कहीं झूला, कहीं टेबल टेनिस तो कहीं तुर्की बाथटब, अंदर से ऐसा दिखता है इरफान खान का आलीशान घर; देखें तस्वीरें
बॉलीवुड दिवंगत एक्टर इरफान खान के बेटे बाबिल खान का घर किसी आलीशान महल से कम नहीं है. हाल ही में फराह खान अपने कुक के साथ उनके घर पहुंचीं. घर के अंदर घुसते ही कहीं दीवारों पर गिटार सजे मिले तो कहीं टेबल टेनिस. आइए तस्वीरों पर नजर डालते हैं
बॉलीवुड एक्टर इरफान खान और लेखिका सुतापा के बेटे बाबिल खान अक्सर अपने किरदारों के लिए जाने जाते हैं. उनके फेमस किरदारों में 'द रेलवे मेन', 'कला' और 'फ्राइडे नाइट प्लान' शामिल हैं. फराह खान के व्लॉग के एक हालिया एपिसोड में एक्टर बाबिल ने अपना घर दिखाया, अपनी फिल्मों के चुनाव के बारे में बात की और अपने माता-पिता से सीखी गई बातें शेयर कीं. हाल ही में फिल्म निर्माता फराह खान ने यूट्यूब पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें उन्होंने दिवंगत अभिनेता इरफान खान के घर का टूर कराया.
बाबिल का घर ओशिवारा इलाके की एक ऊंची इमारत में स्थित है, जो लोखंडवाला के पास है. यह एक ऐसा उपनगरीय इलाका है, जहां कई फिल्मी सितारे रहते हैं. वीडियो में इरफान और उनकी पत्नी सुतापा सिकदर के बेटे बाबिल खान ने फराह को पूरा घर दिखाया और अपने घर के बारे में कुछ खास बातें बताईं. आइए, बाबिल के घर के अंदर की तस्वीरों पर नजर डालते हैं.
बिल्डिंग की खूबसूरती देखकर दंग रह गईं फराह खान
दरअसल, बाबिल खान के मुंबई वाले घर की बिल्डिंग में दाखिल होते ही फराह खान वहां की लॉबी की खूबसूरती देखकर दंग रह गईं. उन्होंने कहा, 'मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं किसी कलात्मक जगह पर आ गई हूं.' पूरी जगह को ईंट जैसे लाल रंग (ब्रिक रेड) से रंगा गया है और दीवारों पर सुनहरी नक्काशी की गई है, जो इसे एक आलीशान लुक देती है. पुराने एंटीक सामान, फ्रेम की गई पेंटिंग्स और सजावटी चीजें इस जगह में जान डाल देती हैं.
नेमप्लेट पर लिखा है कपल और दोनों बेटों का नाम
फराह खान ने वीडियो में दिखाया कि दरवाजे के पास एक नेमप्लेट है, जिस पर इरफान, सुतापा और उनके बेटों बाबिल और अयान के नाम लिखे हुए हैं. बाबिल ने फराह खान और उनके रसोइए दिलीप का स्वागत किया. घर के दरवाजे के बाईं तरफ रसोई और एक कमरा है, जो देखने में काफी बड़ा लगता है. इसमें काले रंग का काउंटरटॉप, सफेद और हरे रंग की अलमारियां और खुली शेल्फ हैं, जिन पर टेराकोटा और लकड़ी के डिब्बे रखे हैं.
हालांकि, बाबिल के घर की सबसे खास जगह यहां का विशाल लिविंग रूम है, जिसे तुर्की सजावट की शैली में तैयार किया गया है. इसे कई अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है, जैसे कि डाइनिंग एरिया, टेबल टेनिस खेलने के लिए एक कोना, सोफों वाला एक बैठने का हिस्सा, दो लोगों के बैठने वाला झूला, खुली छत, एक बहुत बड़ी L-आकार की बालकनी और सबसे शानदार हिस्सा नीले पत्थरों से बना एक चौकोर कोना, जो बिल्कुल तुर्की बाथटब जैसा दिखता है.
लिविंग रूम के पास लगी है इरफान खान की तस्वीर
फराह खान ने बताया कि पूरा घर लेखिका सुतापा द्वारा डिजाइन की गई एक कलाकृति है. लिविंग रूम के प्रवेश द्वार पर दराजों वाला एक कैबिनेट रखा है, जिस पर इरफान खान की एक ब्लैक-एंड-व्हाइट तस्वीर लगी है. इस तस्वीर के साथ वे सभी पुरस्कार रखे हैं, जो दिवंगत एक्टर को उनके काम के लिए मिले थे. कैबिनेट के ठीक सामने लकड़ी की एक बड़ी डाइनिंग टेबल है. टेबल के ऊपर काले रंग के लैंप लटके हुए हैं, जो एक नॉर्मल सफेद छत को खास रूप देते हैं.
डाइनिंग एरिया और लाउंज एरिया आपस में इस तरह जुड़े हैं कि पता ही नहीं चलता कि एक कहां खत्म होता है और दूसरा कहां शुरू. यहां बाबिल ने टेबल टेनिस का सेटअप लगाया है. इसके दाईं ओर लिविंग रूम है, जहां U-आकार में तीन सोफे रखे गए हैं. कॉफी टेबल के सामने एक झूला भी लगा है, जिससे यह जगह बड़ी महफिल के लिए एकदम सही बन जाती है. यहां सभी एक-दूसरे को देख सकते हैं और आपस में बातचीत कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें- सगाई के कुछ महीने बाद ही जिया शंकर की जिंदगी में आया तूफान? मंगेतर KD को किया अनफॉलो! पोस्ट ने बढ़ाई हलचल
बालकनी से सटी एक आयताकार जगह को हरे ग्रेनाइट से तैयार किया गया है, जिसमें धातु के बड़े सजावटी गमले रखे हैं. बालकनी पूरे कमरे के चारों ओर बनी है और इसमें फर्श से छत तक पारदर्शी UPVC दरवाजे लगे हैं, जिससे हवा का आना-जाना (क्रॉस-वेंटिलेशन) बना रहता है. इससे पूरी जगह हवादार लगती है और अपने असल आकार से कहीं ज्यादा बड़ी महसूस होती है.
बहुत बड़ा है बाबिल का कमरा
फराह खान ने बाबिल से उसका कमरा दिखाने को कहा. डायरेक्टर ने कहा, 'तुम्हारा कमरा तो बहुत बड़ा है, बाबिल.' एक्टर ने बताया, 'मुझे काफी जगह चाहिए होती है.' उनके कमरे के गेट वाली दीवार पर पांच से ज्यादा तरह के गिटार लगे हुए हैं. उनके नीचे 'कला' फिल्म के इस एक्टर ने एक गेमिंग स्टेशन बनाया है. दरवाजे के बगल में एक बहुत बड़ी शेल्फ है, जिस पर उन्होंने किताबें, स्पीकर, अवॉर्ड्स और कुछ इंस्ट्रूमेंट सजा रखे हैं. बिस्तर के ठीक सामने बाबिल ने एक मसाज चेयर रखी है. उन्होंने बताया कि यह उन्हें एक ट्रेडमिल खरीदने के बाद मिली थी. एक्टर ने मजाक में कहा कि अब वह मसाज का मजा लेते हुए उस मशीन को घूरते रहते हैं.