‘1000 बार सॉरी बोल सकता हूं’: आखिर क्यों बेंगलुरु कॉन्सर्ट से पहले सोनू निगम को मांगनी पड़ी माफी? शो रद्द करने की उठ रही मांग
बेंगलुरु में 24 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट से पहले हिंदी सिनेमा के मशहूर सिंगर सोनू निगम को हाथ जोड़कर माफी मांगनी पड़ी. उन्होंने कहा कि 1000 बार सॉरी बोलना पड़े तो भी बोलेंगे. चलिए बताते हैं आखिर ये पूरा मामला क्या है और क्यों उनको ऐसा करना और कहना पड़ा?
बॉलीवुड सिंगर सोनू निगम एक बार फिर बेंगलुरु में अपनी आवाज का जादू बिखेरने के लिए तैयार हैं. हालांकि, शो से ठीक पहले एक पुराना विवाद फिर उनके सामने आकर खड़ा हो गया. पिछले साल मई 2025 में जब वे बेंगलुरु में लाइव शो कर रहे थे, तब मंच पर कुछ ऐसा हुआ, जिसने बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था. उस दौरान ऑडियंस की ओर से लगातार कन्नड़ में गाना गाने की डिमांड की जा रही थी. बार-बार हो रही इस जिद से सिंगर थोड़े अनकंफर्टेबल हो गए और उन्होंने पहलगाम हमले को लेकर कुछ ऐसा कह दिया, जो लोगों को बिल्कुल रास नहीं आया, जिसके बाद उनके खिलाफ काफी विरोध हुआ था.
उस पुराने बयान का असर ये हुआ कि कई जगहों पर सोनू निगम पर बैन लगाने की मांग उठने लगी थी और पुलिस में शिकायत तक दर्ज कराई गई थी. अब करीब डेढ़ साल के लंबे समय बाद जब सोनू निगम 24 अक्टूबर को उसी शहर में दोबारा परफॉर्म करने जा रहे हैं, तो कर्नाटक रक्षणा वेदिके नाम के संगठन ने विरोध जताते हुए शो की परमिशन को रद्द करने की मांग की. उनका कहना था कि सिंगर ने यहां के लोकल लोगों का अनादर किया है. इसी बीच माहौल को फिर से बिगड़ता देख सिंगर ने कोई बहाना बनाने के बजाय सीधे दिल से बात करना सही समझा और सामने आकर लोगों से माफी मांगने का फैसला किया.
‘1000 बार सॉरी बोल सकता हूं’
सोनू निगम ने कर्नाटक रक्षणा वेदिके के अध्यक्ष नारायण गौड़ा से सीधे संपर्क किया और एक इमोशनल वीडियो जारी कर सभी गिले-शिकवे दूर किए. उन्होंने कहा कि किसी भी रिश्ते को बनाए रखने के लिए मन में घमंड नहीं बल्कि समझदारी का होना बहुत जरूरी है. अगर आप किसी से सच्चा प्यार करते हैं और चाहते हैं कि वो रिश्ता जिंदगी भर चले, तो उसके लिए 1000 बार भी सॉरी बोलने में कोई संकोच नहीं होना चाहिए. सोनू ने खुलकर कहा कि वे कर्नाटक की जनता से बहुत गहरा लगाव रखते हैं और अगर उनके किसी शब्द से किसी भी कन्नड़ भाई-बहन को दुख हुआ है, तो वह पूरे दिल से माफी मांगते हैं.
कर्नाटक से हमेशा मिला भरपूर प्यार और सम्मान
सिंग ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि कर्नाटक की धरती और वहां के श्रोताओं ने उन्हें करियर के शुरुआती दिनों से ही बेइंतहा प्यार और सम्मान दिया है. वे इस खास रिश्ते को अपनी जिंदगी में बहुत ऊंचा मुकाम देते हैं. उन्होंने ये भी माना कि कलाकार का काम लोगों को जोड़ना और खुशी देना होता है, किसी की भावनाओं को आहत करना नहीं. जब इंसान अपने किए पर विचार करता है तो उसे अपनी भूल का अहसास हो ही जाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि बेंगलुरु के लोग उनके इस कदम को समझेंगे और पुरानी कड़वाहट भुलाकर 24 अक्टूबर को होने वाले कॉन्सर्ट को काफी एंजॉय करेंगे.
संगठन ने स्वीकार की माफी, वापस लिया विरोध
सोनू निगम के इस सीधे और विनम्र रवैये के बाद कर्नाटक रक्षणा वेदिके के फाउंडर नारायण गौड़ा ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर बयान जारी कर मामले को शांत कर दिया. उन्होंने सिंगर की माफी एक्सेप्ट करते हुए लिखा, ‘हमारी सोनू निगम या उनके गानों से कोई दुश्मनी नहीं है. हम सब उनकी सिंगिंग को पसंद करते हैं, बस हमें उनके उस पुराने बयान से गहरी आपत्ति थी, जिससे कन्नड़ लोगों के सेल्फ-रिस्पेक्ट को चोट पहुंची थी. अब जब उन्होंने खुद सामने से पूरी विनम्रता से अपनी गलती मान ली है और माफी मांग ली है, तो इस पूरे मामले को अब यहीं पर हमेशा के लिए खत्म कर देना चाहिए’.
माफ करना ही हमारी संस्कृति की पहचान
नारायण गौड़ा ने अपनी पोस्ट में कन्नड़ संस्कृति की मिसाल देते हुए कहा कि जो इंसान सच्चे मन से अपनी भूल स्वीकार कर ले, उसे माफ कर देना ही हमारी परंपरा और उदारता है. इसलिए अब सोनू निगम के 24 अक्टूबर को होने वाले म्यूजिक कॉन्सर्ट का किसी भी तरह से विरोध नहीं किया जाएगा. संगठन के इस रुख के बाद अब बेंगलुरु में होने वाले कॉन्सर्ट का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है. संगीत प्रेमियों को उम्मीद है कि ये शाम पूरी तरह से सुरों और भाईचारे के नाम रहेगी, जहां बिना किसी विवाद के लोग केवल संगीत का आनंद उठा सकेंगे.