Aamir Khan: मुंबई में आमिर खान की करोड़ों वाली डील! 3 अपार्टमेंट के लिए हर महीने देंगे 38 लाख
'दंगल' एक्टर आमिर खान ने मुंबई के सांताक्रूज स्थित 'सीजन्स त्रिमूर्ति' में 38 लाख रुपये मासिक किराए पर तीन लग्जरी अपार्टमेंट चार साल की लीज पर लिए हैं. इतना ही नहीं, इससे पहले भी वो पाली हिल में करोड़ों के किराए और प्रॉपर्टी खरीद को लेकर चर्चा में रहे हैं.
मुंबई में प्रॉपर्टी की कीमतें और किराया किस कदर आसमान छू रहा है, इसका अंदाजा बॉलीवुड के 'मिस्टर परफेक्शनिस्ट' आमिर खान की नई डील से आसानी से लगाया जा सकता है. अक्सर अपनी फिल्मों को लेकर खबरों में छाए रहने वाले आमिर खान इस बार अपने नए आशियाने को लेकर सुर्खियों में हैं. प्रॉपर्टी रजिस्ट्रेशन डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, आमिर ने मुंबई के पॉश इलाके सांताक्रूज स्थित 'सीजन्स त्रिमूर्ति' में एक या दो नहीं, बल्कि पूरे तीन लग्जरी अपार्टमेंट लीज पर लिए हैं.
इन तीनों फ्लैट्स का महीने का कुल किराया 38 लाख रुपये तय हुआ है, जो किसी आम इंसान के लिए सपने जैसा लग सकता है. दस्तावेजों की मानें तो इन तीनों अपार्टमेंट्स में सबसे बड़े फ्लैट का किराया हर महीने 20 लाख रुपये है, जबकि बाकी दोनों फ्लैट्स का किराया 9-9 लाख रुपये प्रति माह रखा गया है.
4 साल की लीज, 9 कार पार्किंग की सुविधा
आमिर खान के हर अपार्टमेंट के साथ तीन कार पार्किंग की जगह भी मिली है, यानी आमिर की गाड़ियों के लिए कुल नौ पार्किंग स्पॉट रिजर्व रहेंगे. ये लीव एंड लाइसेंस एग्रीमेंट 48 महीने यानी पूरे चार साल के लिए साइन किया गया है, जो 1 जनवरी 2027 से शुरू होकर 31 दिसंबर 2030 तक चलेगा. पहले साल के हिसाब से इस किराए पर सालाना करीब 4.56 करोड़ रुपये खर्च होंगे. एग्रीमेंट की शर्तों के अनुसार हर साल किराए में 5 फीसदी की बढ़ोतरी होगी और सिक्योरिटी डिपॉजिट के तौर पर 38 लाख रुपये जमा किए गए हैं.
रेंट में ही शामिल हैं मेंटेनेंस और टैक्स के खर्चे
इस लग्जरी डील की एक खास बात ये भी है कि सोसायटी मेंटेनेंस, पानी का बिल और मौजूदा या भविष्य के प्रॉपर्टी या म्युनिसिपल टैक्स का बोझ आमिर खान पर नहीं पड़ेगा. ये सभी खर्चे महीने के किराए में ही शामिल हैं और इन्हें मकान मालिक यानी लाइसेंस देने वाला ही उठाएगा. हालांकि, एग्रीमेंट में ये साफ शर्त रखी गई है कि किराएदार अपार्टमेंट के मूल ढांचे में कोई बदलाव या परमानेंट कंस्ट्रक्शन नहीं कर सकेगा. फिलहाल इस पूरे मामले पर आमिर खान या डेवलपर की तरफ से कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है.
पाली हिल में भी करोड़ों के किराए पर ले चुके हैं फ्लैट
ये पहली बार नहीं है, जब आमिर खान ने इतनी बड़ी रेंटल डील की है. इससे पहले साल 2025 में भी उन्होंने पाली हिल के नरगिस दत्त रोड स्थित विल्नोमोना अपार्टमेंट्स में 24.5 लाख रुपये महीने के किराए पर चार फ्लैट पांच साल की लीज पर लिए थे. दिलचस्प बात ये है कि वो प्रॉपर्टी शाहरुख खान के उस टैम्प्रेरेरी घर से महज 750 मीटर दूर है, जहां किंग खान 'मन्नत' के रेनोवेशन के दौरान रह रहे हैं. दरअसल, बांद्रा की वर्गो को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी के रीडेवलपमेंट में जाने की वजह से आमिर को ये कदम उठाना पड़ा था, जहां उनके करीब 12 अपार्टमेंट बताए जाते हैं.
बांद्रा से लेकर पंचगनी तक फैली है प्रॉपर्टी
किराए के घरों के अलावा आमिर खान के पास खुद की बेशकीमती प्रॉपर्टीज की भी लंबी लिस्ट है. जून 2024 में उन्होंने पाली हिल के बेला विस्टा अपार्टमेंट्स में 9.75 करोड़ रुपये का एक फ्लैट खरीदा था. इसके साथ ही हिल व्यू, मरीना अपार्टमेंट्स और बांद्रा में समंदर के सामने भी उनके घर होने की खबरें हैं. वहीं, मुंबई की भागदौड़ से दूर महाराष्ट्र के खूबसूरत हिल स्टेशन पंचगनी में आमिर का करीब दो एकड़ में फैला एक आलीशान फार्महाउस भी है, जिसकी कीमत लगभग 7 करोड़ रुपये आंकी जाती है.