दिशा सालियान के पिता को मिली धमकियां, पीएम मोदी से मांगी सुरक्षा
दिशा सालियान के पिता को धमकियां मिल रही है. दिशा सालियान केस में वकील निलेश ओझा ने बताया कि पिता की सुरक्षा के लिए उन्होंने पीएम मोदी का लेटर लिखा है.
दिशा सालियान का केस पिछले कुछ दिनों से सुर्खियों में है. दिशा सालियान केस की जांच सीबीआई के पास जाने के बाद नए अपडेट सामने आए हैं. इस बीच दिशा सालियान केस के वकील ने बताया है कि दिशा के पिता को धमकियां मिल रही हैं. उन्होंने सतीश सालियान की सुरक्षा के लिए पीएम मोदी को लेटर लिखा है.
दिशा के पिता को मिल रही है धमकियां
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार वकील निलेश ओझा ने बताया कि दिशा के पिता सतीश सालियन, समीर वानखेडे, आशुतोष पाठक और उन्होंने अपनी सुरक्षा की मांग की है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उन लोगों को शिवसेना के नेताओं से धमकियां मिल रही है. वकील ओझा ने बताया है कि इस सिलसिले में उन्होंने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय ब्यूरो, भारत के मुख्य न्यायाधीश और महाराष्ट के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को लेटर लिखा है.
आदित्य ठाकरे पर लगाया आरोप
वकील निलेश ओझा ने बताया है कि जिन लोगों ने ये मामला बाहर लाया है उन्हें कथित तौर पर धमकियां मिल रही हैं, उन्हें बिना सुरक्षा के छोड़ दिया था. वहीं उन्होंने आदित्य ठाकरे की वाई सिक्योरिटी पर भी सवाल उठाया है. वकील ने बताया कि चिट्ठी में उन्होंने गृह मंत्रालय और नारकोटिक्स ब्यूरो रिकॉर्ड के बारे में बताते हुए कहा कि आदित्य ठाकरे ड्रग्स के बिजनेस में शामिल हैं. इसके अलावा गैंगरेप, मर्डर जैसे मामले दबाने की कोशिश के आरोप को भी FIR में दर्ज किया गया है.
संजय राउत के लोग दे रहे हैं धमकियां
निलेश ओझा ने बताया है कि हमने शुरुआती सारे सबूत दिए हैं. इसके बाद भी आरोपी को अभी तक Y प्लस सुरक्षा मिली हुई है. जिन लोगों का नाम सामने आया है, उन्हें संजय राउत के लोगों से धमकियां मिल रही हैं. उन लोगों को कोई सुरक्षा भी नहीं दी गई है.
2020 में हुई थी दिशा की मौत
दिशा सालियान एक सेलिब्रिटी मैनेजर थी. दिशा सालियान ने सुशांत सिंह राजपूत के साथ भी काम किया था. साल 2020 में बिल्डिंग से गिरने से दिशा की मौत हो गई थी. शुरुआत में इस मामले को एक्सीडेंटल बताया गया, बाद में इसे सुसाइड बता दिया गया. दिशा के पिता ने बार-बार आरोप लगाया था कि उनकी बेटी ने सुसाइड नहीं किया है. अब सीबीआई इस केस की जांच कर रही हैं.
दिशा की मौत के बाद सुशांत सिंह राजपूत की मौत
दिशा सालियान की मौत 9 जून 2020 को हुई थी. मौत के 6 दिन बाद ही सुशांत सिंह राजपूत की मौत हो गई थी. सुशांत सिंह राजपूत का केस बंद हो चुका है. मार्च 2025 में सीबीआई ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े मामलों में मुंबई की अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी. रिपोर्ट में साजिश, हत्या की बात से इनकार किया गया.