SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

बजट से 250 गुना ज्यादा कमाई: Hanuman Ansh को बॉक्स ऑफिस पर 100 दिन पूरे, अब हो रहा OTT स्ट्रीमिंग का इंतजार; बेहद करीब है तारीख

नीम करोली बाबा के जीवन पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच दिया है. बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने सिनेमाघरों में अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं. अपनी शानदार कहानी के दम पर इसने बड़े सितारों की फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया है. अब बस फैंस को इसके ओटीटी पर आने का इंतजार है.

Written By Vandana Saini
Published: Nov 13, 2026, 17:07 IST | Updated: Nov 13, 2026, 17:38 IST
Image Credit: नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर रचा इतिहास
Join

नीब करौरी बाबा के जीवन पर बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर वो कमाल कर दिखाया है, जिसके बारे में किसी ने सोचा भी नहीं था. रिलीज के पहले दिन सिर्फ 10 लाख रुपये की धीमी कमाई करने वाली इस फिल्म ने अपनी लागत से 250 गुना ज्यादा मुनाफा कमा लिया है. लोगों को फिल्म की कहानी इतनी पसंद आई कि सिनेमाघरों में टिकटों की बिक्री ने सारे रिकॉर्ड तोड दिए. बिना किसी बड़े प्रचार या शोर-शराबे के इस फिल्म ने अपनी सादगी से सबका दिल जीत लिया है. इस कामयाबी ने छोटे बजट की फिल्मों के लिए सक्सेस का एक नया रास्ता खोल दिया है.

इस फिल्म की सक्सेस में अब एक और बड़ी बात जुड़ गई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी की फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने सिनेमाघरों में अपने 100 दिन पूरे कर लिए हैं. विशाल के लिए ये बहुत खास मौका है, क्योंकि उन्होंने अपनी पहली ही फिल्म से बॉक्स ऑफिस के पुराने सारे रिकॉर्ड बदल दिए हैं. ओटीटी पर आने से पहले इस फिल्म ने बड़े पर्दे पर काफी शानदार कमाई की है. आजकल के समय में जहां फिल्में दो या तीन हफ्ते में ही थिएटर से हट जाती हैं, वहां इस फिल्म का लगातार 100 दिनों तक चलना वाकई किसी चमत्कार से कम नहीं.

बॉक्स ऑफिस पर बदली किस्मत

‘हनुमान अंश’ की इस जबरदस्त सक्सेस ने पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चौंका दिया है. रिलीज के पहले दिन सिर्फ 10 लाख और पहले वीकेंड में महज 1.08 करोड़ रुपये का बिजनेस करने वाली इस फिल्म की किस्मत अचानक ही बदल गई. फिल्म देखने के बाद लोगों को इसकी कहानी इतनी पसंद आई कि लोगों ने खुद अपने दोस्तों और परिवार वालों को इसे देखने की सलाह दी. इसी माउथ पब्लिसिटी का सीधा फायदा फिल्म की कमाई को मिला और बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बारिश होने लगी. लोगों के इस बेशुमार प्यार के आगे ‘बंटारा 1947’ समेत कई बड़ी फिल्में भी टिक नहीं पाईं.

गोवा में दिखेगा Ramayana-Dhurandhar का जलवा: 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में धमाल मचाने को तैयार रणबीर-रणवीर की फिल्में

दुनियाभर में की छप्परफाड़ कमाई

‘हनुमान अंश’ ने सबको पीछे छोड़ते हुए अपनी एक खास जगह बना ली. बॉक्स ऑफिस के ताजा ट्रेड आंकड़ों पर नजर डालें तो इस फिल्म की कमाई के नंबर बेहद चौंकाने वाले हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर लगभग 343.11 करोड़ का नेट कलेक्शन किया. वहीं, इसका इंडिया ग्रॉस कलेक्शन 404.97 करोड़ तक पहुंच गया है. देश के साथ-साथ विदेशों में भी इस फिल्म को ऑडियंस का भरपूर प्यार मिला और वहां से इसने 48.70 करोड़ रुपये जुटाए. इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन 453.67 करोड़ के शानदार आंकड़े को छू गया है.

मामूली बजट में बनी बड़ी फिल्म

विशाल चतुर्वेदी की फिल्म की सबसे खास बात इसका बहुत ही कम बजट है. खबरों की मानें तो ‘हनुमान अंश’ को बनाने में सिर्फ 1.8 करोड़ रुपये का छोटा सा खर्च आया था. इतने कम पैसों में बनकर तैयार हुई किसी फिल्म का 450 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर लेना, भारतीय सिनेमा में किसी चमत्कार से कम नहीं है. इस फिल्म की शानदार कहानी खुद विशाल चतुर्वेदी ने लिखी है और इसका निर्देशन भी उन्होंने ही किया है. ये पूरी कहानी नीब करौरी बाबा, जिन्हें लोग प्यार से नीम करोली बाबा के नाम से भी जानते हैं, उनके जीवन और उनकी सच्ची शिक्षाओं पर आधारित है.

डेब्यू फिल्म से बनाया बड़ा रिकॉर्ड

फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इसमें शोभिनव सत्य, विहान शेडगे, चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी और पूर्णिमा तिवारी जैसे कलाकारों ने अपनी शानदार अदाकारी से जान डाल दी है. डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने अपनी ही लिखी किताब ‘डिवाइन डिटोर दैट चेंज्ड माई लाइफ’ की कहानी को बड़े पर्दे पर उतारा है. अपनी पहली ही फिल्म से उन्होंने ये साबित कर दिया है कि अगर कहानी में सच्चाई हो और लोगों के दिल से जुड़ने की ताकत हो, तो बिना किसी बड़े सुपरस्टार के भी सिनेमा की तकदीर बदली जा सकती है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये फिल्म 27 नवंबर को ओटीटी प्लेफॉर्म सोनीलिव पर स्ट्रीम होगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES