बैकग्राउंड से सीधे बिग स्क्रीन तक: इमरान हाशमी की 'गनमास्टर जी9' में विलेन बनकर छाए सागर टगनैत, बोले- मेरा स्ट्रगल रंग लाया...
बॉलीवुड एक्टर सागर टगनैत इन दिनों इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म 'गनमास्टर जी9' को लेकर काफी चर्चा में हैं. छोटे रोल्स और ओटीटी सीरीज से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सागर अब इस फिल्म में एक दमदार निगेटिव किरदार निभाते नजर आएंगे.
बॉलीवुड में अपनी जगह बनाना आसान नहीं होता, खासकर तब जब आप बिना किसी गॉडफादर के इंडस्ट्री में कदम रखते हैं. एक्टर सागर टगनैत की कहानी भी कुछ ऐसी ही है, जहां सब्र और कड़ी मेहनत ने उन्हें आज एक बड़े मुकाम पर ला खड़ा किया है. सालों तक फिल्मों और ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर छोटे-मोटे किरदार निभाने के बाद, अब सागर इमरान हाशमी की मच अवेटेड फिल्म 'गनमास्टर जी9' में एक बेहद खास और निगेटिव शेड वाले रोल में नजर आने वाले हैं. रिलीज हुए फिल्म के ट्रेलर में उनके लुक और स्क्रीन प्रेजेंस को काफी पसंद किया जा रहा है.
एक्टर सागर टगनैत के लिए कैमरे के सामने का ये सफर काफी लंबा और इमोशनल रहा है. मुंबई में हुए फिल्म 'गनमास्टर जी9' इवेंट के दौरान सागर ने अपने पुराने दिनों को याद किया. उन्होंने बताया कि एक वक्त ऐसा भी था जब वे शूटिंग के दौरान सिर्फ बैकग्राउंड में खड़े रहते थे और बस इस उम्मीद में रहते थे कि शायद किसी की नजर उन पर पड़ जाए. लेकिन आज 'गनमास्टर जी9' जैसी बड़ी फिल्म में उन्हें एक मजबूत किरदार मिला है, जहां वे अपने दमदार डायलॉग्स और एक्टिंग से लोगों का ध्यान खींच रहे हैं. सागर का मानना है कि यह फिल्म उनके करियर का सबसे खास पड़ाव है क्योंकि यह दिखाती है कि एक एक्टर के तौर पर वे कितनी दूर निकल आए हैं.
ओटीटी और फिल्मों से बनाई अपनी अलग पहचान
ऐसा नहीं है कि सागर को यह मौका रातों-रात मिल गया है. इससे पहले उन्होंने कई बड़े प्रोजेक्ट्स में छोटे लेकिन यादगार काम किए हैं. अजय देवगन की फिल्म 'औरों में कहां दम था' में वे कैदी नंबर 1213 के रोल में दिखे थे. इसके अलावा उन्होंने वरुण धवन और सामंथा की सीरीज 'सिटाडेल: हनी बनी', 'राणा नायडू' और स्पोर्ट्स ड्रामा सीरीज 'ग्लोरी' में भी काम करके अपनी एक्टिंग को निखारा है. इन सभी प्रोजेक्ट्स ने उन्हें अलग-अलग जॉनर में काम करने का कॉन्फिडेंस दिया, जिसका पूरा फायदा उन्हें अब बड़े पर्दे पर मिल रहा है.
इमरान हाशमी के साथ स्क्रीन शेयर करने का एक्सपीरियंस
आदित्य दत्त के डायरेक्शन में बनी 'गनमास्टर जी9' में इमरान हाशमी लीड रोल में हैं, जबकि उनके साथ जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक सिंह जैसे शानदार एक्टर्स भी नजर आएंगे. फिल्म की टीम से मिली जानकारी के मुताबिक, सागर इस फिल्म में ग्रे शेड यानी विलेन के अंदाज में दिखने वाले हैं. इमरान हाशमी के साथ काम करने को लेकर सागर काफी एक्साइटेड हैं. उन्होंने कहा कि इमरान सर एक कमाल के एक्टर हैं और उनके साथ एक ही सेट पर रहने से उन्हें बहुत कुछ सीखने को मिला. सागर ने फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स का भी शुक्रिया अदा किया कि उन्होंने इस बड़े रोल के लिए उन पर भरोसा जताया.
सोशल मीडिया पर भी छाया सागर का जादू
फिल्मों के साथ-साथ सागर टगनैत सोशल मीडिया पर भी यूथ के बीच काफी पॉपुलर हो रहे हैं. उनकी फिटनेस, जबरदस्त फिजीक और स्वैग वाले वीडियोज इंटरनेट पर खूब वायरल होते हैं, जिन पर मिलियंस में व्यूज आते हैं. फैंस को उनका यह नया अवतार और डायलॉग डिलीवरी काफी पसंद आ रही है.
एक्शन, रोमांस, ड्रामा और बेहतरीन म्यूजिक से भरपूर 'गनमास्टर जी9' का ट्रेलर पहले ही रिलीज हो चुका है और ऑडियंस इसे काफी पसंद कर रही है. यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को थिएटर्स में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है. खास बात यह है कि इस फिल्म के बाद अगले साल सागर की एक और बड़ी फिल्म रिलीज होने वाली है.