App

‘सिंघम’ के जुहू वाले आलीशान बंगले पर चला BMC का हथौड़ा, अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई; एक्टर ने साधी चुप्पी

Ajay Devgn Bungalow Demolished: बॉलीवुड स्टार अजय देवगन के जुहू वाले बंगले पर बीएमसी ने अचानक बड़ी कार्रवाई की है. बिना परमिशन कराए जा रहे निर्माण पर नोटिस का जवाब न मिलने पर निगम ने ये कदम उठाया. आखिर ऐसा क्या हुआ कि सीधे तोड़फोड़ की नौबत आ गई?

‘सिंघम’ के जुहू वाले आलीशान बंगले पर चला BMC का हथौड़ा, अवैध निर्माण पर बड़ी कार्रवाई; एक्टर ने साधी चुप्पी
Image Credit: अजय देवगन के जुहू वाला बंगला BMC ने तोड़ा

मुंबई की बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने बॉलीवुड स्टार अजय देवगन के खिलाफ एक बड़ा कदम उठाया है. मुंबई के बेहद पॉश माने जाने वाले जुहू इलाके में मौजूद उनके आलीशान बंगले के कुछ हिस्सों को BMC की टीम ने तोड़ दिया है. नगर निगम का कहना है कि बंगले के अंदर बिना किसी ऑफिशियल परमिशन के निर्माण कार्य चल रहा था. अधिकारियों के मुताबिक, ये कार्रवाई अचानक नहीं हुई है, बल्कि नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने के बाद ही दस्ते को मौके पर भेजा गया था.

इलाके में इस कार्रवाई के बाद से हलचल मच गई. BMC के अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक जुहू की कपोल को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में मौजूद बंगले पर ये एक्शन लिया गया. नगर निगम की टीम ने खासतौर पर बंगले के अंदरूनी हिस्से में चल रहे उस काम को रोका है, जो नियमों को ताक पर रखकर किया जा रहा था. मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने अवैध निर्माण वाले ढांचे को गिरा दिया. बताया जा रहा है कि अंदर कई बदलाव बिना ऑफिशियल मैपिंग और परमिशन के किए जा रहे थे. 

Ajay Devgn Juhu Bungalow

नोटिस मिलने के बाद भी नहीं रुका था काम

निगम की इस सख्त कार्रवाई से आसपास के लोग और बॉलीवुड गलियारों के लोग भी हैरान हैं. नगर निगम के सूत्रों का कहना है कि कार्रवाई करने से पहले उन्होंने एक्टर को बकायदा एक ‘स्टॉप वर्क’ नोटिस भी भेजा था. इस नोटिस में साफ तौर पर कहा गया था कि बंगले में चल रहे बदलाव के काम को फौरन रोक दिया जाए और जरूरी कागजात दिखाए जाएं. नोटिस मिलने के बाद एक्टर की टीम ने जवाब दाखिल करने के लिए 4 हफ्ते का समय मांगा था, लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला.

एक्टर की ओर से भी तक नहीं आया कोई बयान

जवाब न मिलने के चलते ही BMC प्रशासन ने आखिर में ये एक्शन लेने का फैसला लिया. इतनी बड़ी कार्रवाई होने के बावजूद अभी तक अजय देवगन या उनकी टीम की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है. एक्टर ने पूरे मामले पर पूरी तरह से चुप्पी साध रखी है. अभी तक ये भी साफ नहीं हो पाया है कि अजय देवगन इस कार्रवाई को कोर्ट में चैलेंज करेंगेय या फिर नियमों के तहत BMC में जरूरी दस्तावेज जमा करवाएंगे. इस खबर को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें होनी भी शुरू हो गई है.

Ajay Devgn Juhu Bungalow

मुंबई में अवैध निर्माण पर लगातार सख्ती

BMC पिछले कुछ समय से पूरी मुंबई में अवैध निर्माणों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चला रही है. चाहे कोई आम नागरिक हो या फिर बॉलीवुड का कोई बड़ा सितारा, नियमों को तोड़ने वालों पर निगम लगातार सख्त रुख अपना रहा है. निगम अधिकारियों का कहना है कि बिना मंजूरी के किसी भी रिहायशी इमारत में स्ट्रक्चरल बदलाव की इजाजत नहीं दी जा सकती. पहले भी कई फिल्मी हस्तियों के दफ्तरों और घरों पर इस तरह के एक्शन देखे जा चुके हैं. एक्टर के बंगले पर हुआ ये एक्शन इसी मुहिम का हिस्सा है.

‘दृश्यम 3’ को लेकर चर्चा में थे अभिनेता

वर्कफ्रंट की बात करें तो अजय देवगन हाल ही में अपनी सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म ‘दृश्यम 3’ को लेकर खबरों में थे. पर्दे पर गंभीर और जिम्मेदार किरदार निभाने वाले अभिनेता के पर्सनल बंगले पर इस तरह की कानूनी कार्रवाई उनके चाहने वालों के लिए एक बड़ा झटका है. फिलहाल जुहू वाले बंगले पर BMC का काम पूरा हो चुका है, लेकिन मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अभी बाकी है. प्रशासन का साफ मैसेज है कि शहर की सिक्योरिटी और नियमों के साथ किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vandana Saini

Vandana Saini

वंदना सैनी जी न्यूज में सब ए़डिटर हैं और पिछले 11 साल से डिजिटल मीडिया में काम कर रही हैं. कुछ समय तक उन्होंने नेशनल, इंटरनेशनल और पॉलिटिकल बीट पर काम किया. इसके बाद 2018 में उन्होंने इंडिया न्यूज में एंटरटेनमेंट बीट पर काम करना शुरू किया और पिछले 8 साल से लगातार में एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं. इस दौरान उन्होंने स्मार्ट हिंदुस्तान, पत्रिका और न्यूज 24 जैसे संस्थान के साथ काम किया और पिछले 2 साल से जी न्यूज के साथ काम कर रही हैं. उन्होंने दिल्ली से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएशन करने के बाद IGNOU से हिंदी में मास्टर्स किया. उन्हें पत्रकारिता के साथ कहानियां लिखने का भी शौक है. आप Vandana.saini@India.com पर सीधे ईमेल कर इनसे जुड़ सकते हैं. 
Read More