App

मेरी वजह से 21 लोगों का घर चलता है : बाल कटवाने से पहले क्यों कांप रहे थे भुवन बाम? पढ़िए जी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत

भुवन बाम ने अपने नए हिस्टोरिकल प्रोजेक्ट के लिए 12 साल बाद अपनी दाढ़ी कटवा दी और 2 साल तक चीनी छोड़ दी. जानिए उनके इस ट्रांसफॉर्मेशन, यूट्यूब सफर और सबसे बुरे कमेंट्स पर क्या बोले भुवन बाम. पढ़ें पूरा एक्सक्लूसिव इंटरव्यू.

मेरी वजह से 21 लोगों का घर चलता है : बाल कटवाने से पहले क्यों कांप रहे थे भुवन बाम? पढ़िए जी न्यूज से एक्सक्लूसिव बातचीत
Image Credit: bhuvan bam interview

Bhuvan Bam Interview: यूट्यूब की दुनिया में अपने कई किरदारों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले भुवन बाम अब एक्टिंग की दुनिया में बड़े-बड़े झंडे गाड़ रहे हैं. 'बीबी की वाइन्स' से शुरुआत करके 'ताजा खबर' और 'ढिंढोरा' जैसे सुपरहिट शोज देने वाले भुवन बाम अब एक बड़े ऐतिहासिक प्रोजेक्ट 'द रिवोल्यूशनरी' में नजर आने वाले हैं. इस सीरीज के लिए भुवन बाम ने एक ऐसा त्याग किया है, जिसकी उम्मीद उनके किसी फैन ने नहीं की थी. भुवन ने पूरे 12 साल बाद अपनी दाढ़ी कटवा कर क्लीन शेव लुक अपनाया है. सिर्फ इतना ही नहीं, इस किरदार में ढलने के लिए उन्होंने 2 साल तक चीनी को हाथ तक नहीं लगाया. आखिर क्यों भुवन बाम को बाल कटवाते समय 21 लोगों की चिंता सता रही थी? और यूट्यूब से मेनस्ट्रीम एक्टिंग में आने के बाद उन्हें कौन सा सबसे बुरा कमेंट मिला? आइए पढ़ते हैं भुवन बाम और जी न्यूज की यह खास बातचीत.

रिपोर्टर: हम एक हिस्टोरिकल फिल्म और पैट्रियोटिक सीरीज कर रहे हैं. हिस्ट्री से और स्कूल के दिनों में हिस्ट्री क्लास से आपका कितना नाता था?

भुवन बाम: मेरा स्कूल में हिस्ट्री से उतना ही नाता था जितना मेरा अभी हॉलीवुड एक्ट्रेस मेगन फॉक्स से है, यानी बहुत दूर का. मेरा हिस्ट्री से कोई लेना-देना ही नहीं था. लेकिन मेरे पिताजी की वजह से मुझे आर्कियोलॉजी का ऐसा कीड़ा काटा कि मैंने कॉलेज में हिस्ट्री ऑनर्स ही ले लिया.

रिपोर्टर: क्या यह आपके लिए बहुत डेयरिंग की बात थी?

भुवन बाम: बिल्कुल, क्योंकि घर पर पूरे टाइम नेशनल ज्योग्राफिक और डिस्कवरी चैनल चलता रहता था. उसमें दिखाते थे कि तूतनखामेन की कब्र खोदे जा रहे हैं और उसमें से चीजें निकाल रहे हैं. तो मुझे लगता था कि यह बहुत इंटरेस्टिंग है और इसे सीखना चाहिए. लेकिन मुझे यह नहीं पता था कि उसे सीखने के लिए मुझे पूरे ब्रह्मांड का इतिहास पढ़ना पड़ेगा. मैं पढ़ाई में इतना ब्राइट भी नहीं था, इसीलिए यूट्यूब पर आया वरना मेरा ऐसा कोई प्लान नहीं था. लेकिन हां, मेरी रुचि थी और हिस्ट्री मुझे अट्रैक्ट करती है. हमारे पूर्वजों ने कैसी जिंदगी जी है और किन लोगों की वजह से आज हम एसी में बैठकर आराम से हंसी-मजाक कर रहे हैं, उन सबकी कहानी बहुत अलग थी और हम सबको जाननी चाहिए.

रिपोर्टर: आपके लिए ज्यादा टफ क्या था? उस दौर को महसूस करना, उस इमोशन में जाना या फिर क्लीन शेव होना?

भुवन बाम: क्लीन शेव होना सबसे ज्यादा टफ था. मैं उस पुराने दौर में नहीं सकता लेकिन जिन लोगों ने जो कुर्बानियां दी हैं और जो झेला है, वो करना हमारे बस की बात नहीं है. आज हमें सारी सुख-सुविधाएं उन्हीं की वजह से मिली हैं. वहां शूट के दौरान 15-20 सेकंड का शॉट होता है, अगर आप उसमें पूरी तरह डूब जाओगे तो कट बोलते ही समझ आएगा कि आप तो कीचड़ में ही बैठे हो. तो वो बहुत कंफ्यूजिंग हो जाता है, आप 70 दिन तक वो गेम नहीं खेल सकते. मेरे लिए बस इतना जरूरी था कि मैं यह समझ सकूं कि उन लोगों ने क्या देखा और क्या झेला है. अगर मेरे अंदर उतनी भी एम्पैथी आ गई कि बिना किसी साधन के उन लोगों ने देश में इतना बड़ा रेवोल्यूशन लाया, तो मेरा काम हो जाएगा. बाकी मैं अपने इंस्टिंक्ट और डायरेक्टर सर की गाइडेंस पर सब संभाल लूंगा.

रिपोर्टर: आपका यह लुक बहुत बड़ा सरप्राइज था. जब लोगों ने पहली बार देखा तो दो बार मुड़कर देखा कि क्या यह सच में भुवन बाम ही हैं?

भुवन बाम: सच कहूं तो मैंने खुद को शीशे में तीन बार देखा था. मुझे आज भी अपना पहला लुक टेस्ट याद है. 12 साल के बाद मैंने क्लीन शेव किया था और इतने छोटे बाल रखे. वरना मेरे तो बहुत लंबे बाल हुआ करते थे. मैं हमेशा मानता था कि अगर मैंने अपने बाल कटा लिए तो मेरे साथ-साथ 21 किरदारों के बाल कट जाएंगे.

रिपोर्टर: यानी 21 लोगों के पेट पर लात पड़ जाती?

भुवन बाम: बिल्कुल, और मुझे वो मंजूर नहीं था. लेकिन जब मुझे इतना बड़ा प्रोजेक्ट और मौका मिला, तो मैंने सोचा कि बाल तो घर की खेती हैं, फिर से आ जाएंगे. लेकिन दाढ़ी को लेकर मैं थोड़ा पजेसिव था. फिर भी मैंने क्लीन शेव किया, अपना रूटीन सेट किया, अनुशासन में रहा और सही खाना खाया. मैंने पूरे 2 साल तक चीनी को हाथ तक नहीं लगाया.

रिपोर्टर: तो क्या आप बिना चीनी की चाय पीते थे?

भुवन बाम: हां, बिना शक्कर वाली चाय. चाय भी मैंने चार कप से घटाकर दिन में सिर्फ एक कप कर दी थी. आज भी एक ही कप पीता हूं. चीनी तो पूरी तरह छोड़ दी थी, जबकि मैं रसमलाई और नानखटाई का बहुत बड़ा शौकीन हूं. मैं पक्का चटोरा हूं. लेकिन मुझे लगा कि इतना बड़ा मौका बार-बार नहीं मिलता. हिंदी सिनेमा के इतने बड़े डायरेक्टर के साथ काम करने का मौका मिल रहा था, तो क्या मैं चीनी भी नहीं छोड़ सकता था? इसलिए मैंने सब छोड़ दिया. जब दाढ़ी कटी तो मुझे पता चला कि असली चेहरा तो नीचे छुपा था. दाढ़ी में आप हमेशा स्लिम लगते हो, लेकिन कटते ही गाल बाहर निकल आते हैं. मेरे तो दो-दो रसगुल्ले निकल आए थे! फिर मैंने उस पर मेहनत की, डाइट सही रखी और मेरा काम बन गया.

रिपोर्टर: एक यूट्यूबर से लेकर मेनस्ट्रीम एक्टिंग और 'ताजा खबर' जैसे हिट शो तक आने के सफर में आपने सबसे खराब कमेंट कौन सा सुना?

भुवन बाम: सबसे खराब कमेंट यही कि भाई अगला वीडियो कब आ रहा है? आज भी आता है और हर बार आता है. वही कमेंट मुझे सबसे ज्यादा दुख देता है. उसे देखकर मुझे लगता है कि यार मैं अपने फैंस को कब नया वीडियो दे पाऊंगा. जब भी वो कमेंट पढ़ता हूं तो लगता है कि कैसे समझाऊं कि मैं अभी कुछ और बड़ा प्लान कर रहा हूं. अब जल्द ही 'ढिंढोरा' भी आ जाएगा, तो सब ठीक हो जाएगा.

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Alkesh Kushwaha

Alkesh Kushwaha

अल्केश कुशवाहा एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 14 वर्षों से अधिक का गहन अनुभव है. वर्तमान में वे जी न्यूज हिंदी में चीफ सब-एडिटर के रूप में बॉलीवुड-वायरल सेक्शन संभाल रहे हैं. अल्केश की मुख्य विशेषज्ञता बॉलीवुड, एंटरटेनमेंट, वायरल सिनेमा ट्रेंड्स और सेलिब्रिटी एक्सक्लूसिव्स में है. साल 2012 में अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत करने वाले अल्केश ने दैनिक भास्कर, हिन्दुस्तान टाइम्स, राजस्थान पत्रिका और NDTV जैसे देश के अग्रिम मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं. अल्केश ने अपने करियर में अर्जुन रामपाल, ऋचा चड्ढा और राजपाल यादव जैसी कई दिग्गज बॉलीवुड हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यूज किए हैं. फिल्म रिव्यू, बॉक्स ऑफिस एनालिसिस, सेलिब्रिटी गॉसिप्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स का इन-डेप्थ डेटा एनालिसिस करना उनका मजबूत पक्ष है. वे पाठकों तक बॉलीवुड जगत की हर छोटी-बड़ी खबर सटीक, निष्पक्ष और विश्लेषणात्मक तरीके से पहुंचाते हैं. आप अल्केश कुशवाहा से सीधे alkesh.kushwaha@zeemedia.com पर संपर्क कर सकते हैं.
Read More