SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

8 घंटे सोना और 16 घंटे चरना... पत्नी की डाइट का बनाया मजाक, तो भड़क उठे इंटरनेट यूजर, भारी ट्रोलिंग के बाद अर्जुन बिजलानी ने पेश की सफाई

'पति पत्नी और पंगा 2' में टीवी एक्टर अर्जुन बिजलानी ने पत्नी नेहा की खाने की आदतों पर कमेंट कर एक नया विवाद खड़ा कर दिया है. इस कमेंट के बाद इंटरनेट यूजर ने एक्टर पर बॉडी-शेमिंग के आरोप लगाए हैं. वहीं भारी ट्रोलिंग का सामना करने के बाद एक्टर ने सफाई पेश करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इसे प्यार और परवाह बताया है.

Written By Jyoti Rajput
Published: Nov 23, 2026, 07:04 IST | Updated: Nov 23, 2026, 07:40 IST
Join

टीवी के पॉपुलर और फैंस के फेवरेट एक्टर अर्जुन बिजलानी इन दिनों रिएलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा 2' में अपनी पत्नी नेहा स्वामी बिजलानी के साथ नजर आ रहे हैं. शो में दोनों के बीच की तीखी नोकझोंक को फैंस काफी पसंद करते हैं, लेकिन अब मामला मस्ती और मजाक से ऊपर बढ़ गया है. दरअसल हाल ही में अर्जुन के एक बयान ने सोशल मीडिया पर एक नई बहस छेड़ दी है. शो की एक क्लिप सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोगों ने इस पर तरह-तरह की बातें करनी शुरू कर दीं. कई लोगों को लगा कि पत्नी के खाने-पीने की आदतों को लेकर अर्जुन का अंदाज ठीक नहीं था.

एक्टर ने सोशल मीडिया विवाद बढ़ता देख इस पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा और ट्रोलर्स को साफ जवाब दिया. दरअसल, वायरल वीडियो में अर्जुन बिजलानी अपनी पत्नी के रूटीन और खाने की आदतों का जिक्र करते हुए कहते हैं, 'नेहा 8 घंटे सोती होगी, पर 16 घंटे चरती रहती है.' ये लाइन सामने आते ही इंटरनेट पर लोगों का रिएक्शन का सिलसिला शुरू हो गया. कुछ लोगों ने इसे हल्के-फुल्के मजाक के तौर पर लिया, लेकिन एक हिस्से ने इसे जरूरत से ज्यादा कड़ा कमेंट मानते हुए नाराजगी जताई.

अर्जुन की सफाई और यूजर का सवाल

इस मामले को बढ़ता देख अर्जुन बिजलानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर लोगों से अपील की कि वो हर बात को गहराई से न खींचें. उन्होंने लिखा,'ये एक मजेदार शो है. #PatiPatniAurPanga2. इसे यहीं तक रहने दें. ज्यादा एनालाइज न करें.' हालांकि, उनकी इस सफाई के बाद एक यूजर ने पलटवार करते हुए पूछा कि अगर नेहा भी उनके बारे में ऐसे ही बोलतीं, तो क्या उन्हें भी ये उतना ही मजेदार लगता. उस यूजर ने आगे लिखा, 'नेशनल टेलीविजन पर अपनी पत्नी को बॉडी शेम करना और चरना जैसे शब्दों का इस्तेमाल करना मजेदार नहीं है, अगर वो आपके साथ ऐसा करती तो तब मजा नहीं आता.'

'ये परवाह है, बॉडी-शेमिंग नहीं'

सोशल मीडिया यूजर के इस सवाल पर अर्जुन बिजलानी ने साफ किया कि उनकी बात का गलत मतलब निकाला जा रहा है और उनका मकसद किसी को नीचा दिखाना या लुक्स पर कमेंट करना नहीं था. उन्होंने नेहा के लिए अपनी फिक्र और लंबे रिश्ते का हवाला देते हुए जवाब दिया, 'हमने खाने की आदतों के बारे में बात की, मैं उसकी बॉडी-शेमिंग नहीं कर रहा था. तुम लोग हर चीज को नेगेटिव नजर से देखते हो. मेरी पत्नी को हेल्थ और खाने की आदतों के बारे में बताना प्यार है, और कुछ नहीं.'

एक्टर ने आगे कहा, 'मुझे फर्क नहीं पड़ता कि दूसरे अपनी जिंदगी में क्या करते हैं, लेकिन मुझे अपनी पत्नी की परवाह है और मैं उससे प्यार करता हूं. इसलिए मैं उसे बताता रहूंगा कि उसके लिए क्या अच्छा है और वो भी मेरे साथ ऐसा कर सकती है. इसीलिए हम 23 साल से साथ हैं. हेटर्स आगे बढ़ो. नेट पर कमेंट करने के लिए कुछ और ढूंढो. बाकी आपकी मर्जी.'

शो के बारे में

इस शो का ऑफिशियल नाम 'धमाल विद पति पत्नी और पंगा - जोड़ियों का रिएलिटी चेक' है. कलर्स टीवी के इस सेलिब्रिटी कपल रिएलिटी शो के दूसरे सीजन को सोनाली बेंद्रे और मुनव्वर फारुकी होस्ट कर रहे हैं, जिसकी शुरुआत 10 अक्टूबर, 2026 को हुई थी. ऑडियंस इसे हर वीकेंड रात 9:30 बजे कलर्स टीवी पर देख सकते हैं और ये JioHotstar पर भी स्ट्रीम हो रहा है.

अर्जुन और नेहा के अलावा इस शो का हिस्सा कई जाने-माने टीवी स्टार्स भी हैं, जिसमें दिव्यांका त्रिपाठी-विवेक दहिया, शब्बीर अहलूवालिया-कांची कौल, राहुल वैद्य-दिशा परमार, मनोज तिवारी-सुरभि तिवारी, दीपिका सिंह-रोहित राज गोयल और अर्चना पूरन सिंह और परमीत सेठी भी शामिल हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

ज्योति सिंह राजपूत जी न्यूज में सब एडिटर हैं और पिछले 1 साल से ज्यादा से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. दैनिक जागरण प्रिंट और सहारा न्यूज नेटवर्क में ट्रेनिंग लेने के बाद अब Zee News में काम कर रही हैं. कुछ समय तक लाइफस्टाइल की खबरों में काम करने के बाद अब एंटरटेनमेंट में काम कर रही हैं. वहीं हॉलीवुड की खबरों और फिल्मों पर पैनी नजर रखती हैं. उन्होंने पंडित माखनलाल चतुर्वेदी नेशनल यूनिवर्सिटी (MCU) से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मास्टर डिग्री हासिल की है. आप Jyoti.Rajput@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES