)
'बिग बॉस 20' का घर एक बार फिर एक ऐसे बड़े खुलासे का मंच बना, जहां हंसी-मजाक के बीच एक कंटेस्टेंट ने अपनी जिंदगी के उस सफर को सबके सामने रखा दिया, जिसे शायद वो काफी लंबे समय से अपने भीतर दबाए हुए थे और सभी से छुपा रहे थे. सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेस्टेंट कुशाल तंवर उर्फ गुल्लू ने हाल ही में तौकीर काजी से बातचीत के दौरान अपनी शादी और तलाक को लेकर कई पर्सनल खुलासे किए. गुल्लू ने बताया कि उनका तलाक साल 2024 में हुआ था और वो समय उनके लिए बेहद मुश्किल और इमोशनल रहा था. अपनी जिंदगी के उस दर्दनाक दौर को याद करते हुए गुल्लू ने कहा कि उनका दिल जिस तरह टूटा, वो किसी नॉर्मल ब्रेकअप से कहीं ज्यादा तकलीफदेह था.
गुल्लू ने बताया कि उनकी शादी परिवार की वजह से हुई थी और रिश्ते को बचाने की उन्होंने काफी कोशिश की. लेकिन फिर भी वो इसे बचा नहीं पाए. गुल्लू के मुताबिक, उनके यहां शादियां जल्दी हो जाती हैं और उन्होंने भी परिवार के दबाव में शादी की थी. उन्होंने कहा कि करीब 4-5 महीने में ही उन्हें महसूस होने लगा था कि रिश्ता आगे नहीं चल पाएगा. हालांकि, परिवार और हालातों के चलते इस रिश्ते को खत्म करने का फैसला आसान नहीं था.
गुल्लू ने बताया कि उनकी जिंदगी का ये मुश्किल दौर उस समय चल रहा था, जब वो रिएलिटी शो 'रोडीज' गैंग के साथ गोवा में थे. इसी दौरान उनकी कुछ तस्वीरें लीक हो गईं और उन्हें लगा कि जैसे उनकी दुनिया ही खत्म हो गई हो. उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि आखिर वो क्या करें. तलाक के प्रोसेस के साथ-साथ पर्सनल लाइफ से जुड़ी चीजों के पब्लिक होने का दबाव भी उनके लिए बेहद भारी था. उन्होंने ये भी कहा कि इस पूरे मामले को सुलझने में करीब एक साल का समय लग गया.
#Gullu ne #Qazi se share kiya apni shaadi ka secret! Dekhiye #BiggBoss20 ka naya episode, har roz raat 9 baje #JioHotstar par aur 10:30 baje #ColorsTV par. #BiggBoss20 #BiggBossOnJioHotstar https://t.co/Rq1Ohv5Aon
— JioHotstar Reality (@HotstarReality) September 22, 2026
गुल्लू के खुलासे का सबसे इमोशनल पार्ट तब सामने आया, जब उन्होंने बताया कि तलाक के फैसले को लेकर उनके और परिवार के बीच लड़ाई हो गई. वो शादी खत्म करना चाहते थे, जबकि उनका परिवार इसके खिलाफ था. गुल्लू ने बताया कि इस वजह से एक समय उनकी फैमिली ने उनसे पूरी तरह रिश्ता तोड़ लिया था. इस पूरे विवाद ने उन्हें मेंटली और इमोशनली तौर पर काफी प्रभावित किया था. हालांकि, अब वो इस दौर से बाहर निकलने की बात कहते हैं और मानते हैं कि इससे बुरा शायद कुछ नहीं हो सकता. उन्होंने तय किया कि अब वो अपना पूरा ध्यान काम पर लगाएंगे और उम्मीद रखेंगे कि आगे की जिंदगी बेहतर होगी.
गुल्लू की पर्सनल लाइफ के बीच उनके पुराने शो एमटीवी 'स्प्लिट्सविला' का दौर भी याद आना लाजिमी है. शो के दौरान कायरा और गुल्लू की केमिस्ट्री ने ऑडियंस का ध्यान खींचा था. दोनों के बीच नजर आने वाली बॉन्डिंग और स्क्रीन प्रेजेंस को लेकर खूब चर्चा हुई थी. यही वजह है कि गुल्लू की पर्सनल लाइफ से जुड़े इस नए खुलासे के बाद उनके पुराने रियलिटी शो वाले सफर और रिश्तों को लेकर फैंस की दिलचस्पी एक बार फिर बढ़ गई है.

गुल्लू के इस खुलासे के बाद उनकी शादी से जुड़ा एक पुराना विवाद भी फिर से खबरों में आ गया है. कुछ समय पहले उनकी शादी की तस्वीरें ऑनलाइन सामने आई थीं, जिन्हें लेकर कथित तौर पर उन्होंने उन्हें फर्जी बताया था. अब बिग बॉस के घर में खुद अपनी शादी और तलाक की कहानी शेयर करने के बाद वो पुराना मामला भी दोबारा सुर्खियों में है. फिलहाल गुल्लू का कहना है कि उन्होंने इस मुश्किल समय को पीछे छोड़ दिया है. तौकीर काजी ने भी इस इमोशनल बातचीत के बाद माहौल को हल्का करने के लिए गुल्लू के लिए एक गाना बनाया और कहा कि उसके बोल उनकी पर्सनैलिटी पर फिट बैठते हैं.