13 दिनों में 516 करोड़ पार: क्या अभी भी अधूरी है Drishyam 3 की कहानी? ‘दृश्यम 4’ की चर्चाओं के बीच डायरेक्टर बोले- ‘जबरदस्ती कुछ भी...’
Abhishek Pathak on Drishyam 4: ‘दृश्यम 3’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाते हुए रिकॉर्डतोड़ कमाई कर ली है. दर्शक इस बात को लेकर बेहद एक्साइटेड हैं कि क्या अब ‘दृश्यम 4’ भी देखने को मिलेगी. डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने इस राज से पर्दा उठाते हुए बताया कि इस शानदार क्राइम थ्रिलर फ्रेंचाइजी का भविष्य क्या होगा?
अजय देवगन की क्राइम-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ सिनेमाघरों में जबरदस्त रिकॉर्ड बना रही है. लोग विजय सालगांवकर की चालाकी और उसके परिवार की कहानी को हमेशा से बेहद पसंद करते आए हैं. तीसरे पार्ट ने रिलीज होते ही टिकट काउंटर पर ऐसी रफ्तार पकड़ी कि महज 10 दिनों में ही 300 करोड़ रुपये का शानदार आंकड़ा पार कर लिया. इस बंपर सक्सेस के बाद हर किसी के मन में बस यही सवाल था कि क्या मेकर्स इस सक्सेस को देखते हुए ‘दृश्यम 4’ लेकर आएंगे, जिसको लेकर डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने कुछ ऐसा जवाब दिया.
हाल ही में स्क्रीन के साथ हुई खास बातचीत में डायरेक्टर अभिषेक पाठक ने ‘दृश्यम 4’ को लेकर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने साफ कहा, ‘हमारी पूरी टीम को लगता है कि ये इस फिल्म का आखिरी पार्ट है. बेशक लोग इस फिल्म को बहुत प्यार दे रहे हैं और हर तरफ इसकी ही बातें हो रही है. मगर ‘दृश्यम’ कोई ऐसी फ्रेंचाइजी नहीं है, जहां हम सिर्फ अगली फिल्म बनाने के लिए कुछ भी दिखा दें. ये पूरी तरह से एक मजबूत कहानी पर टिकी है और वो कहानी अब पूरी हो चुकी है. मेरे हिसाब से यह अंत बहुत खूबसूरत और दिल छू लेने वाला है’.
क्या आगे कभी आ सकती है ‘दृश्यम 4’ ?
‘दृश्यम 3’ से पहले ‘दृश्यम 2’ को डायरेक्ट कर चुके अभिषेक पाठक ने आगे ये भी बताया, ‘बहुत से लोग उनसे कह रहे हैं कि इसका पार्ट 4 भी बन सकता है. अगर कोई बैठ जाए तो कहानी में से बहुत सी नई बातें निकाली जा सकती हैं, लेकिन असल बात ये नहीं है. हमें इस सफर को किसी न किसी मोड़ पर खत्म करना ही था और ये अंत इस पूरी सीरीज के लिए सबसे बेहतरीन विदाई है. ये फ्रेंचाइजी के लिए एक प्यार भरे खत जैसा है. कहानी का ये अंत बेहद सलीके से किया गया है और यही चीज दर्शकों के दिलों को सबसे ज्यादा छू रही है’.
दूसरे हफ्ते में भी नहीं थमी रफ्तार
डायरेक्टर ने ये भी याद दिलाया कि फिल्म अभी अपने दूसरे हफ्ते में चल रही है और लोग इसे देखने भारी तादाद में पहुंच रहे हैं. दूसरे वीकेंड पर फिल्म ने 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की, जो कि बहुत सी फिल्में अपने पूरे जीवन में भी नहीं कमा पाती हैं. ऐसे में किसी को भी ऑडियंस का मजा खराब नहीं करना चाहिए. ‘दृश्यम 3’ अजय देवगन के पूरे करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म बन चुकी है. लगभग 150 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने पहले ही दिन 62 करोड़ रुपये कमाकर इतिहास रच दिया था.
पहले हफ्ते में जुटाए 245 करोड़
पहले वीकेंड पर फिल्म ने शनिवार को 53.50 करोड़ और रविवार को 61 करोड़ रुपये जुटाए. इसके बाद वीकडेज में भी फिल्म की पकड़ मजबूत रही. फिल्म ने सोमवार से गुरुवार तक लगभग 21 करोड़, 19.50 करोड़, 15.50 करोड़ और 13 करोड़ रुपये का शानदार बिजनेस किया. इस तरह ‘दृश्यम 3’ ने अपने पहले हफ्ते में ही कुल 245.50 करोड़ रुपये का भारी-भरकम कलेक्शन पूरा कर लिया. टिकट काउंटर पर लोगों की लंबी लाइनें ये साबित करने के लिए काफी हैं कि इस सस्पेंस थ्रिलर को लेकर लोगों में किस कदर दीवानगी बनी हुई है.
दुनिया भर में 500 करोड़ के पार
दूसरे हफ्ते के 6 दिनों में फिल्म ने 14.50 करोड़, 26.50 करोड़, 22.50 करोड़, 6 करोड़, 8.50 करोड़ और 5.25 करोड़ रुपये अपनी झोली में डाले. 13 दिनों के बाद भारत में फिल्म की टोटल नेट कमाई 328.75 करोड़ रुपये हो गई है. भारत का ग्रॉस कलेक्शन लगभग 391 करोड़ रुपये और विदेशों की कमाई 125 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है. इस तरह ‘दृश्यम 3: द कन्क्लूजन’ ने 13 दिनों में दुनिया भर से करीब 516 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन करके साल 2026 की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर का खिताब अपने नाम कर लिया है.