)
सेलिब्रिटीज की लाइफ बाहर से जितनी चमक-धमक वाली लगती है, कई बार अंदर से उतनी ही डरावनी और परेशान करने वाली होती है. 'लॉक अप' और 'स्पिलिट्सविला X6' जैसे पॉपुलर रियलिटी शो से चर्चा में आई आकांक्षा चौधरी के साथ कुछ ऐसा हुआ जिसने सबको हिलाकर रख दिया है. पुणे में एक नवरात्रि इवेंट अटेंड करने गईं आकांक्षा के साथ वहां के ऑर्गेनाइजर्स ने न सिर्फ बेहद घटिया मिसमैनेजमेंट किया, बल्कि उनके साथ ऐसा बर्ताव किया जो किसी बुरे सपने जैसा था. एक्ट्रेस ने खुद सोशल मीडिया पर आकर अपनी आपबीती सुनाई और बताया कि कैसे उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर खतरे में डाला गया, जिसके बाद उन्हें अपनी सेफ्टी के लिए खुद हाथ तक उठाना पड़ गया.
मामला पुणे के पेड़कर ग्राउंड का है, जहां नवरात्रि के एक बड़े इवेंट में आकांक्षा चौधरी बतौर गेस्ट जाने वाली थीं. एक्ट्रेस के इंस्टाग्राम स्टोरीज के मुताबिक, इस पूरे इवेंट को मैनेज करने वाले लोग सिर्फ 18 साल के कुछ लड़के थे, जिनका मैनेजमेंट देखकर माथा ठनक जाए. इवेंट की टाइमिंग रात के 10:30 बजे खत्म होने की थी, लेकिन हद तो तब हो गई जब रात के 10:30 बजने के बाद भी ऑर्गेनाइजर्स ने उन्हें पिक करने के लिए कोई सही गाड़ी या टीम नहीं भेजी. आकांक्षा का कहना है कि जब तक उन्होंने खुद बार-बार फोन करके जोर नहीं डाला, तब तक किसी ने उन्हें लाने की सुध तक नहीं ली.
सिचुएशन तब और ज्यादा डरावनी हो गई जब आकांक्षा को जबरन एक गाड़ी में बिठाकर सीधे इवेंट ग्राउंड पर ले जाया गया. एक्ट्रेस ने पहले ही साफ कर दिया था कि उनकी टीम उनके साथ नहीं है, इसलिए वे अकेले इस तरह भीड़ के बीच अंदर नहीं जा सकतीं. लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय गाड़ी में मौजूद लड़के हंसते रहे और उनकी किसी भी बात को नजरअंदाज करते रहे. आकांक्षा ने गुस्से में बताया कि उन्हें बिल्कुल भी सेफ महसूस नहीं हो रहा था और वो लोग पूरी तरह से उनकी जान जोखिम में डाल रहे थे.
इस पूरी घटना को याद करते हुए आकांक्षा ने वीडियो में बताया कि वह लगातार चिल्ला रही थीं कि वे अंदर नहीं जा सकतीं क्योंकि उनकी टीम उनके साथ नहीं है. लेकिन वे लोग उनकी बात सुनने को तैयार ही नहीं थे. हालात इतने बिगड़ गए कि आकांक्षा को खुद अपनी सुरक्षा के लिए उन लड़कों पर हाथ उठाना पड़ गया. उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा लगा जैसे उनका किडनैप ही कर लिया गया हो. जब उन्होंने उनमें से एक को थप्पड़ मारा, तब जाकर गाड़ी रुकी. एक्ट्रेस ने साफ कह दिया है कि वे इन लोगों को बिल्कुल नहीं छोड़ेंगी और उन पर कड़े कानूनी एक्शन लेंगी.
आकांक्षा ने वहां पर केवल बदसलूकी और किडनैपिंग जैसी स्थिति नहीं बताई, बल्कि ऑर्गेनाइजर्स पर पैसे न देने का भी गंभीर आरोप लगाया है. आकांक्षा के मुताबिक, इन लोगों ने उनका चेहरा और तस्वीरें प्रमोशन के लिए इस्तेमाल कर लीं, लेकिन जब पेमेंट देने की बारी आई तो गायब ही हो गए. उन्होंने ऑर्गेनाइजर्स को चोर तक कह डाला और कहा कि इन लोगों ने सबका पैसा खा लिया है और सिर्फ फ्रॉड कर रहे हैं.
फिलहाल इस मामले में ऑर्गेनाइजर्स की तरफ से कोई सफाई सामने नहीं आई है, लेकिन आकांक्षा के इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर भूचाल आ गया है. फैंस और बाकी लोग भी लगातार यही कह रहे हैं कि ऐसे फ्रॉड और लापरवाह ऑर्गेनाइजर्स पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि आगे से किसी और सेलिब्रिटी या आर्टिस्ट को इस तरह के खौफनाक अनुभव से न गुजरना पड़े.