)
कार्तिक आर्यन बॉलीवुड के उन चुनिंदा स्टार्स में शामिल हैं, जिनकी लगभग हर साल कम से कम एक फिल्म सिनेमाघरों में जरूर रिलीज होती रही है. हालांकि, इस साल 2026 में उनकी कोई भी नई फिल्म बड़े पर्दे पर नहीं आई, जिससे उनके चाहने वाले थोड़े मायूस जरूर किया, लेकिन अब उनकी फिल्मों के दीवानों और फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. कार्तिक साल 2027 में एक या दो नहीं, बल्कि पूरी तीन फिल्मों के साथ बड़े पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं. सबसे खास बात ये है कि उनकी ये तीनों फिल्में साल के पहले 6 महीनों के अंदर ही सिनेमाघरों में दस्तक देंगी.
इस धमाकेदार सफर की शुरुआत साल की शुरुआत में ही हो जाएगी, जहां कार्तिक बिल्कुल नए अवतार में ऑडियंस को एंटरटेन करते नजर आएंगे. उनकी पहली फिल्म ‘नागजिला’ होगी, जो एक मजेदार फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म है, जिसमें कार्तिक एक रूप बदल वाले इच्छाधारी नाग का किरदार निभाते नजर आएंगे. फिल्म में उनके साथ रवि किशन भी अहम रोल में नजर आएंगे. ‘फुकरे’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाने वाले डायरेक्टर मृगदीप सिंह लांबा के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 12 फरवरी 2027 को रिलीज होगी, जिसे करण जोहर के धर्मा प्रोडक्शंस और महावीर जैन फिल्म्स ने मिलकर बनाया है.
फैंटेसी-कॉमेडी फिल्म ‘नागजिला’ के रिलीज होने के लगभग ढाई महीने बाद कार्तिक आर्यन एक ऐसी फिल्म लेकर आएंगे, जो दर्शकों को इमोशनल करने के साथ-साथ सीधे दिल को छू लेगी. इस बार पर्दे पर उनका एक अलग ही रोमांटिक अंदाज देखने को मिलेगा, जिसकी बातें अभी से हर तरफ हो रही हैं. जाने-माने डायरेक्टर अनुराग बसु इस लव स्टोरी को बना रहे हैं और फिल्म में कार्तिक के साथ खूबसूरत एक्ट्रेस श्रीलीला नजर आएंगी. हाल ही में टी-सीरीज ने बताया कि ये फिल्म 30 अप्रैल 2027 को थिएटर्स में रिलीज की जाएगी. फैंस अभी से इस नई जोड़ी को बड़े पर्दे पर साथ देखने के लिए काफी बेताब हैं.
फिल्म की कहानी का ताना-बाना और कार्तिक का एकदम नया अंदाज लोगों को पहले ही काफी पसंद आ रहा है. आजकल के दर्शक थिएटर्स में दिल को छू लेने वाली और इमोशनल प्रेम कहानियां देखना खूब पसंद कर रहे हैं. इसके साथ ही लोगों को पूरा यकीन है कि अनुराग बसु की बाकी फिल्मों की तरह इस मूवी के गाने भी दिल जीत लेंगे और इसकी सबसे बड़ी यूएसपी बनेंगे. फिल्म के प्यारे म्यूजिक और कार्तिक-श्रीलीला की बिल्कुल नई जोड़ी की मजेदार केमिस्ट्री ने फैंस की उम्मीदें काफी बढ़ा दी हैं. यही वजह है कि इसे साल 2027 की सबसे ज्यादा पसंद की जाने वाली और बड़ी रोमांटिक फिल्मों में गिना जाने लगा है.
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, ‘चंदू चैंपियन’ के बाद डायरेक्टर कबीर खान और कार्तिक आर्यन फिर से एक साथ काम कर रहे हैं. दोनों की ये नई फिल्म 18 जून 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. इस प्रोजेक्ट का नाम ‘लड़ाकू’ रखा गया है, जिसे बिड़ला स्टूडियोज और कबीर खान एंटरटेनमेंट मिलकर बना रहे हैं. पर्दे पर आने वाली ये फिल्म एकदम सच्ची और हौसला बढ़ाने वाली है. रिपोर्ट्स का कहना है कि ये फिल्म देश की सबसे कम उम्र की दो बार वर्ल्ड किकबॉक्सिंग चैंपियन बनीं तजामुल इस्लाम की असली जिंदगी पर बनी है. दर्शकों को इस फिल्म में तजामुल के कड़े संघर्ष और खेल का भरपूर रोमांच देखने को मिलेगा.
साथ ही ऐसा भी माना जा रहा है कि फिल्म ‘लड़ाकू’ कार्तिक आर्यन के करियर का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हो सकती है. इस फिल्म के साथ वे ‘डोपामाइन स्टूडियोज’ के बैनर तले पहली बार बतौर प्रोड्यूसर अपने सफर की नई शुरुआत करने वाले हैं. सिर्फ पर्दे के पीछे ही नहीं, स्क्रीन पर भी वे चैंपियन तजामुल इस्लाम के कोच का लीड रोल निभाते नजर आएंगे. कुल मिलाकर कॉमेडी, रोमांस और स्पोर्ट्स ड्रामा से जुड़े अपने तीन बड़े प्रोजेक्ट्स के साथ कार्तिक साल 2027 के शुरुआती 6 महीनों में बॉक्स ऑफिस पर पूरी तरह राज करने के लिए तैयार हैं. ये नया रोल उनके फैंस के लिए भी काफी बड़ा सरप्राइज साबित होने वाला है.