App

‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है...’, इंदौर कॉन्सर्ट में विरोध करने वालों पर भड़के दिलजीत दोसांझ, महाकाल के जयकारों से की शुरुआत

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ ने इंदौर में अपने लाइव कॉन्सर्ट के दौरान विरोध करने वालों को करारा जवाब दिया है. बम की धमकी और तमाम रुकावटों के बावजूद दिलजीत ने अपने फैंस से किया वादा निभाया. मंच पर आते ही उन्होंने ‘जय श्री महाकाल’ के नारे लगवाए और राहत इंदौरी का मशहूर शेर सुनाकर महफिल लूट ली.

‘किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है...’, इंदौर कॉन्सर्ट में विरोध करने वालों पर भड़के दिलजीत दोसांझ, महाकाल के जयकारों से की शुरुआत
Image Credit: इंदौर कॉन्सर्ट में फैंस के बीच जोश भरते दिलजीत दोसांझ

पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ इन दिनों अपने लाइव कॉन्सर्ट को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. रविवार को दिलजीत ने मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में अपनी शानदार परफॉर्मेंस से फैंस का दिल जीत लिया. हालांकि, इस शो से पहले काफी विवाद देखने को मिला था और कॉन्सर्ट को रोकने की कई कोशिशें भी हुई थीं. इन सबके बावजूद दिलजीत ने बिना किसी डर के इंदौर पहुंचकर अपने चाहने वालों से किया वादा पूरा किया. मंच पर आते ही दिलजीत ने सबसे पहले ‘जय श्री महाकाल’ बोल कर पूरे माहौल को भक्तिमय और जोश से भर दिया.

खास बात ये है कि दिलजीत दोसांझ के इस कॉन्सर्ट को लेकर एडमिनिस्ट्रेशन और पुलिस भी पूरी तरह से अलर्ट मोड पर थे. दरअसल, कॉन्सर्ट से ठीक पहले इंदौर के मेयर ऑफिस, तीन बैंकों और तीन प्राइवेट स्कूलों को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी. इस धमकी भरे ईमेल में दिलजीत के शो को निशाना बनाने की बात कही गई थी. हालांकि, पुलिस ने तुरंत इस मामले की जांच शुरू की और शुरुआती जांच के बाद इन धमकियों को पूरी तरह से फर्जी बताया. सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच दिलजीत का ये लाइव शो बिना किसी रुकावट के सक्सेसफुल कंप्लीट हुआ.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

विरोध करने वालों को दिलजीत का सीधा जवाब

मंच पर पहुंचते ही 42 साल के दिलजीत ने अपने अंदाज में विरोधियों की बोलती बंद कर दी. उन्होंने बिना किसी डर के साफ कहा कि ये महाकाल की नगरी है और उन्हें यहां आने से दुनिया की कोई ताकत नहीं रोक सकती. दिलजीत ने आगे कहा, ‘न तो हम पहले कभी किसी से डरे थे और न ही आज डरते हैं’. अपने फैंस की भीड़ देखकर उन्होंने कहा कि जब आप सबका साथ है तो घबराने की कोई बात ही नहीं है. उनके मुताबिक फैंस का यही प्यार और ताकत उन्हें इस स्टेज तक खींच लाई है. इस कॉन्सर्ट का वीडियो उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया था, जो वायरल हो रहा है.

वादा निभाने की कही बात

इंदौर में हुए विरोध के बारे में बात करते हुए दिलजीत ने खुलकर बताया कि उनके इस शो को रोकने के लिए बहुत सारी कोशिशें की गई थीं. मंच पर खड़े होकर उन्होंने अपने फैंस से साफ कहा, ‘मुझे यहां आने से रोकने के लिए कई तरह के जतन किए गए, लेकिन इसके बाद भी मैं आप लोगों के बीच आया हूं’. दिलजीत ने अपने ही बेबाक अंदाज में आगे कहा, ‘एक बार जब मैं किसी से वादा कर देता हूं कि मैं आऊंगा, तो फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखता हूं’. उन्होंने अपनी बात पर जोर देते हुए कहा, ‘इतनी सारी रोक-टोक और मुश्किलों के बावजूद आज मैं आप सबके सामने यहां खड़ा हूं’.

राहत इंदौरी के शेर से लूटी महफिल

दिलजीत की ये बात सुनते ही वहां जमा हजारों फैंस खुशी से झूम उठे और जमकर तालियां और सीटियां बजाने लगे. अपनी बात रखते हुए दिलजीत ने इंदौर के ही मशहूर दिवंगत शायर राहत इंदौरी की एक बेहद फेमस गजल की कुछ पंक्तियां भी सुनाईं. उन्होंने बड़े ही जोश के साथ कहा, ‘अगर खिलाफ हैं होने दो, जान थोड़ी है... सभी का खून है शामिल यहां की मिट्टी में, किसी के बाप का हिंदुस्तान थोड़ी है’. दिलजीत के मुंह से ये शेर सुनते ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. फैंस ने भी उनके साथ सुर से सुर मिलाते हुए इस शेर को दोहराया. इंटरनेट पर अब ये वीडियो वायरल हो रहे हैं.

फैंस के बीच दिखा जबरदस्त क्रेज

बता दें, कॉन्सर्ट के दौरान दिलजीत दोसांझ ने अपने कई सुपरहिट गानों पर लाइव परफॉर्म किया जिस पर इंदौर की जनता जमकर थिरकी. विरोध और विवादों के साये के बावजूद शो में भारी भीड़ उमड़ी थी जो दिलजीत दोसांझ के लिए लोगों की दीवानगी को साफ दिखाती है. सिंगर ने भी अपने फैंस को निराश नहीं किया और पूरी एनर्जी के साथ घंटों तक लोगों का जमकर एंटरटेनमेंट किया. शो खत्म होने के बाद फैंस ने दिलजीत के इस बेबाक अंदाज और महाकाल के लिए उनकी आस्था की जमकर तारीफ की. कुल मिलाकर विवादों के बाद भी दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट पूरी तरह से हिट साबित हुआ.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More