Opinion: अधूरी क्लिप्स, डायलॉग, सॉन्ग और रील कट... सिर्फ 15 सेकंड्स के प्रोमो से दांव पर लग जाती है रिएलिटी शोज के कंटेस्टेंट की इज्जत
'बिग बॉस 20' के एक विवादित और एडिटेड प्रोमो के बाद गेमर स्काउटओपी की मां ने मेकर्स पर उनकी छवि खराब करने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि महज 15 सेकंड की क्लिप्स और अतरंगी गानों से कंटेस्टेंट की इमेज को खराब किया जा रहा है.
जहां सोशल मीडिया के दौर में जहां हर तरफ रील्स, शॉर्ट्स और चंद सेकेंड की क्लिप्स का बोलबाला है. जरा सोचिए, कोई इंसान सालों की मेहनत से अपनी एक साफ-सुथरी पहचान बनाता है, लेकिन इंटरनेट पर वायरल होने वाला महज 15 सेकंड का एक एडिटेड वीडियो उसकी पूरी मेहनत पर पानी फेर देता है. आजकल डिजिटल प्लेटफॉर्म्स और टेलीविजन शोज की दुनिया में टीआरपी बटोरने के लिए जिस तरह से चीजों को काटकर पेश किया जाता है, वो किसी भी कलाकार या कंटेस्टेंट के मान-सम्मान के लिए एक बड़ा खतरा बन चुका है.
आधी-अधूरी सच्चाई और मिर्च-मसाला लगाकर परोसे गए ये वीडियोज जनता के बीच गलतफहमी का जहर घोल देते हैं, जिससे एक पल में किसी की भी इमेज दांव पर लग जाती है. ये कोई पहली बार नहीं है जब किसी रिएलिटी शो के मेकर्स पर सनसनीखेज और भ्रामक प्रोमो दिखाने के आरोप लगे हों. टीवी के सबसे कॉन्ट्रोवर्शियल और पॉपुलर रिएलिटी शो 'बिग बॉस' के इतिहास में ऐसे कई मौके आए हैं, जब एडिटेड प्रोमो की वजह से घर के अंदर मौजूद कंटेस्टेंट्स को बाहर भारी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है.
सलमान खान ने भी किया था वॉर्न
'बिग बॉस 20' के कई सीजन्स में ऐसा देखा गया है कि आपसी बातचीत के आम हिस्सों या हल्की-फुल्की नोकझोक को इस तरह से पेश किया जाता है, जिससे वो किसी बड़े झगड़े या गंभीर विवाद का रूप ले ले. यहां तक कि शो के होस्ट सलमान खान को भी कई बार खुद आगे आकर ऑडियंस को ये समझाना पड़ा है कि किस तरह गलत तरीके से एडिट किए गए प्रोमो ऑडियंस के मन में कंटेस्टेंट्स के प्रति गलत धारणा बना देते हैं.
स्काउटओपी-लव गिल विवाद
टीवी के पॉपुलर रिएलिटी शो 'बिग बॉस 20' का ताजा मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है. इस सीजन के एक लेटेस्ट प्रोमो ने इंटरनेट पर खलबली मचा दी है, जिसमें पॉपुलर गेमर और कंटेस्टेंट स्काउटओपी (तन्मय सिंह) की लव गिल और यंग डीएसए के साथ तीखी बहस को दिखाया गया है.
इस प्रोमो का सबसे चौंकाने वाला हिस्सा वो था जिसमें इस घटनाक्रम के बाद स्काउटओपी अपना सिर मुंडवाते हुए नजर आते हैं. इस एक वीडियो क्लिप के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच तहलका मच गया और हर कोई ये जानने के लिए बेचैन हो गया कि आखिर शो के भीतर ऐसा क्या हुआ जो एक जाने-माने क्रिएटर को इस हद तक टूटना पड़ा.
बैकग्राउंड म्यूजिक, अधूरे सीन
मेकर्स द्वारा रिलीज किए गए इस प्रोमो में जिस तरह के सिनेमैटिक कट्स, बैकग्राउंड में बजते नाटकीय गाने और ‘कबीर सिंह’ जैसे तेवर दिखाए गए, उसने इस पूरे मामले को और ज्यादा सनसनीखेज बना दिया. हालांकि, शो के लगातार व्यूअर अच्छी तरह जानते हैं कि टीवी और ओटीटी के इन प्रोमो में अक्सर सीन को उनके असली सच्चाई से अलग करके दिखाया जाता है, ताकि ऑडियंस के बीच एक्साइटमेंट को चरम पर पहुंचाया जा सके. लेकिन इस तरह के एडिट का खामियाजा सीधा उन कंटेस्टेंट्स को भुगतना पड़ता है जो उस वक्त मानसिक रूप से एक बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल से गुजर रहे होते हैं.
बेटे की हालत देख बेहाल हुईं स्काउटओपी की मां
इस पूरे मामले ने तब एक बेहद इमोशनल मोड़ ले लिया जब स्क्रीन पर अपने बेटे की इस स्थिति को देखकर स्काउटओपी की मां का सब्र टूट गया. एक मां के तौर पर उनके लिए अपने बेटे को इस प्रकार के भारी मानसिक दबाव और तनाव में देखना बेहद पीड़ादायक था. उन्होंने शो के मेकर्स से सावधानी बरतने की अपील की और सोशल मीडिया पर अपना एक वॉइस नोट भी शेयर किया. इस मैसेज में उन्होंने साफ शब्दों में अपनी चिंता जाहिर की और बताया कि किस तरह चंद सेकेंड के प्रोमो किसी इंसान की दिमागी स्थिति और उसकी सालों की कमाई हुई इज्जत को ठेस पहुंचा सकते हैं.
'शो के बाहर भी है बेटे की एक दुनिया'
वायरल हुए अपने वॉइस नोट में स्काउटओपी की मां ने बहुत ही सही और इमोशनल बात कही. उन्होंने याद दिलाया कि उनके बेटे स्काउटओपी की 'बिग बॉस' के घर के बाहर भी एक पूरी जिंदगी है, उसका एक शानदार करियर है, उसके पर्सनल रिश्ते हैं और शो खत्म होने के बाद उसे समाज में ही रहना और काम करना है. उन्होंने कहा कि स्काउट पहले ही घर के अंदर अपनी बातें साफ कर चुका है और अपने निजी रिश्तों से जुड़े तमाम सवालों के जवाब भी दे चुका है, इसके बावजूद पुराने और चुनिंदा मुद्दों को बार-बार अलग-अलग तरीकों से घुमा-फिराकर दिखाया जा रहा है.
एडिटेड क्लिप्स और गानों पर उठाए गंभीर सवाल
मां ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि पुराने वीडियो क्लिप्स के टुकड़ों को आपस में जोड़कर, बातचीत के कुछ हिस्सों को बीच से काटकर और अलग-अलग मौकों के फुटेज को एक साथ मिलाकर ऐसे मिसलीडिंग प्रोमो तैयार किए जा रहे हैं, जो असलियत से कोसों दूर हैं और एक बिल्कुल अलग तस्वीर पेश करते हैं.
उन्होंने ये भी याद दिलाया कि शो की ओर से पहले ही ये कहा गया था कि गानों, वॉयसओवर और एडिट्स के सहारे किसी की छवि को गलत तरीके से पेश नहीं किया जाएगा. इसके बावजूद लगातार ऐसा होते देख उन्होंने बड़ा सवाल उठाया कि आखिर टीआरपी की अंधी दौड़ में किसी इंसान को मानसिक रूप से कितना और कब तक प्रताड़ित किया जाएगा?.