'लानत है... धिक्कार है' LoveGill पर लांछन लगाना पड़ा भारी, सलमान खान का तीखा प्रहार; स्काउट की लगाई जोरदार क्लास
इस हफ्ते के वीकेंड के वार में स्काउट ओपी द्वारा लव गिल पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणियों ने घर में भूचाल ला दिया है. क्लिप सामने आते ही लव गिल फूट-फूटकर रो पड़ीं, जिसके बाद कैरेक्टर शेमिंग पर सलमान खान का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने स्काउट-गुल्लू की जमकर क्लास लगा दी.
रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' के इस वीकेंड के वार एपिसोड ने ऑडियंस के बीच जबरदस्त हलचल पैदा कर दी है. सलमान खान इस बार बेहद तीखे अंदाज और गुस्से में नजर आए. शो के माहौल में उस समय सन्नाटा पसर गया, जब सलमान ने कुछ कंटेस्टेंट्स को आड़े हाथों लिया और खास तौर पर स्काउट ओपी की हरकतों पर कड़ी नाराजगी जताई. इस पूरे विवाद के दौरान गुल्लू और कनिका मान भी सलमान के निशाने पर आए, जिससे घर के अंदर तनाव का माहौल बन गया और लोग भी टीवी स्क्रीन से नजरें नहीं हटा पाए.
पूरे विवाद की जड़ हाल ही में दिखाया गया वो एपिसोड रहा, जिसमें स्काउट ओपी अपनी मुंहबोली बहन लव गिल को लेकर गुल्लू से आपत्तिजनक बातें करते दिखाई दिए थे. बातचीत के दौरान स्काउट ने ये दावा किया था कि लव गिल ने उन्हें अपने झांसे में फंसा लिया था, वो उनके अंडरगार्मेंट्स तक धोती थीं और 30 सेकंड्स तक लगातार उन्हें टिकटिकी बांधकर देखती रहती थीं, जिसकी वजह से उनके मन में भी कुछ-कुछ होने लगा था.
जब सलमान खान ने सभी घरवालों के सामने स्काउट और गुल्लू की इन बातों की क्लिप चलाई, तो लव गिल खुद को रोक नहीं सकीं और फूट-फूटकर रोने लगीं. उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे, जिसके बाद आम्रपाली दुबे और कनिका मान आगे आईं और रोती हुई लव गिल को संभालने की कोशिश करती दिखीं.
कैरेक्टर शेमिंग पर सलमान की तीखी फटकार
रविवार के एपिसोड के सामने आए प्रोमो में सलमान खान का गुस्सा सातवें आसमान पर दिखाई दिया. उन्होंने बहन का रिश्ता मानने के बावजूद नेशनल टीवी पर लव गिल की छवि खराब करने को लेकर स्काउट ओपी को जमकर लताड़ा. सलमान ने सख्त लहजे में कहा, 'आपने लव के बारे में क्या-क्या बोला है. लव की बलि चढ़ा दी. पूरा बिल लव पर फाड़ दिया. इसके पीछे आपका मकसद क्या था, हमें नहीं पता'.
सलमान ने स्काउट से आगे कहा, 'शायद आप लोगों की नजरों में खुद को क्लीन चिट देना चाहते थे कि आपको रिझाया गया था.' आगे उन्होंने भाई-बहन के रिश्ते की गरिमा पर सवाल उठाते हुए कहा, टभाई-बहन के रिश्ते का मतलब क्या है...आपको पता भी है. जब मैंने ये देखा तो मैं हैरान रह गया. इसे कैरेक्टर शेमिंग बोलते हैं.'
स्काउट ने की बचाव की कोशिश, भड़के सलमान
क्लिप सामने आने और सलमान की फटकार के बावजूद जब स्काउट ओपी ने खुद को सही ठहराने और बचाव करने की कोशिश की, तो सलमान का पारा और चढ़ गया. उन्होंने गुस्से में कहा,'ऐसा ही है. तुमने लव की इमेज को बर्बाद कर दिया है. जब स्काउट इस बात से सहमत नहीं दिखे, तो सलमान और ज्यादा भड़क उठे और बोले, 'क्या ये बातचीत मैंने की है? ये बातचीत तुमने और गुल्लू ने की है. उस लड़की का तुम पर इतना असर पड़ा है कि तुम अपना खेल ही भूल गए हो.' इसके बाद सलमान ने ऊंची आवाज में आगे कहा, 'क्या आवाज ऊंची करके मैंने अभी तक बात की है? अगर इस वक्त नहीं करता तो धिक्कार है मुझपर...लानत है'.
अगले एपिसोड पर टिकी सबकी नजरें
सलमान खान के इस कड़े रुख को देखकर घरवालों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर फैंस भी चौंक गए, क्योंकि इतने तीखे तेवरों में भाईजान इस सीजन में कम ही दिखाई दिए. शनिवार के एपिसोड ने पहले ही शो की गर्मी बढ़ा दी है और अब लोगों की निगाहें रविवार के एपिसोड पर टिकी हैं कि सलमान इस मुद्दे पर स्काउट और गुल्लू को और क्या-क्या सुनाते हैं.