SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

'20 साल तक इस इमेज के भुगते नतीजे ...' सीरियल किसर टैग पर इमरान हाशमी का बयान, डायरेक्टर आदित्य दत्त के सिर फोड़ा ठीकरा

'गनमास्टर G9' के ट्रेलर लॉन्च पर इमरान हाशमी ने 21 साल बाद डायरेक्टर आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया संग रीयूनियन पर खुशी जताई. इसके साथ ही उन्होंने अपनी 'सीरियल किसर' इमेज पर बात करते हुए कहा कि उनकी फिल्में टीवी पर आते ही आज भी माता-पिता बच्चों को सुला देते हैं.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 12, 2026, 01:56 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 02:28 PM IST
Image Credit: इमरान हाशमी
Join

बॉलीवुड के रोमांटिक हीरो इमरान हाशमी इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'गनमास्टर G9' को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में छाए हुए हैं. बुधवार को इस फिल्म का शानदार ट्रेलर रिलीज किया गया, जिसके लॉन्च के दौरान पुणे में एक शानदार इवेंट रखा गया. इस फिल्म के जरिए इमरान एक बार फिर अपने पुराने डायरेक्टर आदित्य दत्त के साथ हाथ मिला रहे हैं, लेकिन इस रीयूनियन के बीच इमरान ने मजाक-मजाक में डायरेक्टर से अपनी पुरानी इमेज को लेकर एक खास शिकायत भी कर डाली. इस इवेंट में इमरान के साथ जेनेलिया देशमुख, अपारशक्ति खुराना, अभिषेक सिंह, डायरेक्टर आदित्य दत्त और प्रोड्यूसर दीपक मुकुट भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस ग्रैंड इवेंट की रौनक को और बढ़ा दिया.

मीडिया और फैंस के साथ बातचीत के दौरान, इमरान हाशमी ने अपने शुरुआती दिनों को याद किया, जब उनकी रोमांटिक फिल्में अपने बोल्ड कंटेंट की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहती थीं. खुद पर तंज कसते हुए उन्होंने बेहद मजेदार अंदाज में कहा,'ये वो फिल्में थीं, जो जब भी टीवी पर आती थीं, तो पैरेंट्स तय करते थे कि अब अपने बच्चों को सुला देना चाहिए.'

इमरान ने आदित्य दत्त को ठहराया जिम्मेदार

इमरान ने डायरेक्टर आदित्य दत्त की तरफ हंसते हुए आगे कहा, 'ये सब उनकी वजह से है. मैं 20 साल से इसके नतीजों से जूझ रहा हूं.' उनके इस बेबाक और मजाकिया अंदाज ने वहां मौजूद सभी लोगों को हंसने पर मजबूर कर दिया. आपको बता दें कि इमरान हाशमी, डायरेक्टर आदित्य दत्त और मशहूर कंपोजर हिमेश रेशमिया की ब्लॉकबस्टर जोड़ी ने साल 2005 में आई सुपरहिट फिल्म 'आशिक बनाया आपने' में साथ काम किया था.

करीब 21 साल बाद इस दमदार तिकड़ी का फिर से साथ आना फैंस के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं है. इस बारे में बात करते हुए इमरान ने बताया कि इन दो दशकों में उन्होंने कई अलग-अलग कहानियों पर बात की, लेकिन वो किसी ऐसी जल्दबाजी में नहीं थे जो उनके पुराने काम के लेवल से मेल न खाए.

तिकड़ी के साथ सिनेमा का सेलिब्रेशन

इमरान आगे बातचीत करते हुए इस प्रोजेक्ट और अपनी तिकड़ी को लेकर कहा, 'मुझे लगता है कि जब हम फिर से साथ काम करना चाहते थे, तो हमने कई कहानियों पर बात की थी. लेकिन हम बहुत क्लियर थे कि जब भी हम किसी फिल्म के लिए साथ आएं, तो वो सिनेमा का सेलिब्रेशन होना चाहिए, कुछ ऐसा जिसे हम थिएटर में जाकर फैंस के तौर पर देखने का मजा लें.'

थिएटर लवर्स के लिए है 'गनमास्टर G9'

इमरान को पूरी उम्मीद है कि ऑडियंस इस फिल्म की अनोखी दुनिया में पूरी तरह खो जाएगी और इसे एक बेहतरीन थिएटर एक्सपीरियंस के तौर पर एन्जॉय करेगी. आज के दौर की फिल्मों पर बात करते हुए उन्होंने कहा,'जब लोग मिलकर काम करते हैं, तो मुझे लगता है कि 'गनमास्टर G9' सच में बहुत अच्छे से बनी है. ये एक ऐसी कमर्शियल फिल्म है, जहां एक बार जब आप थिएटर में एंटर करते हैं, तो आप पूरी तरह से इसकी दुनिया में खो जाते हैं. आपको पूरे समय एंटरटेनमेंट मिलेगा।. ये एक बड़ी फिल्म है और इसे बड़े पर्दे पर एन्जॉय करने के लिए बनाया गया है.'

असली लोकेशन्स पर हुई है शूटिंग

इस फिल्म की एक और बड़ी खासियत इसका मेकिंग प्रोसेस है. 'गनमास्टर G9' की शूटिंग हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश की खूबसूरत और असली जगहों पर करीब 60 दिनों तक की गई है. आज के समय में जहां ज्यादातर फिल्में वीएफएक्स और ग्रीन स्क्रीन वाले स्टूडियो में बनाई जाती हैं, वहीं इस टीम ने एकदम अलग रास्ता चुना. इस पर बात करते हुए इमरान ने कहा, 'आज, जब आप देखते हैं कि फिल्में कैसे बन रही हैं, तो आप देखते हैं कि एक्टर स्टूडियो में शूटिंग कर रहे हैं. बहुत सारी फिल्में ग्रीन स्क्रीन पर शूट होती हैं.'

उन्होंने आगे मुशकिलों का जिक्र करते हुए कहा, 'हमने टेक्निकल और लॉजिस्टिक चुनौतियों के बावजूद असली लोकेशन पर शूटिंग की. असली लोकेशन पर शूटिंग करना मुश्किल है. लेकिन शुक्र है कि इन मौकों पर, वहां के लोग, वो बहुत सपोर्टिव थे.'

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES