सीता के रोल पर छिड़ी बहस! साई पल्लवी से पहले ये 15 अदाकाराएं पर्दे पर निभा चुकी हैं माता जानकी का किरदार
पर्दे पर गंगा सी पवित्र माता सीता का किरदार निभाने वाली 15 अदाकारों की दिलचस्प कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है. दीपिका चिखलिया से लेकर देबिना बनर्जी तक, हर एक्ट्रेस ने सीता के रोल में अपनी अलग छाप छोड़ी, लेकिन क्या नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में सीता का किरदार निभा रही साई पल्लवी को लेकर क्यों लोगों की राय बंट गई?
‘रामायण’ सिर्फ भगवान राम के जीवन की कहानी नहीं, बल्कि ये माता सीता के सब्र, हिम्मत और त्याग की कहानी भी बयां करती है. इसी वजह से हमारे देश में फिल्मों और टीवी शोज में मेकर्स हमेशा माता सीता के रोल को नए नजरिए से दिखाते आए हैं. 60 के दशक से लेकर आज के दौर तक, कई सारी एक्ट्रेसेस ने इस रोल को अपने अंदाज में जिया है. दिलचस्प बात ये है कि हर दौर के लोगों ने अपने समय की एक्ट्रेस को दिल खोलकर प्यार दिया और अपनी पसंद की ‘सीता’ चुन ली.
इसी बीच साउथ एक्ट्रेस साई पल्लवी भी अपने माता सीता के किरदार को लेकर लगातार सुर्खियां बटोर रही हैं. दरअसल, वे नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ में सीता का रोल निभा रही हैं. जैसे ही फिल्म से उनका पहला लुक सामने आया, सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली. कुछ लोगों को लगा कि उनके चेहरे पर सीता मां जैसी मासूमियत और वो अंदाज नहीं. वहीं, दूसरी तरफ उनके फैंस उनका सपोर्ट करते हुए उनकी एक्टिंग को नेचुरल बता रहे हैं.
आज हम आपको उनको 15 एक्ट्रेसेस के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने पर्दे पर माता सीता के किरदार को जिया और उसी से घर-घर में अपनी पहचान बनाई.
दीपिका चिखलिया: टीवी की सबसे यादगार सीता
1987 में रामानंद सागर की ‘रामायण’ में दीपिका चिखलिया ने माता सीता का किरदार निभाया था. ये वही चेहरा है, जिसे आज भी करोड़ों लोग सीता के रूप में देखते और याद करते हैं. उनकी सादगी, भाव-भंगिमा और डायलॉग्स बोलने के अंदाज ने उन्हें देश के घर-घर में पहचान दिलाई. उस दौर में उनके किरदार के साथ लोगों का जुड़ाव इतना बढ़ गया था कि लोग जब भी उनको कहीं देख लेते थे तो असली सीता मानकर उनके पैर छूते थे.
हैरान वाली बात ये है कि पौराणिक किरदार निभाने वाले कलाकारों में शायद ही किसी को ऐसा सम्मान मिला हो. दिलचस्प बात ये भी है कि आज भी जब स्क्रीन पर सीता के किसी नए चेहरे की बात होती है, तो सबसे पहले उसकी तुलना दीपिका चिखलिया के साथ होने लगती है. यही उनकी लोकप्रियता की सबसे बड़ी पहचान है.
स्मृति ईरानी भी बनीं पर्दे की सीता
दीपिका चिखलिया के बाद एकता कपूर के फेमस शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहू थी’ से घर-घर में पहचान बनाने वाली स्मृति ईरानी ने भी 2001-02 में आई ‘रामायण’ में माता सीता का किरदार निभाकर हर किसी को हैरान कर दिया था. उन्होंने एक मां की ममता और सीता के संघर्ष को इतने सहज तरीके से पर्दे पर उतारा था कि लोगों ने उनकी खूब तारीफ की.
जब स्मृति में सीता का रोल निभाया था तब वे छोटे पर्दे की फेमस एक्ट्रेस हुआ करती थीं. लोगों ने उनकी अदाकारी को भी हाथों-हाथ लिया. स्मृति ईरानी ने ये साबित कर दिया कि बदलते समय के साथ सीता का स्वरूप भी नया हो सकता है. किसी ने उनके त्याग और ममता को उभारा, तो किसी ने उनके आत्मसम्मान और धैर्य को मजबूती से सामने रखा.
देबिना बनर्जी से मदिराक्षी मुंडले भी बनीं सीता
साल 2008 में आए टीवी सीरियल ‘रामायण’ में देबिना बनर्जी ने माता सीता का रोल निभाया था. गुरमीत चौधरी के साथ उनकी जोड़ी लोगों को बेहद पसंद आई, खासकर उस दौर की यंग जनरेशन ने इस शो को खूब पसंद किया. इसके बाद 2015 में ‘सिया के राम’ सीरियल आया, जिसमें मदिराक्षी मुंडले सीता बनीं. इस शो का अंदाज बिल्कुल अलग था, क्योंकि इसमें पूरी कथा सीता के नजरिए से दिखाई गई थी.
इतना ही नहीं, शो में मदिराक्षी मुंडले की एक्टिंग की खूब तारीफ हुई, क्योंकि उन्होंने सीता के रूप में सिर्फ एक आज्ञाकारी पत्नी का रूप नहीं दिखाया, बल्कि एक ऐसी समझदार और मजबूत महिला की इमेज भी बहुत सहजता के साथ पेश की थी, जिसके अपने विचार भी थे. दोनों ही कलाकारों ने अपने अभिनय से इस रोल को हमेशा के लिए यादगार बना दिया.
बड़े पर्दे की फेमस सीताएं
अगर छोटे पर्दे से अलग बड़े पर्दे और फिल्मों की बात करें तो, 1961 में आई ‘संपूर्ण रामायण’ में अनीता गुहा ने सीता का रोल निभाया था, जिसे आज भी लोग बहुत पसंद करते हैं और सिनेमा की दुनिया में उनकी एक्टिंग को काफी सम्मान दिया जाता है. उनके अलावा अपने दौर की खूबसूरत अदाकारा जया प्रदा ने भी ‘सीता कल्याणम’ में मां सीता का रोल निभाकर दर्शकों का दिल जीत लिया था.
वहीं, ‘श्री राम राज्यम’ में नयनतारा ने इस किरदार को पर्दे पर उतारा और उनके काम की क्रिटिक्स ने भी जमकर तारीफ की थी. इसके साथ 2023 में आई ओम राउत की फिल्म ‘आदिपुरुष’ में कृति सेनन ने जानकी का रोल निभाया था. हालांकि, ये फिल्म काफी विवादों से घिरी रही, लेकिन सीता के किरदार में कृति के काम और उनके अंदाज को काफी पसंद किया गया था और उनकी तारीफ भी हुई थी.
पर्दे पर सीता का सफर और दर्शकों का जुड़ाव
पर्दे पर माता ‘सीता’ का रोल कई मशहूर अदाकाराओं ने बखूबी निभाया है. इनमें अनिता गुहा, जया प्रदा, दीपिका चिखलिया, स्मृति ईरानी, देबिना बनर्जी, रुबीना दिलैक, नेहा सरगम, मदिराक्षी मुंडले, अनन्या अग्रवाल, शिव्या पठानिया, नयनतारा, काजल अग्रवाल, कृति सेनन जैसी एक्ट्रेसेज के नाम शामिल हैं, जिनमें अब साई पल्लवी का नाम भी जुड़ गया है.
इन सभी ने टीवी और फिल्मों में अपने-अपने खास अंदाज से इस रोल में जान फूंकी. किसी को छोटे पर्दे पर घर-घर पहचान मिली, तो किसी ने बड़े पर्दे पर अपनी एक्टिंग की गहरी छाप छोड़ी. यही वजह है कि जब भी कोई नई एक्ट्रेस ‘सीता’ के रूप में सामने आती है, तो लोग उसकी तुलना पुरानी एक्ट्रेसेस से जरूर करते हैं. ये तुलना सिर्फ इस बात का सबूत है कि दर्शकों का इस किरदार से कितना गहरा जुड़ाव है.
साई पल्लवी को लेकर क्यों हो रही बहस?
अब बात करते हैं साई पल्लवी की, जो अपनी सादगी और बिना दिखावे वाली नेचुरल एक्टिंग के लिए पहचानी जाती हैं. नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में जब से उनका नाम सीता के किरदार के लिए सामने आया है, लोगों के बीच चर्चा तेज हो गई है. फिल्म से उनकी झलक सामने आने के बाद कुछ लोगों ने कहा कि उनके चेहरे पर वो कोमलता और शीतलता नजर नहीं आती, जैसी लोग माता सीता के रूप में सोचते हैं.
हालांकि, बहुत से लोगों का मानना है कि सीता का मतलब सिर्फ शांत चेहरा नहीं, बल्कि अंदरूनी ताकत, सब्र और प्यार भी है. साई पल्लवी इस रोल में कितनी खरी उतरती हैं, इसका फैसला तो फिल्म रिलीज होने के बाद दर्शक ही करेंगे. फिलहाल वो हमारे इतिहास के इतने खास और सम्मानित किरदार को पर्दे पर निभाने जा रही हैं. बता दें, ‘रामायण: पार्ट 1’ अगले महीने 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.