SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

क्लासिक सीता की वापसी! साईं पल्लवी विवाद के बीच जया प्रदा ने शेयर की लव-कुश संग अनमोल तस्वीर

नितेश तिवारी की 'रामायण' में साई पल्लवी के सीता के रूप पर छिड़ी बहस के बीच, दिग्गज एक्ट्रेस जया प्रदा ने सोशल मीडिया पर अपनी एक थ्रोबैक तस्वीर शेयर की है, जिसके बाद उनकी पोस्ट पर फैंस के कमेंट की बाढ़ आ गई.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 13, 2026, 12:01 PM IST | Updated: Nov 13, 2026, 12:42 PM IST
Join

नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी भव्य फिल्म 'रामायण' इस समय सिनेमाघरों में अपना दबदबा बनाए हुए है. फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 1000 करोड़ का आंकड़ा पार करके इतिहास रच रही है, लेकिन इसके साथ ही सोशल मीडिया से लेकर हर तरफ एक अलग ही बहस छिड़ी हुई है. दरअसल, फिल्म में 'माता सीता' के किरदार के लिए चुनी गईं एक्ट्रेस साई पल्लवी के लुक और कास्टिंग को लेकर ऑडियंस और क्रिटिक्स के बीच लंबी बहस जारी है. कोई उनके इस शांत और सौम्य अवतार की तारीफ कर रहा है, तो कोई पुराने दौर की पौराणिक फिल्मों की तुलना करते हुए अपनी राय रख रहा है.

जब भी इंडियन सिनेमा में 'रामायण' या पौराणिक किरदारों की बात आती है, तो लोगों के जहन में पुराने दौर के वो चेहरे ताजा हो जाते जिन्होंने इन किरदारों को जिंदा कर दिया था. ऐसी ही लीजेंड्री एक्ट्रेसेस में शुमार खूबसूरत अदाकारा जया प्रदा है.अपने जमाने में अपनी कातिलाना खूबसूरती और बेहतरीन अदायगी से लाखों दिलों पर राज करने वाली जया प्रदा ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए हैं. उनकी सादगी और शालीनता ने हमेशा पर्दे पर देवी जैसी गरिमा को बनाए रखा, यही वजह है कि आज भी लोग उनके पुराने किरदारों को बेहद प्यार से याद करते हैं.

जब 'सीता' बनी थीं जया प्रदा

साई पल्लवी की कास्टिंग पर चल रही इस बहस के बीच, खुद पुरानी फिल्मों की 'सीता' यानी जया प्रदा ने सोशल मीडिया पर एक ऐसा कदम उठाया जिसने सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया. वी. मधुसूदन राव द्वारा निर्देशित और देवयांक आर्ट्स बैनर के तहत दिलीप कनिकरिया द्वारा निर्मित साल 1997 की पौराणिक फिल्म 'लव कुश' में जया प्रदा ने मां सीता का अहम रोल निभाया था. इस फिल्म में उनके साथ दिग्गज कलाकार जीतेंद्र ने भगवान राम की भूमिका अदा की थी, जबकि अरुण गोविल लक्ष्मण के रूप में, दारा सिंह हनुमान के रूप में और प्राण साहब वाल्मीकि के रूप में नजर आए थे.

इंस्टा पर शेयर की थ्रोबैक तस्वीर, फैंस ने लुटाया प्यार

इसी फिल्म से जुड़ी अपनी एक पुरानी और बेहद खूबसूरत तस्वीर को जया प्रदा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर शेयर किया. तस्वीर को शेयर करते हुए उन्होंने बहुत ही सादगी से कैप्शन में लिखा, 'थ्रो बैक पिक लव कुश' जैसे ही ये थ्रोबैक तस्वीर इंटरनेट पर आई, फैंस ने इस पर प्यार की बरसात कर दी. एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, 'लव-कुश मूवी. माता सीता के रोल में परफेक्ट चॉइस और शानदार परफॉर्मेंस.' वहीं दूसरे यूजर ने उनकी खूबसूरती की तारीफ करते हुए लिखा, 'अगर खूबसूरती की कोई परिभाषा है तो वो हमारी जया प्रदा हैं. कोई भी आपकी जगह नहीं ले सकता, भले ही मैं 90 के दशक का बच्चा हूं, मेरी पसंदीदा एक्ट्रेस जया प्रदा गारू हैं.'

अरुण गोविल का दिलचस्प किस्सा

इस बीच, इस फिल्म से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी चर्चा में आया, जब अरुण गोविल ने वैरायटी इंडिया को दिए इंटरव्यू में बताया था कि रामानंद सागर के शो में भगवान राम का किरदार निभाने के बाद वो 'लव कुश' में लक्ष्मण का रोल करने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन प्रोड्यूसर्स के जोर देने पर उन्होंने ये किया और दुर्भाग्य से फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हो पाई.

बहरहाल, मौजूदा समय की बात करें तो नितेश तिवारी की 'रामायण' ने रिलीज के महज 8 दिनों के भीतर दुनिया भर में 1000 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और ये 'दंगल', 'बाहुबली 2', 'जवान' और 'पठान' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों की एलीट लिस्ट में शामिल हो चुकी है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES