'बोटोक्स के सख्त खिलाफ हूं...', करीना कपूर ने बताई 40 की उम्र में जवां रहने की सोच, कहा- 18 साल का दिखना जरूरी नहीं
बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर ने हाल ही में बोटोक्स से दूर रहने के अपने फैसले के बारे में अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि कोई भी हमेशा 19 साल की नहीं दिख सकता. वहीं बताया कि मैं अपने 40 के दशक में सबसे बेहतरीन समय बिता रही हूं.
शोबिज की दुनिया में जवान दिखने के लिए सर्जरी कराना शायद एक आम बात हो गई हो, लेकिन क्या खूबसूरत दिखने के लिए हमेशा जवां दिखना जरूरी है? हाल ही में करीना ने इस पर अपनी राय रखी. करीना कपूर अक्सर किसी न किसी वजह से सुर्खियों में बनी रहती हैं. इस बार हसीना अपने एक लेटेस्ट इंटरव्यू को लेकर चर्चा में आ गई हैं. हाल ही में करीना ने बताया कि अपने टैलेंट को बनाए रखने के अपने अलग तरीके होते हैं.
हाल ही में करीना कपूर ने 'मोजो स्टोरी' के लिए बरखा दत्त से बातचीत के दौरान कई मुद्दों पर अपनी राय रखी. जब करीना से बोटोक्स और ब्यूटी ट्रीटमेंट्स के बारे में उनकी राय पूछी गई, तो उन्होंने तुरंत जवाब दिया कि वह बोटोक्स के सख्त खिलाफ हैं.
करीना कपूर ने बताई 40 की उम्र में जवां रहने की सोच
करीना कपूर ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखते हुए कहा, 'मैं बोटोक्स के बिल्कुल खिलाफ हूं और मैंने हमेशा इस बारे में बहुत ईमानदारी से बात की है. मैं 'खुद को सहेजने' (self-preservation) के पॉजिटिव तरीके को मानती हूं, जैसे कि स्वस्थ रहना, अच्छा महसूस करना और प्राकृतिक उपचार अपनाना. खुद को सहेजने का एक मतलब अपने हुनर को बचाए रखना भी है, क्योंकि वही मेरा हथियार है. परिवार और दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताना और सेट पर काम करने के अलावा दूसरी गतिविधियों में शामिल होना भी खुद को सहेजने का एक तरीका होता है.'
यह भी पढ़ें- दिवाली पर बॉक्स ऑफिस पर छाई 'रामायण', रणबीर कपूर की फिल्म ने चौथे दिन कमाए 56 करोड़; 500 करोड़ के करीब पहुंची कमाई
40 की उम्र में हूं सबसे खुश- करीना कपूर
करीना ने आगे कहा, 'सुइयां लगवाने या सर्जरी कराने के बजाय, मैं इन तरीकों का पूरा समर्थन करती हूं. लोग शायद यह भूल जाते हैं कि इंजेक्शन या अन्य कॉस्मेटिक ब्यूटी ट्रीटमेंट्स के बजाय, अपने शरीर और मन को स्वस्थ, सुरक्षित रखना कहीं ज्यादा जरूरी है.' करीना ने आगे कहा, 'यह बहुत बुरी बात है कि कम उम्र की लड़कियां 18 या 20 साल से आगे के बारे में सोचना ही नहीं चाहतीं. मैं अपने 40 के दशक में सबसे बेहतरीन समय बिता रही हूं. मैंने पहले कभी इतना अच्छा महसूस नहीं किया और न ही कभी इतना अच्छा अभिनय किया है.'
आखिरी बार फिल्म 'दायरा' में आईं नजर
वहीं, करीना कपूर को हाल ही में मेघना गुलजार द्वारा निर्देशित फिल्म 'दायरा' में देखा गया था. इस फिल्म में वह पहली बार मलयालम स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ स्क्रीन पर नजर आई थीं. अपराध और न्याय की दुनिया पर आधारित इस कहानी में पृथ्वीराज एक पुलिस इंस्पेक्टर के किरदार में नजर आए थे, जबकि करीना ने एक ऐसा किरदार निभाया था, जो कहानी में एक दिलचस्प मोड़ लाता है. हाल ही में वह अपने पति सैफ अली खान के साथ करण जौहर के फेमस चैट शो 'कॉफी विद करण' के सीजन 9 में भी नजर आई थीं.
यह भी पढ़ें- बचपन में खूब फोड़े पटाखे, अब क्यों रकुल प्रीत ने बना ली इनसे दूरी? बोलीं- 'रामायण' खोलेगी ग्लोबल रास्ते
5 साल तक एक-दूसरे को किया डेट
करीना ने 5 साल तक डेट करने के बाद 16 अक्टूबर 2012 को मुंबई में सैफ से शादी की थी. विजय कृष्ण आचार्य के निर्देशन में बनी फिल्म 'टशन' की शूटिंग के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए. इस कपल ने अपनी रजिस्टर्ड शादी को पर्सनल रखा. उन्होंने बांद्रा स्थित सैफ के घर पर यह रस्म पूरी की और इसके बाद पारंपरिक शादी के कार्यक्रम आयोजित किए, जिनमें संगीत, निकाह और रिसेप्शन शामिल थे. कपल दो बेटों तैमूर और जेह के पैरेंट्स हैं.