रहते हैं. कैटरीना कैफ और विक्की कौशल की शादी 9 दिसंबर 2021 को राजस्थान में हुई थी.