)
रियलिटी शोज की दुनिया के अपने ही नियम हैं, जहां रिश्ते कब कांच की तरह टूट जाएं और कब हिस्ट्री बन जाएं, कुछ कहा नहीं जा सकता है.'बिग बॉस' का घर हमेशा से कंटेस्टेंट्स की फीलिंग्स, गुस्से और रिश्तों का एक ऐसा एक्सपेरिमेंट रहा है, जहां कौन किसका हमदर्द है और कौन जानी दुश्मन, इसका अंदाजा लगाना किसी के बस में नहीं है. हाल ही में 'बिग बॉस 20' के घर में गेमिंग और रैपर कम्युनिटी के दो सबसे बड़े और पॉपुलर चेहरे स्काउटओपी और यंग डीएसए के बीच जिस तरह से तनातनी बढ़ी और बात हाथापाई तक जा पहुंची, उसने सभी को पुराने सीजन्स की याद दिला दी.
इन दोनों की पक्की दोस्ती को अचानक इस तरह से बदलते देखना, उनके फैंस के लिए आसान नहीं होगा. वहीं इससे एक सवाल मन में ये भी उठता है कि क्या ये सिर्फ एक इत्तेफाक है या फिर मेकर्स का आजमाया हुआ वही पुराना टीआरपी का फॉर्मूला? अगर हम 'बिग बॉस' के पुराने इतिहास को थोड़ा खंगालें, तो सबसे पहला नाम जो जहन में सीजन 13 का आता है, जिसमें सिद्धार्थ शुक्ला और आसिम रियाज शो के टॉप-2 कंटेस्टेंट बनें.

सीजन 13 के शुरुआत में दोनों का ब्रोमांस शो की यूएसपी हुआ करता था. साथ उठना-बैठना, हर मुश्किल टास्क में एक-दूसरे की ढाल बनना और बाकी कंटेस्टेंट से अकेले भिड़ जाना, उनकी दोस्ती की मिसाल दी जाती थी. लेकिन जैसे-जैसे खेल ने रफ्तार पकड़ी, जीत की भूख और ईगो ने उस रिश्ते में ऐसी दरार डाली कि बात गाली-गलौज और धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. आज स्काउट और यंग के बीच ठीक वैसा ही कुछ दिखाई दे रहा है. जिस तरह से उनका आपसी भाईचारा एक-दूसरे को नीचा दिखाने की होड़ में बदला है, उसे देखकर लगता है कि इतिहास एक बार फिर खुद को दोहरा रहा है.
अब अगर बात करें स्काउटओपी और यंग डीएसए की, तो जब इन दोनों ने 'बिग बॉस 20' के घर में कदम रखा था, तो अलग-अलग बैकग्राउंड से होने के बावजूद इनकी ट्यूनिंग बहुत शानदार लगी थी. इनकी हंसी-मजाक और एक-दूसरे के सपोर्ट सिस्टम बनना ऑडियंस को खूब पसंद आ रहा था. लेकिन कहते हैं ना कि गेम में माहौल बदलते देर नहीं लगती है.

हाल ही में कैप्टेंसी टास्क और घर के छोटे-छोटे कामों को लेकर जो चिंगारी भड़की, उसने इस रिश्ते की नींव को हिलाकर रख दिया. दोनों ने अपना आपा खो दिया और नौबत हाथापाई तक आ गई. इस एक घटना ने न सिर्फ घर का तापमान बढ़ाया, बल्कि बाहर सोशल मीडिया पर भी फैंस को दो विरोधी गुटों में बांट दिया है.
सोशल मीडिया पर फैंस के अलग-अलग रिएक्शन देखने को मिल रहे हैं. एक्स और इंस्टाग्राम पर मीम्स और तुलनाओं की बाढ़ आई हुई थी. एक बड़ा हिस्सा खुलकर इस भिड़ंत को 'बिग बॉस 13 रीलोडेड' कह रहा है. तो वहीं ऑडियंस का मानना है कि मेकर्स जानबूझकर ऐसे सिचुएशनल टास्क डिजाइन करते हैं, जिससे जिगरी दोस्तों के बीच दरार आ जाए. लोग पुराने वीडियो क्लिप्स निकालकर शेयर कर रहे हैं कि कैसे सिद्धार्थ और आसिम भी छोटी-छोटी बातों पर आपा खोते थे और आज स्काउट और यंग बिल्कुल उसी रास्ते पर चल रहे हैं.

ये ट्रेंड सिर्फ सिद्धार्थ और आसिम के बीच ही देखने को नहीं मिला. सीजन 11 में हिना खान और प्रियांक शर्मा का रिश्ता हो, सीजन 15 में प्रतीक सहजपाल और निशांत भट्ट के बीच के उतार-चढ़ाव हों या फिर सीजन 16 में शिव ठाकरे और प्रियंका चाहर चौधरी की केमिस्ट्री, हर बार एक बात कॉमन रही है, जब भी दो मजबूत और अल्फा पर्सनैलिटी वाले लोग एक ही छत के नीचे लंबे समय तक टिकते हैं, तो उनकी लीडरशिप की चाहत और आगे निकलने की होड़ उनके रिश्तों की बलि ले ही लेती है.

ऐसी नोकझोंक और लड़ाइयों के पीछे टेलीविजन का सीधा-साधा मैथ टीआरपी और ड्रामा रहता है. जब तक घर में सब शांत रहता है, टीआरपी गिरने लगती है. ऐसे में जब दो गहरे दोस्त आपस में भिड़ते हैं, तो ऑडियंस की एक्साइटमेंट कई गुना बढ़ जाती है, क्योंकि उसमें इमोशनल धोखा, गुस्सा और टूटे हुए भरोसे का पूरा मसाला होता है. स्काउट और यंग का ये झगड़ा भी ठीक उस वक्त सामने आया है, जब शो को एक नए ड्रामे की सख्त जरूरत थी.

हालांकि, बिग बॉस के घर में कोई भी रिश्ता पत्थर की लकीर नहीं होता है. सिद्धार्थ और आसिम की लड़ाई ने सीजन 13 को हिस्टोरिकल जरूर बना दिया था, लेकिन उनके बीच की वो कड़वाहट शो के अंत तक पूरी तरह खत्म नहीं हो पाई थी. अब ये देखना वाकई दिलचस्प होगा कि क्या स्काउट और यंग अपनी इन दूरियों को मिटाकर फिर से एक होते हैं या फिर ये दुश्मनी शो के फिनाले तक ऐसे ही सुर्खीयों में बनी रहती है. फिलहाल,ऑडियंस को भरपूर मसाला मिल रहा है और शो के मेकर्स का ये पुराना दांव एक बार फिर पूरी तरह कामयाब होता दिखाई दे रहा है.