)
7 अगस्त को सिनेमाघरों में 'हनुमान अंश' फिल्म रिलीज हुई, जिसने शुरूआती दिनों में कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया. लेकिन बढ़ते समय के साथ इस फिल्म का क्रेज न सिर्फ सोशल मीडिया पर देखने को मिला, बल्कि टिकट काउंटर पर भी लंबी लाइन लग गई. फिल्म को रिलीज हुए करीब 59 दिन हो गए हैं, मगर इसका दबदबा अभी भी बॉक्स ऑफिस पर कायम है. इस बीच उत्तराखंड की हसीन वादियों में टूरिस्ट श्रद्धालुओं की भीड़ नीम करोली बाबा के कैंची धाम में उस समय जुट गई, जब 2 अक्टूबर के का लंबा वीकेंड मिला. भीड़ और लंबे ट्रॉफिक के कारण भवाली-नैनीताल के रास्ते पर गाड़ियों के पहिये पूरी तरह थम गए. घंटों लगे लंबे ट्रैफिक जाम और बेकाबू भीड़ के कारण वहां पहुंचे श्रद्धालुओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
कैंची धाम में उमड़ी अचानक इस भीड़ के पीछे हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'हनुमान अंश' को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है. सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे दावे किए जा रहे हैं कि संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनकी आध्यात्मिक महिमा पर आधारित इस फिल्म को देखने के बाद हजारों लोग सीधे कैंची धाम के दर्शन के लिए निकल पड़े हैं. फिल्म को देखने के बाद लोगों के मन में बाबा के प्रति श्रद्धा इतनी बढ़ गई कि हर कोई उनका आश्रम देखने और वहीं पहुंचने के लिए बेताब है.
कैंची धाम में बिगड़ते हालात और बढ़ते ट्रॉफिक की तस्वीरों के सामने आने के बाद फिल्म 'हनुमान अंश' के डायरेक्टर डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने खुद सामने आकर लोगों से एक खास अपील की है. उन्होंने रविवार शाम अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो मैसेज शेयर कर आम लोगों और फैंस से खास अपील की है कि चाहे भीड़ फिल्म के कारण बढ़ी हो या वीकेंड की वजह से, लोगों को बिना लोकल स्थिति का पता लगाए सीधे कैंची धाम निकलने से बचना चाहिए, ताकि किसी बड़ी परेशानी से बचा जा सके.
Humble request 🙏❤️#kaichidham https://t.co/rFOrmQVzxj
— Dr. Vishal Chaturvedi #विष (@filmervishal) October 4, 2026
फिल्म के डायरेक्टर ने अपने इस वीडियो में खास मैसेज को शेयर करते हुए कहा कि कैंची धाम में बहुत ज्यादा भीड़ इकट्ठा हो गई है. ऐसे में जाम में फंसकर बच्चों और महिलाओं को घुटन और परेशानी का सामना करना पड़ा सकता है. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अगर कैंची धाम में लंब लाइनें और जाम है, तो लोग नीम करोली बाबा से जुड़े दूसरे स्थानों जैसे उनके गांव नीम करोली या वृंदावन आश्रम जा सकते हैं. उन्होंने आखिर में अपने मैसेज में कहा कि बाबा तो हर कण में बसे हुए हैं, इसलिए सुरक्षा का ध्यान रखें और इससे समझौता बिल्कुल न करें.
ऐसा पहली बार नहीं है, जब कैंची धाम में नीम करोली बाबा के दर्शन के लिए भीड़ जमा हुई हो. आमतौर पर वीकेंड और फेस्टिवल के मौके पर ज्यादातर लोग यहां आते हैं. लेकिन इस बार भारी संख्या में लोगों का आना हुआ, जिसके पीछे की वजह 'हनुमान अंश' की फिल्म के साथ-साथ एक लंबा वीकेंड भी है. दरअसल गांधी जंयती के मौके पर छुट्टी थी, जिसके आने वाले दोनों दिन यानी शनिवार और रविवार ऑफिस और कॉलेज बंद रहे. 3 दिनों का लंबा वीकेंड मिलते ही लोगों को अवसर मिल गया कि वो यहां आकर दर्शन कर सकें,जिसके चलते मसूरी-देहरादून रूट पर वाहनों की किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं.